'ठाकुर हूं मैं' के बाद 'ब्राह्मण हूं मैं' वाला वीडियो वायरल, HDFC Bank केस में दूसरा पक्ष आया सामने
कानपुर के एक एचडीएफसी बैंक के ठाकुर हूं मैं वीडियो के बाद अब ब्राह्मण हूं मैं वाला वीडियो सामने आया है. ये वीडियो दूसरे पक्ष से सामने आया है.
Kanpur HDFC Bank controversy
Kanpur HDFC Bank Controversy: कानपुर के एक एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) शाखा से जुड़ा वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा में है. वायरल क्लिप में बैंक कर्मचारी आस्था सिंह किसी पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहती नजर आईं कि ‘ठाकुर हूं मैं... मेरे से ज्यादा...’ वीडियो सामने आते ही इसे ग्राहक के साथ अभद्र व्यवहार के रूप में पेश किया गया और मामला जातीय टिप्पणी से जोड़कर वायरल कर दिया गया.
हालांकि, विवाद ने तब नया मोड़ लिया जब आस्था सिंह ने खुद सामने आकर एक दूसरा वीडियो जारी किया. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह बयान किसी ग्राहक के लिए नहीं था, बल्कि बैंक की ही एक अन्य कर्मचारी के पति द्वारा की गई कथित बदतमीजी के जवाब में कहा गया था. अब इस पूरे मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है, जो खुद को ब्राह्मण समाज से जुड़ा बता रहा है.
क्या बोला दूसरा पक्ष?
इस विवाद में दूसरा पक्ष रितु त्रिपाठी का बताया जा रहा है. एबीपी न्यूज से बातचीत में रितु त्रिपाठी और उनके पति ने दावा किया कि वे बैंक के व्यवहार से पहले से ही परेशान थे. उन्होंने कहा कि बैंक मैनेजर और क्लस्टर हेड का रवैया भी ठीक नहीं था, जिसके चलते उन्हें इस्तीफा देना पड़ा. रितु त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि घटना वाले दिन विवाद की शुरुआत आस्था सिंह की ओर से हुई थी. वहीं रितु के पति ने भावुक होकर कहा 'क्या ब्राह्मण होना पाप है ? हां, मैं ब्राह्मण हूं.' रितु ने भी अपनी बात रखते हुए कहा "अगर वो ठाकुर हैं तो मैं ब्राह्मण हूं."
किस पर मानहानि की केस करेंगी आस्था सिंह?
दूसरी ओर, आस्था सिंह ने इस पूरे विवाद को गलत तरीके से पेश किए जाने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है.
आस्था सिंह ने कहा "मैं ठाकुर हूं. इस पर मुझे गर्व है. जबरदस्ती इसे जातिवाद का मुद्दा बनाया जा रहा है. हमारा जिससे विवाद हुआ वो ब्राह्मण हैं और हम ब्राह्मण का पूरा सम्मान करते हैं. मैं लीगल एक्शन लूंगी क्योंकि मेरी छवि सोशल मीडिया पर खराब हुई है. मैं उन पर मानहानि का केस करना चाहती हूं."





