एलिमिनेटर में होगा ‘तूफान vs रफ्तार’! क्या वैभव सूर्यवंशी से डर गई है SRH? कमिंस बोले- उन्हें रोकने के लिए Plan B और C तैयार
IPL 2026 के एलिमिनेटर में राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला होने जा रहा है. मुकाबले का सबसे बड़ा आकर्षण 15 साल के वैभव सूर्यवंशी और SRH के कप्तान पैट कमिंस की रणनीतिक भिड़ंत होगी. वहीं ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा और जोफ्रा आर्चर की टक्कर मैच का रुख तय कर सकती है.
वैभव सूर्यवंशी और पैट कमिंस के बीच होगा जोरदार मुकाबला
IPL 2026 Eliminator, Pat Cummins vs Vaibhav Sooryavanshi, RR vs SRH Clash: आईपीएल 2026 का एलिमिनेटर सिर्फ एक नॉकआउट मैच नहीं, बल्कि विस्फोटक बल्लेबाजों और तेज गेंदबाजों की ऐसी भिड़ंत बनने जा रहा है, जिसमें एक छोटी गलती भी टीम का सीजन खत्म कर सकती है. न्यू चंडीगढ़ में राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने होंगे, लेकिन सबसे ज्यादा नजरें 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर टिकी रहेंगी.
वैभव इस सीजन IPL का सबसे बड़ा सरप्राइज साबित हुए हैं. राजस्थान रॉयल्स के इस युवा बल्लेबाज ने 14 मैचों में 568 रन ठोक दिए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 232 के पार है. खास बात यह है कि उन्होंने इसी सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 36 गेंदों में शतक जड़कर पूरी दुनिया को चौंका दिया था. यही वजह है कि अब SRH कप्तान पैट कमिंस खुलकर मान चुके हैं कि उनकी टीम वैभव के लिए सिर्फ Plan A नहीं, बल्कि Plan B और Plan C भी तैयार कर रही है.
कमिंस ने वैभव को लेकर क्या कहा?
कमिंस ने मैच से पहले कहा कि कुछ बल्लेबाज ऐसे होते हैं जो अकेले मैच छीन सकते हैं और वैभव उन्हीं में से एक हैं. उन्होंने माना कि जयपुर में वैभव ने SRH के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी थीं, लेकिन उनकी टीम ने कुछ मौकों पर अच्छी गेंदबाजी भी की थी. अब SRH उसी अनुभव से सीखकर नई रणनीति के साथ उतरेगी.
कुल मिलाकर, SRH इस बार वैभव को खुलकर खेलने का मौका नहीं देना चाहती. कमिंस खुद नई गेंद लेकर आ सकते हैं. उनका प्लान होगा कि शरीर पर शॉर्ट गेंदें फेंकी जाएं ताकि वैभव को पुल और हुक खेलने में परेशानी हो. यही रणनीति इस सीजन मोहसिन खान ने अपनाई थी और वैभव को कुछ हद तक रोका भी था.
यशस्वी जायसवाल को कैसे रोकेगी SRH?
हालांकि, राजस्थान के पास सिर्फ वैभव ही नहीं, यशस्वी जायसवाल भी हैं... लेकिन SRH ने इस सीजन जायसवाल को ऑफ स्टंप के बाहर गेंदबाजी कर परेशान किया है. ऐसे में शुरुआती 6 ओवर मैच का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट बन सकते हैं. इसके अलावा, राजस्थान के पास ध्रुव जुरेल, डोनोवन फरेरा और शुभम दुबे जैसे बल्लेबाज भी हैं, जो तेजी से रन बना सकते हैं.
राजस्थान के सामने सबसे बड़ी चुनौती क्या होगी?
दूसरी तरफ राजस्थान के सामने सबसे बड़ी चुनौती होगी ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा की आक्रामक बल्लेबाजी... दोनों बल्लेबाज पावरप्ले में मैच पलटने की क्षमता रखते हैं. ऐसे में राजस्थान की उम्मीदें जोफ्रा आर्चर पर टिकी होंगी.
आर्चर ने इस सीजन पावरप्ले में शानदार गेंदबाजी की है. उन्होंने हेड और अभिषेक दोनों को आउट भी किया है, लेकिन आंकड़े बताते हैं कि हेड और अभिषेक दोनों आर्चर के खिलाफ तेज रन बनाते हैं. ऐसे में राजस्थान को आर्चर का इस्तेमाल छोटे लेकिन आक्रामक स्पेल में करना पड़ सकता है.
ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन को कैसे रोकेगी राजस्थान?
SRH के लिए ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन भी बड़े खतरे हैं. हालांकि राजस्थान को उम्मीद होगी कि रविंद्र जडेजा इन दोनों बल्लेबाजों को रोक सकते हैं. किशन और क्लासेन दोनों का रिकॉर्ड जडेजा के खिलाफ बहुत शानदार नहीं रहा है, लेकिन चिंता की बात यह है कि जडेजा पूरी तरह फिट नहीं हैं.
दिलचस्प बात यह है कि वैभव सूर्यवंशी के शतक वाले मैच में भी SRH ने 229 रन का लक्ष्य सिर्फ 18.3 ओवर में हासिल कर लिया था. यानी दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला पूरी तरह बल्लेबाजी के तूफान में बदल सकता है. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या वैभव एक बार फिर SRH पर भारी पड़ेंगे, या फिर पैट कमिंस की रणनीति इस बार युवा सनसनी को रोकने में सफल होगी.




