Begin typing your search...

Nitish vs Nishant: विरासत, प्रॉपर्टी और जनरेशनल शिफ्ट से समझिए बिहार की राजनीति का नया सवाल

बिहार की राजनीति में चर्चा है कि क्या मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सियासी विरासत उनके बेटे निशांत कुमार तक पहुंचेगी. संपत्ति, शिक्षा, राजनीतिक अनुभव और जनरेशनल बदलाव के आधार पर दोनों की तुलना समझिए इस एक्सप्लेनर में.

Nitish Kumar son Nishant Kumar property
X
( Image Source:  ANI )

बिहार की राजनीति में इन दिनों एक दिलचस्प बहस तेज हो गई है. क्या मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सियासी विरासत अब उनके बेटे निशांत तक पहुंचेगी? लंबे समय तक नीतीश कुमार को ऐसे नेता के रूप में देखा गया जिसने परिवारवाद से दूरी बनाए रखी. लेकिन हाल के वर्षों में निशांत कुमार सियासी सक्रियता ने बहस को नई दिशा दी है. ऐसे में नीतीश कुमार और निशांत कुमार के संपत्ति, शिक्षा, राजनीतिक अनुभव और जनरेशनल बदलाव जैसे पहलुओं से दोनों की तुलना और बेहतर कौन के बारे में लोग जानना चाहते हैं. जानें सबकुछ.

1. क्या है नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत?

नीतीश कुमार उन नेताओं में गिने जाते हैं जो आंदोलन की राजनीति से निकलकर सत्ता तक पहुंचे. उनका राजनीतिक सफर 1970 के दशक में इंदिरा गांधी सरकार के खिलाफ जेपी आंदोलन (JP Movement) से प्रभावित रहा, जिसका नेतृत्व समाजवादी नेता जयप्रकाश नारायण ने किया था. इस आंदोलन ने कई ऐसे नेताओं को जन्म दिया जिन्होंने बाद में बिहार और राष्ट्रीय राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

पटना से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद नीतीश कुमार ने राजनीति का रास्ता चुना और धीरे-धीरे सांसद, केंद्रीय मंत्री और अंततः बिहार के लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेताओं में शामिल हो गए. उनकी राजनीति प्रशासनिक सुधार, सामाजिक संतुलन और गठबंधन की रणनीति के लिए जानी जाती है. यही कारण है कि उनकी राजनीतिक विरासत केवल पद या सत्ता तक सीमित नहीं बल्कि एक लंबे राजनीतिक अनुभव और संगठनात्मक नेटवर्क से भी जुड़ी है.

निशांत की पृष्ठिभूमि क्या?

निशांत कुमार की पहचान अब तक राजनीति से दूर रहने वाले व्यक्ति की रही है. उन्होंने तकनीकी शिक्षा प्राप्त की और पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर बताए जाते हैं. उनकी पढ़ाई पटना, रांची और मसूरी जैसे शहरों में हुई.

निशांत लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन से दूर रहे और बहुत कम मौकों पर ही सार्वजनिक कार्यक्रमों में दिखाई दिए. हालांकि, हाल के वर्षों में उनकी कुछ सियासी सक्रियताओं को लेकर चर्चाओं ने यह सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि क्या वे भविष्य में सक्रिय राजनीति में उतर सकते हैं. फिलहाल, उनकी भूमिका औपचारिक रूप से किसी राजनीतिक पद या संगठन से जुड़ी नहीं है.

क्या पिता से दोगुना ज्यादा संपत्ति है निशांत के पास?

संपत्ति के लिहाज से तुलना करें तो नीतीश कुमार की छवि अपेक्षाकृत सादगीपूर्ण राजनीति करने वाले नेता की रही है. 2025 के आखिर और 2026 की शुरुआत में फाइल किए गए लेटेस्ट एसेट डिक्लेरेशन के आधार पर, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी कुल नेट वर्थ लगभग ₹1.64 करोड़ से ₹1.66 करोड़ बताई है. उनकी डिक्लेयर्ड एसेट में पिछले साल के मुकाबले लगभग ₹68,455 की मामूली बढ़ोतरी हुई है.

उनके पास इम्मूवेबल प्रॉपर्टी के रूप में रेजिडेंशियल फ्लैट द्वारका नई दिल्ली में 1,000 sq ft का एक फ्लैट है जो 2004 में ₹13.78 लाख में खरीदा गया था, जिसकी अभी कीमत लगभग ₹1.48 करोड़ है. उनके पास बिहार में कोई खेती की जमीन या रेजिडेंशियल प्रॉपर्टी नहीं है. कैश और बैंक डिपॉजिट 2025 के आखिर की रिपोर्ट के मुताबिक, उनके पास ₹20,552 कैश और लगभग ₹57,000–₹60,000 बैंक डिपॉजिट थे. पशुधन के रूप में उनके पास 10 गाय और 13 बछड़े हैं, जिनकी कीमत लगभग ₹1.45 लाख है.

