जिस कप्तान ने दिलाई IPL ट्रॉफी, उसी को भूल गई KKR? कोलकाता नाइटराइडर्स की पोस्ट से गायब दिखे श्रेयस अय्यर, जमकर भड़के फैंस
IPL 2024 में कोलकाता नाइटराइडर्स को चैंपियन बनाने वाले कप्तान श्रेयस अय्यर को KKR ने 26 मई को आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाली टीम की तस्वीर से गायब रखा. इससे सोशल मीडिया पर फैंस भड़क उठे. उन्होंने फ्रेंचाइजी पर अपने ही ट्रॉफी विनिंग कप्तान को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया.
KKR की आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाली पोस्ट से गायब दिखे श्रेयस अय्यर
Shreyas Iyer Missing From KKR IPL Anniversary Post: कोलकाता नाइटराइडर्स (Kolkata Knight Riders) एक बार फिर अपने पूर्व कप्तान श्रेयस अय्यर को लेकर सोशल मीडिया विवाद में घिर गई है. आईपीएल 2024 का खिताब जीतने की दूसरी सालगिरह पर फ्रेंचाइजी ने कई पोस्ट शेयर किए, लेकिन उनमें ट्रॉफी जिताने वाले कप्तान श्रेयस अय्यर कहीं नजर नहीं आए.
26 मई 2024 को KKR ने सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर अपना तीसरा आईपीएल खिताब जीता था. इस जीत ने फ्रेंचाइजी के 10 साल लंबे इंतजार को खत्म किया था, लेकिन दो साल बाद जब KKR ने उस ऐतिहासिक जीत को याद किया, तो फैंस की नजर सबसे पहले इस बात पर गई कि पोस्ट में श्रेयस अय्यर को जगह नहीं दी गई.
मुख्य पोस्टर में आंद्रे रसेल ट्रॉफी पकड़े नजर आए, जबकि बाकी पोस्ट में फाइनल मैच के अलग-अलग मोमेंट्स और खिलाड़ियों को दिखाया गया, लेकिन कप्तान अय्यर की गैरमौजूदगी ने फैंस को नाराज कर दिया.
क्या बोले यूजर्स?
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने KKR की आलोचना की, एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “KKR एडमिन हर साल 26 मई की सुबह उठकर सबसे पहले श्रेयस अय्यर को ट्रॉफी वाली तस्वीरों से हटाते हैं.” दूसरे यूजर ने कहा- इतना मत गिरो यार. वहीं, एक अन्य फैन ने कहा कि “मतभेद अपनी जगह, लेकिन जिस कप्तान ने ट्रॉफी दिलाई उसे इस तरह नजरअंदाज करना ठीक नहीं.”
KKR के श्रेयस अय्यर को रिलीज करने पर बवाल
यह पहली बार नहीं है जब KKR पर श्रेयस अय्यर को पर्याप्त सम्मान न देने के आरोप लगे हों. 2025 मेगा ऑक्शन से पहले फ्रेंचाइजी ने अय्यर को रिलीज कर दिया था, जबकि उन्होंने टीम को चैंपियन बनाया था. बाद में Punjab Kings ने उन्हें 26.75 करोड़ रुपये में खरीदा.
श्रेयस अय्यर ने भी पहले एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्हें KKR की खिताबी जीत का उतना श्रेय नहीं मिला, जिसके वे हकदार थे. इसी वजह से फैंस के बीच यह मुद्दा लगातार चर्चा में बना हुआ है.
KKR के लिए कैसा रहा IPL 2026?
इस बीच, KKR का IPL 2026 सीजन बेहद निराशाजनक रहा. Ajinkya Rahane की कप्तानी में टीम 14 मैचों में सिर्फ 6 जीत दर्ज कर सकी और प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही. टीम को लगातार 6 हार का सामना भी करना पड़ा. अब सोशल मीडिया पर कई फैंस सवाल उठा रहे हैं कि क्या KKR और श्रेयस अय्यर के रिश्तों में दूरी अभी भी खत्म नहीं हुई है.




