Begin typing your search...

कौन हैं निशांत कुमार, जिनकी JDU में एंट्री के बाद बढ़ी सियासी चर्चा? क्या वो बिहार के नवीन पटनायक साबित होंगे

बिहार की राजनीति में निशांत कुमार की बढ़ती सक्रियता चर्चा का विषय बन गई है. विश्लेषक उनकी तुलना ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से कर रहे हैं, जो विरासत से राजनीति में आए थे. धीरेंद्र कुमार मिश्रा

Nitish Kunar son Nishant Kumar Bihar politics entry into JDU
X
( Image Source:  @BihariMan1 )

बिहार की राजनीति में इन दिनों एक नया नाम तेजी से चर्चा में है. वो नाम है निशांत कुमार. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की जनता दल युनाइटेड की गतिविधियों में बढ़ती मौजूदगी ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है. 8 मार्च को उनकी सियासी एंट्री को लेकर यह सवाल उठने लगा है कि क्या वह भविष्य में पार्टी की बड़ी जिम्मेदारी संभाल सकते हैं. बिहार के कई राजनीतिक विश्लेषक उनकी तुलना ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से भी कर रहे हैं, जो लंबे समय तक सक्रिय राजनीति से दूर रहने के बाद राज्य की राजनीति में बड़े नेता बनकर उभरे थे.

इंजीनियर निशांत कुमार कौन?

निशांत कुमार बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार के इकलौते बेटे हैं. उनका जन्म 20 जुलाई 1975 को हुआ था. उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन से दूर रहे. राजनीति से दूरी बनाए रखने के कारण वह हमेशा लो-प्रोफाइल रहे और मीडिया में भी कम ही दिखाई देते थे.

पिछले कुछ समय से वह अपने पिता के साथ राजनीतिक कार्यक्रमों और पार्टी से जुड़े आयोजनों में नजर आने लगे हैं. यही वजह है कि उनकी सक्रियता को बिहार की राजनीति में संभावित नई भूमिका के रूप में देखा जा रहा है.

नवीन पटनायक से जोड़कर क्यों देखा जा रहा है?

राजनीतिक जानकार निशांत कुमार की तुलना ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से इसलिए कर रहे हैं क्योंकि दोनों की पृष्ठभूमि में कई समानताएं दिखाई देती हैं. नवीन पटनायक भी अपने पिता और ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री बीजू पटनायक की विरासत से राजनीति में आए थे. शुरुआत में वह भी राजनीति से दूर रहते थे और लो-प्रोफाइल जीवन जीते थे. लेकिन बाद में उन्होंने बीजू जनता दल का नेतृत्व संभालकर ओडिशा की राजनीति में मजबूत पकड़ बना ली. इतना ही नहीं, देश के दो सबसे ज्यादा समय तक सीएम रहने वालों में शुमार हैं.

राजनीति में आने से पहले नवीन पटनायक ने कला, संस्कृति और भारतीय विरासत पर कई अंग्रेजी किताबें लिखीं. उनकी प्रमुख किताबों में “A Second Paradise: Indian Courtly Life 1590–1947” और “A Desert Kingdom: The People of Bikaner” शामिल हैं.

इसी तरह माना जा रहा है कि अगर निशांत कुमार सक्रिय राजनीति में पूरी तरह उतरते हैं, तो वह भी अपने पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा सकते हैं.

राजनीति में आने के बाद निशांत कुमार क्या कर सकते हैं?

अगर निशांत कुमार सक्रिय राजनीति में पूरी तरह कदम रखते हैं, तो उनकी भूमिका कई तरह से अहम हो सकती है. सबसे पहले वह JDU के संगठन को मजबूत करने में काम कर सकते हैं, खासकर युवा वर्ग के बीच. इसके अलावा पार्टी के भीतर नई पीढ़ी के नेताओं को जोड़ने और भविष्य की रणनीति बनाने में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है. आने वाले समय में वह बिहार की राजनीति में नए नेतृत्व के चेहरे के रूप में भी उभर सकते हैं.

निशांत कुमार के सामने क्या होंगी बड़ी चुनौतियां?

राजनीति में कदम रखने के बाद निशांत कुमार के सामने कई चुनौतियां भी होंगी. सबसे बड़ी चुनौती होगी अपनी स्वतंत्र पहचान बनाना. अब तक उन्हें सिर्फ नितीश कुमार के बेटे के रूप में जाना जाता रहा है, लेकिन राजनीति में उन्हें अपनी क्षमता साबित करनी होगी.

दूसरी बड़ी चुनौती होगी पार्टी के अंदर संतुलन बनाए रखना और अनुभवी नेताओं के साथ तालमेल बिठाना. इसके अलावा बिहार की जटिल सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों को समझना भी उनके लिए जरूरी होगा.

क्या बिहार को मिल सकता है नया सियासी चेहरा?

फिलहाल निशांत कुमार की भूमिका को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई बड़ा ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन उनकी बढ़ती सक्रियता ने संकेत जरूर दे दिए हैं कि बिहार की राजनीति में आने वाले समय में नया चेहरा उभर सकता है. अब देखना यह होगा कि क्या निशांत कुमार अपने पिता नितीश कुमार की तरह लंबी राजनीतिक पारी खेलते हैं या फिर यह चर्चा सिर्फ राजनीतिक अटकलों तक ही सीमित रहती है.

बिहारनीतीश कुमार
अगला लेख