नीतीश कुमार के पास 2015 मॉडल की फोर्ड इकोस्पोर्ट कार है, जिसकी कीमत ₹11.32 लाख है. उनके पास दो सोने की अंगूठियां और एक मोती जड़ी चांदी की अंगूठी है, जिसकी कीमत लगभग ₹2 लाख है. साथ ही एक ट्रेडमिल, एक्सरसाइज़ साइकिल और एक चरखा भी है. उन पर कोई लोन या कर्ज़ नहीं है.

वहीं, निशांत कुमार कुल संपत्तिः लगभग 3.5 करोड़ रुपये बताई जा रहा है, जो पिता की तुलना में दोगुना ज्यादा है. उनके पास चल संपत्ति करीब 1.63 करोड़ रुपये, अचल संपत्ति करीब 1.98 करोड़ रुपये है. उनकी संपत्ति का बड़ा हिस्सा उनकी दिवंगत मां मंजू सिन्हा (जो एक शिक्षिका थीं) से विरासत में मिला है. निशांत के पास विरासत में मिली कई संपत्तियां हैं. कल्याण बीघा नालंदा में यहां उनकी खेती योग्य और गैर-कृषि भूमि है. बख्तियारपुर के हकीकतपुर इलाके में पैतृक घर और जमीन है. पटना के कंकड़बाग इलाके में भी एक प्लॉट होने की जानकारी है.

दूसरी ओर, निशांत कुमार की घोषित संपत्ति अपने पिता से कुछ अधिक बताई जाती रही है. सार्वजनिक रिपोर्टों के अनुसार उनकी कुल संपत्ति लगभग 2.4 से 2.8 करोड़ रुपये के बीच आंकी गई है. इसमें नालंदा जिले के कल्याणबीघा में पुश्तैनी जमीन, पटना के बख्तियारपुर क्षेत्र में आवासीय संपत्ति, कंकड़बाग में प्लॉट और बैंक व निवेश से जुड़ी संपत्तियां शामिल हैं. इनमें से कई संपत्तियां उनकी मां मंजू सिन्हा की तरफ से विरासत में मिली बताई जाती हैं.

शिक्षा और पेशेवर पृष्ठभूमि में क्या अंतर है?

शिक्षा के मामले में पिता और पुत्र दोनों का संबंध तकनीकी पृष्ठभूमि से रहा है. नीतीश कुमार ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई बिहार कॉलेज आफ इंजीनियरिंग से की, जिसे आज नेशनल इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी पटना के नाम से जाना जाता है. पढ़ाई के बाद उन्होंने कुछ समय तक इंजीनियर के रूप में काम किया, लेकिन जल्द ही सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हो गए.

निशांत कुमार ने भी इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और उन्हें सॉफ्टवेयर इंजीनियर माना जाता है. हालांकि, उन्होंने तकनीकी क्षेत्र में लंबा कॉर्पोरेट करियर नहीं बनाया और निजी जीवन में ही मशगूल रहे. इस लिहाज से देखा जाए तो जहां नीतीश ने शिक्षा के बाद सीधे राजनीति का रास्ता चुना, वहीं निशांत अभी तक उस रास्ते से दूर रहे हैं. यहां पर इस बात का जिक्र जरूरी है कि जब नीतीश कुमार राजनीति में सक्रिय हुए तो उनके पिता नहीं चाहते थे कि वह ऐसा करें. करीब वही स्थिति निशांत की भी रही. वह कुछ वर्ष पूर्व तक राजनीति में सक्रिय नहीं थी. यहां तक दो दिन पहले तक उन्होंने जेडीयू तक की आधिकारिक सदस्यता भी नहीं ली थी. अब जब नीतीश कुमार सीएम का पद छोड़ राज्यसभा जाने वाले हैं, तो उन्होंने 8 मार्च को पार्टी ज्वाइन करने का फैसला लिया.

दोनों में अनुभव का अंतर कितना बड़ा?

राजनीतिक अनुभव के मामले में दोनों के बीच बहुत बड़ा अंतर है. नीतीश कुमार का सियासी सफर पांच दशक से ज्यादा पुराना है. उन्होंने छात्र राजनीति, समाजवादी आंदोलन और राष्ट्रीय राजनीति के विभिन्न चरणों से गुजरते हुए अपनी पहचान बनाई.

दूसरी तरफ निशांत कुमार का राजनीतिक अनुभव लगभग शून्य माना जाता है. उन्होंने अभी तक न तो कोई चुनाव लड़ा है और न ही किसी राजनीतिक संगठन में औपचारिक भूमिका निभाई है. यही कारण है कि अगर वे राजनीति में आते हैं तो उन्हें बिल्कुल शुरुआती स्तर से अपनी पहचान बनानी होगी.

