'तोड़ देंगे कोना-कोना', वैलेंटाइन डे नहीं, शहीदों को दो श्रद्धांजलि; पटना में हिंदू संगठन के धमकी भरे पोस्टर
बिहार के पटना में हिंदू संगठन ने पोस्टर लगाया है, जिसमें खुले तौर पर कहा गया है कि अगर कहीं 'बाबू-शोना' दिखाई दिखाई दिए तो उनका 'कोना-कोना' तोड़ दिया जाएगा.
Patna: वैलेंटाइन डे से कुछ दिन पहले बिहार की राजधानी पटना में पोस्टर लगाए गए हैं. इन पोस्टर्स में कथित तौर पर कपल रो पीटने की बात कही गई है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये पोस्टर हिंदू शिवभावानी सेना नाम के संगठन की ओर से लगाए गए हैं.
संगठन ने वैलेंटाइन डे को हिंदू संस्कृति के खिलाफ बताया है और इसे मनाने वाले जोड़ों को चेतावनी दी है. ऐसी ही पोस्टरों की खबरें मध्य प्रदेश से भी सामने आई हैं, जहां सीधे तौर वैलेंटाइन को न मनाने की बात की गई है.
पोस्टर्स में क्या लिखा है?
शहर की दीवारों और सार्वजनिक स्थानों पर चिपकाए गए इन पोस्टरों में ऐसे नारे लिखे हैं जिनमें वैलेंटाइन डे मनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई है. संगठन का दावा है कि यह त्योहार अश्लीलता को बढ़ावा देता है और 'लव जिहाद' को प्रोत्साहित करता है. पोस्टरों में यह भी कहा गया है कि संगठन के सदस्य वैलेंटाइन डे के दिन सार्वजनिक स्थानों पर नजर रखेंगे.
सोशल मीडिया पर वायरल पोस्टरों में लिखा है, 'जहां मिलेंगे बाबू-सोना, तोड़ देंगे कोना-कोना.' संगठन का कहना है कि गिफ्ट देने से शुरू होकर 14 फरवरी तक चलने वाले इस तरह के आयोजन सांस्कृतिक मूल्यों का उल्लंघन करते हैं.
संगठनों ने दी वॉर्निंग
पोस्टरों में चेतावनी दी गई है कि अगर शहर में इस तरह की गतिविधियां होती हैं तो स्वयंसेवक हस्तक्षेप करेंगे और सबक सिखाएंगे. पोस्टरों में पुलवामा हमले का भी जिक्र किया गया है और लोगों से अपील की गई है कि वे इस दिन जश्न मनाने के बजाय शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दें. ज्ञात हो कि 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में आतंकियों ने सीआरपीएफ के काफिले सुसाइड बॉम्बिंग अटैक हुआ था. जिसमें 40 जवान शहीद हो गए थे.
इस घटना के बाद राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है. राष्ट्रीय जनता दल के प्रवक्ता एजाज अहमद ने इस कदम की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े संगठन नफरत फैलाने और समाज को बांटने की कोशिश कर रहे हैं. वैलेंटाइन डे को लेकर देश के कई हिस्सों में पहले भी समय-समय पर बहस और विवाद सामने आते रहे हैं.
क्या इसी बार हो रहा है ऐसा?
यह पहली बार नहीं है जब इस तरह के पोस्टर लग रहे हैं और वैलेंटाइन डे मनाने से रोका जा रहा हो. पिछले कई सालों में ऐसे मामले सामने आए हैं जहां खुद को हिंदू संगठों से जुड़ा बताने वाले लोगों ने कपल्स के साथ बदसलूकी की और मार पिटाई की.





