Begin typing your search...

45 डिग्री की तपिश के बाद बदलेगा मौसम का मिजाज! दिल्ली-NCR में कब होने वाली है बारिश?

दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. IMD के मुताबिक 28 मई से मौसम बदल सकता है और लोगों को हीटवेव से राहत मिलने की संभावना है.

45 डिग्री की तपिश के बाद बदलेगा मौसम का मिजाज! दिल्ली-NCR में कब होने वाली है बारिश?
X

IMD Weather Forecast: Delhi-NCR समेत उत्तर भारत के कई इलाके इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं. तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. मंगलवार 27 मई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया. लगातार कई दिनों से पड़ रही प्रचंड गर्मी की वजह से दिन के समय सड़कें लगभग खाली नजर आ रही हैं और लोगों को घरों में रहने पर मजबूर होना पड़ रहा है.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले 3 से 4 दिनों तक उत्तर भारत में हीटवेव का असर जारी रह सकता है. दिल्ली-NCR में दिन के समय तेज धूप के साथ गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों को खासतौर पर दोपहर के समय बेवजह बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है.

कब बदले दिल्ली के मौसम का मिजाज़?

भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत की संभावना भी जताई है. IMD के अनुसार 28 मई से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है.

मौसम विभाग ने 29 मई के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है. अनुमान है कि इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. तेज हवा और बारिश की वजह से लोगों को कुछ हद तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

पहाड़ी राज्यों में भी बदलेगा मौसम

उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में भी मौसम करवट ले सकता है. मौसम विभाग ने उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश होने का अनुमान जताया है. वहीं उत्तर प्रदेश में 28 मई से 31 मई तक कई इलाकों में आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है.

राजस्थान में भी मौसम अचानक बदल सकता है. यहां कुछ इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

मौसम विभाग ने बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं. डॉक्टर्स का कहना है किि शरीर में पानी की कमी न होने दें और ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं, ORS या अन्य हाइड्रेशन ड्रिंक का इस्तेमाल करें. दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, हल्के रंग और ढीले कपड़े पहनें, बच्चों, बुजुर्गों और पालतू जानवरों का विशेष ध्यान रखें.

इसके साथ ही सलाह दी जा रही है कि दोपहर के समय ज्यादा मेहनत वाले या बाहरी काम करने से बचें, आंधी और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों पर खड़े न रहें और तेज हवा के दौरान पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूरी बनाकर रखें

अगला लेख