'जनरेशनल' फैक्टर क्यों अहम ?

राजनीति में पीढ़ीगत बदलाव अक्सर बड़े राजनीतिक बदलाव का संकेत होता है. नीतीश कुमार लंबे समय से सक्रिय राजनीति में हैं और अब उनकी उम्र 70 वर्ष से अधिक हो चुकी है. ऐसे में स्वाभाविक रूप से यह सवाल उठता है कि भविष्य में उनकी राजनीतिक विरासत किसके हाथ में जाएगी.

अगर निशांत कुमार राजनीति में आते हैं तो इसे बिहार की राजनीति में एक संभावित जनरेशनल शिफ्ट के रूप में भी देखा जा सकता है. युवा नेतृत्व अक्सर नई राजनीतिक शैली, नई रणनीति और नई प्राथमिकताओं के साथ आता है. लेकिन इसके साथ यह चुनौती भी होती है कि उसे जनता के बीच स्वीकार्यता और संगठन में विश्वास हासिल करना पड़ता है.

क्या परिवारवाद की बहस को बदलेगा समीकरण?

नीतीश कुमार की राजनीति की एक प्रमुख पहचान परिवारवाद के विरोध की रही है. उन्होंने कई मौकों पर सार्वजनिक रूप से कहा कि वे अपने परिवार को राजनीति में आगे नहीं बढ़ाना चाहते. यही वजह है कि इतने लंबे राजनीतिक करियर के बावजूद उनके परिवार का कोई सदस्य सक्रिय राजनीति में नहीं दिखा.

लेकिन अगर भविष्य में निशांत कुमार राजनीति में आते हैं तो यह बहस जरूर तेज होगी कि क्या यह भी उसी तरह का राजनीतिक उत्तराधिकार होगा जैसा देश के कई अन्य दलों में देखा जाता है. समर्थकों का तर्क यह हो सकता है कि अगर निशांत जनता के बीच जाकर अपनी पहचान बनाते हैं तो इसे केवल परिवारवाद नहीं बल्कि नेतृत्व की नई पीढ़ी का उदय भी माना जा सकता है.

क्या निशांत के सामने सबसे बड़ी चुनौती पहचान की होगी?

अगर निशांत कुमार सक्रिय राजनीति में उतरते हैं तो उनकी सबसे बड़ी चुनौती अपनी स्वतंत्र राजनीतिक पहचान बनाना होगी. अभी तक वे मुख्य रूप से मुख्यमंत्री के बेटे के रूप में जाने जाते हैं. लेकिन राजनीति में टिकने के लिए संगठन, कार्यकर्ताओं और जनता के बीच भरोसा बनाना जरूरी होता है.

बिहार की राजनीति पहले से ही मजबूत क्षेत्रीय नेताओं और जटिल सामाजिक समीकरणों से भरी हुई है. ऐसे में किसी नए चेहरे के लिए जगह बनाना आसान नहीं होता. इसलिए आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या निशांत कुमार राजनीति में औपचारिक कदम रखते हैं और अगर रखते हैं तो किस तरह अपनी भूमिका तय करते हैं.

नीतीश जेपी आंदोलन से बने नेता, निशांत का क्या?

बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहचान उन नेताओं में होती है जो आंदोलन की राजनीति से निकलकर सत्ता तक पहुंचे. उनका राजनीतिक व्यक्तित्व 1970 के दशक के बड़े जेपी जनांदोलन से आकार लिया, जिसका नेतृत्व समाजवादी नेता जयप्रकाश नारायण ने किया था. इस आंदोलन से निकली पीढ़ी ने बाद में भारतीय राजनीति में अहम भूमिका निभाई, जिसमें लालू प्रसाद यादव, राम विलास पासवान, सुशील मोदी और नीतीश कुमार जैसे नेता शामिल रहे.

इसके विपरीत, निशांत कुमार की पृष्ठभूमि आंदोलन की राजनीति से नहीं जुड़ी रही है. उन्होंने तकनीकी शिक्षा हासिल की और लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन से दूरी बनाए रखी. उन्हें सॉफ्टवेयर इंजीनियर बताया जाता है और वे अपेक्षाकृत लो-प्रोफाइल जीवन जीने के लिए जाने जाते हैं. यही कारण है कि अगर भविष्य में निशांत राजनीति में आते हैं तो उनकी पहचान किसी आंदोलन से नहीं बल्कि संगठनात्मक काम, जनसंपर्क और राजनीतिक रणनीति से बननी होगी. ऐसे में उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने पिता की विरासत से अलग अपनी स्वतंत्र राजनीतिक पहचान स्थापित करने की होगी.

बिहारनीतीश कुमार
अगला लेख