कानपुर लैंबॉर्गिनी क्रैश : CCTV बनाम पिता का दावा - 'शिवम बेहोश था, ड्राइवर की लापरवाही से हुआ हादसा', किस पर करें यकीन?
यूपी के कानपुर लैंबॉर्गिनी क्रैश केस में आरोपी शिवम मिश्रा के पिता ने दावा किया कि हादसे के वक्त उनका बेटा बेहोश था. ड्राइवर की लापरवाही से यह दुर्घटना हुई. जबकि पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर शिवम का नाम FIR में जोड़ते हुए जांच तेज कर दी है.
कानपुर लैंबॉर्गिनी क्रैश केस में अब कहानी सीधी नहीं रही. जहां पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर शिवम मिश्रा को ड्राइवर मान रही है, वहीं परिवार ने एक अलग ही तस्वीर पेश कर दी है. शिवम के पिता का दावा है कि हादसे के समय उनका बेटा कार नहीं चला रहा था, बल्कि वह बेहोश था. उनका कहना है कि टेस्ट ड्राइव के दौरान शिवम की तबीयत बिगड़ी, ड्राइवर ने उसे चेक करने के लिए ध्यान हटाया और उसी क्षण दुर्घटना हो गई. अब सवाल यह है कि सच CCTV में कैद है या परिवार के बयान में? आने वाले दिनों में यही टकराव इस हाई-प्रोफाइल केस की दिशा तय करेगा.
कानपुर लैंबॉर्गिनी क्रैश केस में नया मोड़
उत्तर प्रदेश के कानपुर में कथित तौर पर छह पैदल चलने वालों को टक्कर मारने वाले लैंबॉर्गिनी हादसे ने अब कानूनी और सार्वजनिक बहस का रूप ले लिया है. आरोपी शिवम मिश्रा के पिता ने मंगलवार को बड़ा दावा करते हुए कहा कि हादसे के समय उनका बेटा कार नहीं चला रहा था, बल्कि वह बेहोश हो गया था.
‘शिवम नींद में था, ड्राइवर की चूक से हादसा
शिवम के पिता के मुताबिक, लग्ज़री कार में एक दिन पहले तकनीकी समस्या की जांच की गई थी और उसी सिलसिले में टेस्ट ड्राइव हो रही थी. उन्होंने कहा कि शिवम नींद में या बेहोशी जैसी स्थिति में लग रहा था, जिसे चेक करते समय ड्राइवर का ध्यान सड़क से हट गया और दुर्घटना हो गई. उनका यह भी दावा है कि कार धीरे चल रही थी, लेकिन अचानक सामने एक टेम्पो आ गया. टक्कर के बाद कार के दरवाजे लॉक हो गए और शिवम को बाहर निकालने के लिए खिड़की तोड़नी पड़ी.
वकील की दलील: ‘पैसेंजर सीट पर था शिवम’
शिवम के वकील मृत्युंजय कुमार ने भी दोहराया कि उनका मुवक्किल पैसेंजर सीट पर बैठा था. उन्होंने कहा कि मोहन नाम के एक व्यक्ति ने खुद को ड्राइवर बताया है. वकील ने यह भी बताया कि कोर्ट में शिवम की बेल अर्जी और जब्त की गई लैंबॉर्गिनी को छोड़ने से जुड़े मामले पर सुनवाई होने वाली है.
पुलिस का दावा: CCTV से मिले सबूत
वहीं, कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने स्पष्ट कहा कि जांच और CCTV फुटेज के आधार पर शिवम मिश्रा का नाम FIR में जोड़ा गया है. कमिश्नर के मुताबिक, “जब जांच में शिवम का नाम सामने आया, तो हम इस निष्कर्ष पर पहुंचे कि वाहन वही चला रहा था.” पुलिस का कहना है कि उपलब्ध इलेक्ट्रॉनिक और प्रत्यक्ष साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
जब्त हुई लैंबॉर्गिनी, पिता को नोटिस
कानपुर पुलिस ने लग्जरी कार को जब्त कर लिया है. साथ ही शिवम के पिता को नोटिस जारी कर बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है. जांच फिलहाल जारी है और तकनीकी व फॉरेंसिक एंगल से भी मामले की पड़ताल की जा रही है.
बड़ा सवाल: दावा बनाम डिजिटल सबूत
इस हाई-प्रोफाइल केस में अब दो अलग-अलग दावे सामने हैं .एक तरफ परिवार और बचाव पक्ष की दलील, दूसरी तरफ पुलिस का CCTV आधारित दावा. आने वाली कोर्ट सुनवाई और तकनीकी जांच इस बात पर निर्णायक भूमिका निभाएगी कि हादसे के वक्त लैंबॉर्गिनी कौन चला रहा था और जिम्मेदारी किसकी तय होगी.





