12 छक्के, 5 चौके और स्ट्राइक रेट 334.48 का... महज 3 रन से गेल का सबसे तेज शतक जड़ने का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए वैभव सूर्यवंशी
15 साल के Vaibhav Sooryavanshi ने IPL 2026 के एलिमिनेटर में ऐसी बल्लेबाजी की, जिसने प्लेऑफ क्रिकेट का पूरा इतिहास हिला दिया. सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन ठोककर उन्होंने पावरप्ले से लेकर छक्कों तक कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए.
वैभव सूर्यवंशी
Vaibhav Sooryavanshi ने IPL 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले को अपने बल्ले से यादगार बना दिया. Rajasthan Royals के इस 15 साल के बल्लेबाज ने Sunrisers Hyderabad के खिलाफ ऐसी तूफानी पारी खेली कि पूरा स्टेडियम हैरान रह गया. वैभव शतक से सिर्फ 3 रन दूर रह गए, लेकिन 29 गेंदों में 97 रन की उनकी पारी ने कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़ दिए. उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 12 विशाल छक्के लगाए. खास बात यह रही कि उन्होंने शुरुआत से ही SRH के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया और मैच का पूरा रुख बदल दिया.
हालांकि, अंत में प्रफुल हिंगे की गेंद पर वह आउट हो गए. हिंगे ने शॉर्ट और वाइड गेंद फेंकी, जिस पर वैभव ने थर्ड मैन के ऊपर अपर कट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद ज्यादा दूर नहीं जा सकी और स्मरण रविचंद्रन ने शानदार कैच पकड़ लिया. आउट होने के बाद वैभव खुद भी निराश नजर आए, क्योंकि वह IPL प्लेऑफ इतिहास के सबसे कम उम्र के शतकवीर बनने से चूक गए.
रिकॉर्ड्स की हुई बारिश
लेकिन शतक भले नहीं आया, रिकॉर्ड्स की बारिश जरूर हो गई. यह IPL प्लेऑफ इतिहास में दूसरी सबसे तेज टीम सेंचुरी भी रही. राजस्थान ने सिर्फ 7.2 ओवर में 100 रन पूरे कर लिए. इससे तेज सिर्फ Chennai Super Kings ने 2014 में पंजाब के खिलाफ 6 ओवर में 100 रन बनाए थे.
पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड
वैभव ने इस सीजन पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. उनके नाम अब IPL 2026 में पहले 6 ओवरों में 490 रन हो चुके हैं, जो किसी भी बल्लेबाज द्वारा एक सीजन में सबसे ज्यादा हैं. उन्होंने David Warner का पुराना रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया.
इतना ही नहीं, न्यू चंडीगढ़ में SRH के खिलाफ ही वैभव ने पावरप्ले में 8 छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाया, जो IPL इतिहास में पहले 6 ओवरों में किसी बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा छक्के हैं. प्लेऑफ मुकाबलों में पावरप्ले के अंदर 50+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में भी वैभव अब तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. उनसे ऊपर सिर्फ Suresh Raina और Adam Gilchrist हैं.
IPL 2026 अब सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं रहा, बल्कि वैभव सूर्यवंशी के उभरते सुपरस्टार बनने की कहानी बन चुका है. जिस अंदाज में वह बड़े मैचों में बल्लेबाजी कर रहे हैं, उसने साफ कर दिया है कि भारतीय क्रिकेट को आने वाले सालों का नया विस्फोटक सितारा मिल चुका है.




