IPL 2026: लीग स्टेज के 70 मैचों के बाद किसके सिर पर सजी है Purple और Orange Cap? देखें लिस्ट
IPL 2026 के लीग स्टेज के 70 मुकाबले खत्म हो चुके हैं और अब फैंस की नजर प्लेऑफ के साथ-साथ ऑरेंज और पर्पल कैप की रेस पर भी है. बल्लेबाजी में गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन सबसे आगे हैं, जबकि गेंदबाजी में आरसीबी के भुवनेश्वर कुमार और गुजरात के कैगिसो रबाडा के बीच कांटे की टक्कर चल रही है.
लीग स्टेज खत्म होने के बाद पर्पल और ऑरेंज कैप किसके पास?
IPL 2026 Orange Purple Cap List After League Stage: दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइटराइडर्स के बीच ईडन गार्डन्स में हुए मैच के साथ आईपीएल 2026 के लीग स्टेज का अंत हो गया. अब प्लेऑफ में 4 टीमों के बीच ट्रॉफी के लिए कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), सनराइजर्स हैदराबाद (SRH), गुजरात टाइटंस (GT) और राजस्थान रॉयल्स (RR) ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की की है. ऐसे में फैंस के मन में सवाल उठ रहे हैं कि इस समय ऑरेंज और पर्पल कैप किसके सिर पर सजी है.
प्लेऑफ के मुकाबले 26 मई से शुरू होंगे. क्वालीफायर-1 RCB और GT के बीच धर्मशाला में खेला जाएगा. इसमें जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंच जाएंगी. वहीं, 27 मई को एलिमिनेटर में न्यू चंडीगढ़ में SRH की भिड़ंत RR से होगी.
इसके बाद क्वालीफायर-2 न्यू चंडीगढ़ में 29 मई को खेला जाएगा, जिसमें क्वालीफायर-1 हारने वाली टीम का मुकाबला एलिमिनेटर में जीतने वाली टीम से होगा. इसमें जीत दर्ज करने वाली टीम 31 मई को ट्रॉफी के लिए अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में क्वालीफायर-1 की विनर से भिड़ेगी.
किसके सिर पर सजी है पर्पल कैप?
टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी के सिर पर पर्पल कैप होती है. इस समय यह कैप RCB के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के सिर पर है. उन्होंने 14 मैचों में 24 विकेट चटकाए हैं. इस दौरान उनका औसत 18.50 का है. गुजरात के तेज गेंदबाज कैगिसो रबाडा के भी 14 मैच में 24 विकेट हैं, लेकिन उनका औसत 20.54 का है. इस वजह से वे दूसरे स्थान पर हैं.
राजस्थान के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं. उनके नाम 14 मैचों में 21.71 की औसत से 21 विकेट दर्ज हैं. चौथे नंबर पर चेन्नई सुपरकिंग्स के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज हैं, जिन्होंने 14 मैचों में 25.24 की औसत से 21 विकेट चटकाए हैं. गुजरात के स्पिनर राशिद खान पांचवें नंबर पर हैं. उन्होंने 14 मैचों में 21.95 की औसत से 19 विकेट चटकाए हैं.
ऑरेंज कैप किसके सिर पर है?
ऑरेंज कैप की बात करें तो गुजरात टाइटंस के युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन इस समय सबसे आगे हैं. उन्होंने 14 मैचों में 49.08 की औसत और 157.92 की स्ट्राइक रेट से 638 रन बनाए हैं. उनके ठीक पीछे कप्तान शुभमन गिल हैं, जिन्होंने गिल ने 13 मैचों में 47.38 की औसत और 161. 68 की स्ट्राइक रेट से 616 रन बनाए हैं.
सनराइजर्स हैदराबाद के हेनरिक क्लासेन लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं. उन्होंने 14 मैचों में 159.47 की स्ट्राइक रेट और 50.50 की औसत से 606 रन बनाए हैं. दिल्ली कैपिटल्स के केएल राहुल लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं. उन्होंने 14 मैचों में 45.62 की औसत और 174.41 की स्ट्राइक रेट से 593 रन बनाए हैं.
वैभव सूर्यवंशी लिस्ट में पांचवें नंबर पर हैं, राजस्थान रॉयल्स के 15 साल के इस खिलाड़ी ने 14 मैचों में 232.27 की स्ट्राइक रेट और 41.64 की औसत के साथ 583 रन बनाए हैं.




