कानपुर लैंबॉर्गिनी हादसा - 4 दिन बाद तंबाकू कारोबारी का बेटा शिवम मिश्रा गिरफ्तार
कानपुर के बहुचर्चित लैंबॉर्गिनी कार हादसे को हुए चार दिन बीत चुके हैं और अब जाकर पुलिस ने तंबाकू कारोबारी के बेटे शिवम मिश्रा को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया.
Kanpur Lamborghini Accident: कानपुर के बहुचर्चित लैंबॉर्गिनी कार हादसे को हुए चार दिन बीत चुके हैं और अब जाकर पुलिस ने तंबाकू कारोबारी के बेटे शिवम मिश्रा को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया. इस गिरफ्तारी के साथ ही उस सवाल पर भी ब्रेक लग गया है कि हादसे के वक्त लग्जरी कार कौन चला रहा था.
यह हादसा कानपुर के VIP रोड पर हुआ था, जहां तेज रफ्तार लैंबॉर्गिनी कार ने कई लोगों को चपेट में ले लिया था. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी और सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हुए थे. हादसे के बाद यह बहस शुरू हो गई थी कि कार शिवम मिश्रा चला रहे थे या कोई और.
दूर हो गई सारी कंफ्यूजन
हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल यही था कि लैंबॉर्गिनी कार चला कौन रहा था. शुरुआत में इसको लेकर काफी कंफ्यूजन की स्थिति रही. हालांकि बाद में एफआईआर में शिवम मिश्रा का नाम आरोपी के तौर पर दर्ज किया गया, लेकिन उनके परिवार और वकील ने शुरू में दावा किया था कि हादसे के वक्त कार उनका ड्राइवर मोहन चला रहा था. परिजनों की ओर से यह भी कहा गया कि शिवम मिश्रा को अचानक दौरा पड़ा था, जिसकी वजह से वह गाड़ी चलाने की हालत में नहीं थे. इसी दावे के आधार पर पहले पुलिस को यह बताया गया कि ड्राइवर ही स्टेयरिंग पर था.
हालांकि पुलिस ने जब मौके के सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और तकनीकी सबूतों की जांच की, तो कहानी बदलती नजर आई. जांच के बाद पुलिस ने शिवम मिश्रा को ही हादसे के समय वाहन चालक मानते हुए उनके खिलाफ मामला दर्ज किया और आगे की कार्रवाई की.
जांच में क्या सामने आया?
हादसे के बाद पुलिस ने मौके से मिले CCTV फुटेज, चश्मदीदों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की. जांच के दौरान यह साफ हुआ कि कार से जुड़ा सीधा संबंध शिवम मिश्रा से है. इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की और फिर औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया.
VIP रोड पर क्यों मचा था हंगामा?
हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया था कि कार की रफ्तार बहुत तेज थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया. यही वजह रही कि मामला सिर्फ एक सड़क हादसा न रहकर हाई-प्रोफाइल केस बन गया.
क्यों है मामला संवेदनशील?
यह केस इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि आरोपी एक बड़े तंबाकू कारोबारी का बेटा है और हादसा लग्जरी कार से जुड़ा है. इससे पहले भी देश में ऐसे कई मामलों में रसूखदार परिवारों पर कानून को प्रभावित करने के आरोप लगते रहे हैं. ऐसे में यह मामला पुलिस और प्रशासन की निष्पक्षता की परीक्षा बन गया है.





