ट्रोलिंग से परेशान श्रेयस की बहन Shresta Iyer का फूटा गुस्सा! KKR के 1 पॉइंट वाले वीडियो पर भी दी सफाई; बताया क्या था मकसद?
पंजाब किंग्स के आईपीएल 2026 से बाहर होने के बाद श्रेयस अय्यर की बहन श्रेष्ठा अय्यर को काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है. अब उन्होंने वीडियो शेयर कर ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है.
Shreyas Iyer Sister Shresta Iyer video
IPL 2026: आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स की शुरुआत काफी शानदार रही थी, लेकिन टूर्नामेंट का दूसरा फेज टीम के लिए बेहद खराब रहा. शुरुआत के 7 मैचों में से पंजाब किंग्स ने एक भी मैच नहीं हारा था, इस दौरान सोशल मीडिया पर पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर की बहन का एक वीडियो काफी वायरल हुआ था. दरअसल केकेआर के साथ पंजाब किंग्स का एक मैच बारिश के चलते रद्द कर दिया गया था, जिसके बाद दोनों टीमों को 1-1 अंक मिला था.
केकेआर को मिले इस 1 अंक लेकर अय्यर की बहन श्रेष्ठा ने केकेआर का मजाक बनाने की कोशिश की थी. वहीं अब आईपीएल 2026 से पंजाब किंग्स के बाहर होने के बाद उनको अपने इस वीडियो के लिए काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है. जिसको लेकर अब श्रेष्ठा ने ट्रोलर्स को जवाब भी दिया है.
1 पॉइंट वाले वीडियो पर क्या बोली श्रेष्ठा?
श्रेष्ठा अय्यर ने इंस्टाग्राम वीडियो जारी कर पूरे विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि जिस वीडियो को लेकर उन्हें निशाना बनाया जा रहा है, उसका उद्देश्य केवल हल्के-फुल्के मनोरंजन का था. उन्होंने कहा “जो वीडियो मैंने पहले बनाया था, आप लोगों ने उसे हद से ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया, जबकि उस रील का मकसद सिर्फ एक मजेदार बातचीत करना था." उन्होंने साफ किया कि उनका इरादा किसी खिलाड़ी या टीम का मजाक उड़ाना नहीं था.
आगे उन्होंने कहा कि "मैं किसी को ट्रोल नहीं कर रही थी, मेरी हंसी-मजाक के पीछे कोई बुरी मंशा नहीं थी. मैं किसी के खिलाफ नफरत नहीं फैला रही थी. मैं हर क्रिकेटर का सम्मान करती हूं क्योंकि मेरा भाई भी क्रिकेटर है."
श्रेष्ठा ने क्या लगाए आरोप?
श्रेष्ठा अय्यर ने खुलासा किया कि मामला सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कुछ लोगों ने उनके कार्यस्थल तक फोन करना शुरू कर दिया. उन्होंने कहा "मुझे आप लोगों पर तरस आता है. आप लोग मेरे कार्यस्थल पर फोन करके मुझे, मेरे सहकर्मियों, मेरे छात्रों और मेरे परिवार को गाली दे रहे हैं." उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें अलग-अलग समय पर लगातार कॉल करके परेशान किया जा रहा है.
उन्होंने भावुक अंदाज में कहा "अगर आप मुझसे नफरत करना चाहते हैं, तो करते रहिए, लेकिन मुझसे जुड़े लोगों को परेशान करना बंद कीजिए." उन्होंने अपने भाई के समर्थन में कहा कि जीत हो या हार, वह हमेशा श्रेयस अय्यर का समर्थन करती रहेंगी.
कैसा रहा PBKS का प्रदर्शन?
आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स ने 14 मैचों में से 7 में जीत और 6 में हार का सामना किया. सीजन की शुरुआत के 7 मैचों में से टीम को एक भी मुकाबले में हार नहीं मिली थी, लेकिन उसके बाद पंजाब किंग्स को लगातार 6 मैचों में हार का सामना करना पड़ा, जिसके चलते टीम प्लेऑफ में भी क्वालीफाई नहीं कर पाई.




