आंखें नम, चेहरा बुझा हुआ! 29 गेंद में 97 रन बनाकर भी रो पड़ा 15 साल का वैभव, सिर्फ 3 रन से टूटते-टूटते रह गया गेल का रिकॉर्ड
15 साल के Vaibhav Sooryavanshi ने IPL 2026 एलिमिनेटर में ऐसी तूफानी पारी खेली, जिसे देखकर पूरी क्रिकेट दुनिया दंग रह गई, लेकिन 29 गेंदों पर 97 रन बनाकर आउट होने के बाद उनकी आंखों में दिखा दर्द बता गया कि यह सिर्फ एक पारी नहीं, बल्कि इतिहास से तीन रन दूर रुक जाने का दर्द था.
क्रिकेट कभी-कभी सिर्फ रन, रिकॉर्ड और जीत-हार का खेल नहीं रहता. कुछ पारियां ऐसी होती हैं जो सीधे दिल में उतर जाती हैं. आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर में Rajasthan Royals के 15 साल के बल्लेबाज Vaibhav Sooryavanshi ने ऐसी ही एक पारी खेली, जिसे शायद क्रिकेट फैंस सालों तक याद रखेंगे.
मुल्लांपुर के मैदान पर सामने थी Sunrisers Hyderabad जैसी खतरनाक टीम. मुकाबला नॉकआउट का था. दबाव बड़ा था, लेकिन वैभव ने शुरुआत से ही ऐसा खेल दिखाया, मानो उन्हें डर नाम की कोई चीज पता ही नहीं... पहली ही गेंदों से उन्होंने गेंदबाजों पर हमला शुरू कर दिया. छक्के ऐसे निकल रहे थे जैसे नेट प्रैक्टिस चल रही हो, मैदान के हर कोने में गेंद जा रही थी और सनराइजर्स के कप्तान Pat Cummins के चेहरे पर बेचैनी साफ दिखाई देने लगी थी.
Suresh Raina के IPL प्लेऑफ इतिहास के सबसे तेज अर्धशतक की बराबरी
वैभव ने सिर्फ 16 गेंदों में फिफ्टी ठोक दी और Suresh Raina के IPL प्लेऑफ इतिहास के सबसे तेज अर्धशतक की बराबरी कर ली, लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने मैच को किसी वीडियो गेम जैसा बना दिया.
15 साल का यह बल्लेबाज लगातार गेंदबाजों को स्टैंड्स में भेजता रहा. 12 छक्के... सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन... और पूरा स्टेडियम खड़ा होकर तालियां बजा रहा था. ऐसा लग रहा था कि आज शायद Chris Gayle का 30 गेंदों वाला ऐतिहासिक शतक भी टूट जाएगा.
सिर्फ 3 रन चाहिए थे. पूरा क्रिकेट जगत सांस रोककर बैठा था, लेकिन तभी प्रफुल हिंगे की गेंद पर वैभव बड़ा शॉट खेलने गए और कैच आउट हो गए. जैसे ही कैच पकड़ा गया, पूरे मैदान में अचानक सन्नाटा सा छा गया. वैभव कुछ सेकंड तक वहीं खड़े रहे. उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा था कि इतिहास उनके हाथ से इतनी करीब आकर निकल गया.
कैमरों में साफ दिखा दर्द
जब वह पवेलियन की ओर लौट रहे थे, कैमरों ने उनके चेहरे पर दर्द साफ कैद किया. आंखें नम थीं. चेहरा बुझा हुआ था. यह सिर्फ आउट होने का दुख नहीं था. यह उस सपने के टूटने का दर्द था, जो बस तीन रन दूर था... लेकिन शायद यही पल वैभव सूर्यवंशी को और बड़ा खिलाड़ी बनाएगा, क्योंकि 15 साल की उम्र में जिस तरह उन्होंने IPL के सबसे बड़े मंच पर दुनिया के दिग्गज गेंदबाजों को रौंद दिया, उसने साफ कर दिया कि भारतीय क्रिकेट को उसका अगला सुपरस्टार मिल चुका है.
इस पारी के साथ वैभव ने कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी तोड़ दिए. उन्होंने Chris Gayle के 59 छक्कों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए एक IPL सीजन में 65 छक्के पूरे कर लिए. साथ ही वह IPL इतिहास में एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले अनकैप्ड बल्लेबाज भी बन गए... लेकिन इन रिकॉर्ड्स से ज्यादा लोग शायद उस तस्वीर को याद रखेंगे - एक 15 साल का लड़का, जिसने दुनिया के सबसे बड़े T20 मंच पर तूफान ला दिया... और फिर 97 रन पर आउट होकर आंखों में आंसू लिए पवेलियन लौट गया...




