Begin typing your search...

पहले पति छोड़ा, फिर दामाद; अब बहनोई के साथ फरार हो गई महिला

अप्रैल 2025 में बेटी की शादी से ठीक पहले होने वाले दामाद के साथ घर छोड़कर चली गई महिला अब करीब 10 महीने बाद उसे भी छोड़कर फरार हो गई है.

Aligarh Mother in law eloped with son in law
X

Aligarh Mother in law

( Image Source:  X/ @SachinGuptaUP )
विशाल पुंडीर
Edited By: विशाल पुंडीर

Published on: 12 Feb 2026 8:35 AM

अलीगढ़ जिले में सामने आई एक अनोखी प्रेम कहानी ने एक बार फिर रिश्तों की परिभाषा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अप्रैल 2025 में बेटी की शादी से ठीक पहले होने वाले दामाद के साथ घर छोड़कर चली गई महिला अब करीब 10 महीने बाद उसे भी छोड़कर फरार हो गई है. पीड़ित युवक राहुल कुमार ने दादों थाने पहुंचकर शिकायत दी है कि महिला 2 लाख रुपये नकद और गहने लेकर अपने बहनोई के साथ चली गई है.

हालांकि पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई से हाथ खड़े कर दिए हैं. दादों थाना पुलिस का कहना है कि घटना बिहार की है, इसलिए यहां से कोई कानूनी कार्रवाई संभव नहीं है. इस पूरे घटनाक्रम ने इलाके में फिर से सनसनी फैला दी है.

कैसे शुरू हुई थी बातचीत?

थाना दादों क्षेत्र के गांव मछरिया नगला निवासी राहुल कुमार की शादी अप्रैल 2025 में थाना मडराक के गांव मनोहरपुर में तय हुई थी. सगाई के बाद राहुल की अपनी होने वाली सास अपना देवी से मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई। धीरे-धीरे यह बातचीत नियमित होने लगी और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं. राहुल और पुलिस के मुताबिक, शादी से करीब 12 दिन पहले अपना देवी अपने पति और परिवार को छोड़कर राहुल के साथ चली गई थीं. इस घटना से दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया था.

खुद थाने पहुंचे थे दोनों?

महिला के पति ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए बिहार समेत कई राज्यों में दबिश दी. बाद में दोनों खुद दादों थाने पहुंच गए. वहां से उन्हें मडराक थाने बुलाया गया. थाने में दोनों ने एक-दूसरे के साथ रहने की सहमति जताई और जीवन भर साथ निभाने की बात कही. लिखित बयान लेने के बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया और दोनों साथ रहने लगे.

10 महीने बाद कैसे बदली कहानी?

करीब 10 महीने तक साथ रहने के बाद कहानी ने एक और मोड़ ले लिया. बुधवार दोपहर राहुल दादों थाने पहुंचा और बताया कि वह बिहार के एक जिले में रहकर फेरी लगाकर कपड़े बेचता है. उसके अनुसार, 6 फरवरी को अपना देवी उसे छोड़कर अपने बहनोई के साथ कहीं चली गई. राहुल का आरोप है कि महिला जाते समय उसके 2 लाख रुपये नकद और गहने भी साथ ले गई है. उसने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.

पुलिस ने कार्रवाई करने से क्यों किया मना?

थाने पहुंचे राहुल ने प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट कर दिया कि घटना उनके थाना क्षेत्र की नहीं है. पुलिस का कहना है कि पीड़ित बुधवार को थाने आया था. उसने कार्यालय में स्टाफ को प्रार्थना पत्र दिया है, लेकिन घटना हमारे थाना क्षेत्र की नहीं है, इसलिए कार्रवाई कार्रवाई नहीं हो पाएगी.

UP NEWS
अगला लेख