BCL 2026: ग्रेटर नोएडा में पहली बार होगी बिग क्रिकेट लीग, धवन-गेल समेत कई दिग्गज दिखाएंगे दम; तैयारियों में जुटा प्राधिकरण
ग्रेटर नोएडा में पहली बार बिग क्रिकेट लीग (BCL) का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें शिखर धवन, क्रिस गेल और हरभजन सिंह जैसे दिग्गज खिलाड़ी खेलते नजर आएंगे. 3 जून से 13 जून तक चलने वाले इस टूर्नामेंट के सभी मैच फ्री एंट्री के साथ ग्रेटर नोएडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले जाएंगे.
Greater Noida में पहली बार होगा Big Cricket League
Big Cricket League 2026 In Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है. पहली बार बिग क्रिकेट लीग (बीसीएल) का आयोजन ग्रेटर नोएडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के क्रिकेट ग्राउंड में किया जाएगा. 3 जून से शुरू होने वाला यह टूर्नामेंट 13 जून तक चलेगा, जिसमें भारत और दुनिया के कई दिग्गज क्रिकेटर मैदान पर नजर आएंगे.
टूर्नामेंट में शिखर धवन, हरभजन सिंह, क्रिस गेल, रॉस टेलर, थिसारा परेरा और तिलकरत्ने दिलशान जैसे अंतरराष्ट्रीय सितारे हिस्सा लेंगे. क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी खबर यह है कि सभी मैचों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निशुल्क रहेगा और दर्शकों के लिए पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी.
'छह फ्रेंचाइजी टीमें टी-20 प्रारूप में कुल 18 मुकाबले खेलेंगी'
बिग क्रिकेट लीग के मुख्य संरक्षक पुनीत सिंह के अनुसार, इस टूर्नामेंट में छह फ्रेंचाइजी टीमें टी-20 प्रारूप में कुल 18 मुकाबले खेलेंगी. लीग की मौजूदा चैंपियन मुंबई मरींस है. इस लीग की सबसे बड़ी खासियत यह है कि देशभर से चुने गए 60 शौकिया क्रिकेटरों को इन दिग्गज खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिलेगा. इसके अलावा कई पूर्व आईपीएल खिलाड़ी भी प्रतियोगिता का हिस्सा होंगे.
टूर्नामेंट का प्रसारण किस पर होगा?
टूर्नामेंट का सीधा प्रसारण भारत में यूरो स्पोर्ट्स पर किया जाएगा, जबकि डिजिटल स्ट्रीमिंग फैनकोड पर उपलब्ध रहेगी. आयोजकों के अनुसार, लीग से जुड़े विभिन्न नेटवर्क के माध्यम से इस 11 दिवसीय प्रतियोगिता का प्रसारण 25 से अधिक देशों में किया जाएगा.
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ ने क्या कहा?
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण भी इस आयोजन में सहयोगी की भूमिका निभा रहा है. प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एनजी रवि कुमार के निर्देश पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) प्रेरणा सिंह ने संबंधित विभागों की बैठक कर सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए हैं. क्रिकेट ग्राउंड और आसपास के क्षेत्र में आवश्यक व्यवस्थाएं तेजी से की जा रही हैं. वहीं, लीग कमिश्नर दिलीप वेंगसरकर ने कहा कि बीसीएल का उद्देश्य विश्वस्तरीय क्रिकेट मंच तैयार करना है, जिससे युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और महान खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिल सके.




