Noida Heat Wave: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच सबसे बड़ा खतरा डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का बनकर सामने आ रहा है. इसी बीच स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने और अपनी दिनचर्या में जरूरी बदलाव करने की सलाह दी है. सीएमओ और हीट नोडल अधिकारी डॉ. टीम सिंह ने बताया कि इस मौसम में शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन सबसे बड़ी समस्या बनती है, जिससे व्यक्ति न सिर्फ थकान और कमजोरी महसूस करता है, बल्कि चिड़चिड़ापन और लो एनर्जी जैसी दिक्कतें भी बढ़ जाती हैं. उन्होंने कहा कि गर्मी से बचाव के लिए सबसे जरूरी है कि लोग लगातार पानी पीते रहें, चाहे प्यास लगे या नहीं. साथ ही हल्का भोजन, ढीले और हल्के रंग के कपड़े पहनना तथा चाय-कॉफी और शराब से दूरी बनाना बेहद जरूरी है. डॉक्टरों के अनुसार ये पेय पदार्थ शरीर में डिहाइड्रेशन को और बढ़ा सकते हैं.