क्या यश दयाल को टीम से बाहर कर दिया गया है? IPL 2026 में नहीं खेलने को लेकर RCB के तेज गेंदबाज ने तोड़ी चुप्पी, जानें क्या कहा
RCB के तेज गेंदबाज यश दयाल ने आखिरकार IPL 2026 से बाहर रहने पर चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने साफ कहा कि टीम ने उन्हें बाहर नहीं किया है. वह अब भी स्क्वॉड का हिस्सा हैं. विवादों और कानूनी मामलों के बीच दयाल ने बताया कि वह RCB मैनेजमेंट के लगातार संपर्क में हैं.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के तेज गेंदबाज यश दयाल ने आखिरकार IPL 2026 से अपनी गैरमौजूदगी पर चुप्पी तोड़ी है. पूरे सीजन टीम से बाहर रहने के बाद पहली बार उन्होंने खुलकर बताया कि वह अब भी RCB स्क्वॉड का हिस्सा हैं. फ्रेंचाइजी ने उन्हें बाहर नहीं किया है.
पिछले कुछ महीनों से लगातार ऐसी चर्चाएं चल रही थीं कि यश दयाल टीम से अलग हो चुके हैं, क्योंकि वह RCB के ट्रेनिंग कैंप, सोशल मीडिया प्रमोशन और टीम एक्टिविटीज में नजर नहीं आ रहे थे. हालांकि, अब खुद यश ने साफ कर दिया है कि सीजन से बाहर रहने का फैसला उनका निजी फैसला नहीं था.
यश दयाल ने क्या कहा?
‘Talk with Manvendra’ पॉडकास्ट में बातचीत करते हुए यश दयाल ने कहा, “उन्होंने मुझे टीम से नहीं निकाला है और ना ही किसी रिप्लेसमेंट का ऐलान किया है. शायद वो अब भी मुझे स्क्वॉड का हिस्सा मानते हैं. इस सीजन बाहर रहने का फैसला मेरा व्यक्तिगत फैसला नहीं था. यह बयान विवादित हो सकता है, लेकिन फैसले हमेशा अथॉरिटीज लेती हैं. मुझे IPL बहुत याद आता है और लगता है कि मुझे वहां होना चाहिए था.”
'RCB मैनेजमेंट के साथ लगातार संपर्क बना हुआ है'
यश ने यह भी बताया कि उनका RCB मैनेजमेंट के साथ लगातार संपर्क बना हुआ है. उन्होंने कहा कि कभी टीम मैनेजमेंट उन्हें कॉल करता है तो कभी वह खुद बात करते हैं. उन्होंने फ्रेंचाइजी डायरेक्टर और टीम मेंटर दिनेश कार्तिक से भी नियमित बातचीत होने की बात कही.
IPL 2024 और 2025 में RCB के लिए अहम भूमिका निभाने वाले यश दयाल पिछले दो सीजन में टीम के प्रमुख तेज गेंदबाजों में शामिल रहे थे. डेथ ओवर्स में उनकी गेंदबाजी और दबाव में विकेट निकालने की क्षमता ने उन्हें टीम का भरोसेमंद खिलाड़ी बनाया था. हालांकि, पिछले कुछ समय से वह विवादों में भी घिरे रहे हैं.
क्या RCB ने खत्म कर दिया यश दयाल का कॉन्ट्रैक्ट?
रिपोर्ट्स के मुताबिक BCCI के Centre of Excellence और Uttar Pradesh Cricket Association उनसे लंबे समय तक संपर्क नहीं कर पाए थे. इसके अलावा उन पर शोषण के आरोप और एक अलग POCSO केस से जुड़े विवाद भी सामने आए थे. इन तमाम विवादों और अनिश्चितताओं के बावजूद RCB ने अभी तक उनका कॉन्ट्रैक्ट खत्म नहीं किया है. फ्रेंचाइजी फिलहाल IPL 2026 के प्लेऑफ अभियान में जुटी हुई है और मंगलवार को उसका मुकाबला Gujarat Titans से होना है.




