ग्रेटर नोएडा: दादी की फटकार का लिया बदला, 21 साल के गोपाल की साथियों ने की ऐसी बेरहम हत्या, 7 दिन बाद पुलिस ने खोला केस
ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में 15 वर्षीय गोपाल शर्मा की हत्या का पुलिस ने 7 दिन बाद खुलासा किया. जांच में सामने आया कि गोपाल अपने साथियों के साथ हुक्का पीता था और दादी की फटकार के बाद आरोपियों ने उससे रंजिश पाल ली. 21 मई को उसे बहाने से बुलाकर तंबाकू ज्यादा मात्रा में पिलाया गया और फिर सिर को दीवार पर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया.
ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र के बनवारीवास गांव में 15 वर्षीय गोपाल शर्मा की हत्या के मामले का पुलिस ने सात दिन बाद बड़ा खुलासा किया है. पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें से दो के पैर में गोली लगी है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आइए जानते हैं कैसे आरोपी ने इस हत्या को अंजाम दिया.
लापता होने से शव मिलने तक की जांच
21 मई को गोपाल शर्मा के लापता होने की सूचना पुलिस को मिली थी. इसके बाद कई टीमों का गठन कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. जांच के दौरान पुलिस ने रोही गांव स्थित एक खाली पड़े मकान से गोपाल का शव बरामद किया था, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके सिर पर गंभीर चोट की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया.
मुठभेड़ में गिरफ्तारी, तीन आरोपी पकड़े गए
पुलिस के मुताबिक मंगलवार को चेकिंग के दौरान एक बाइक पर तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए. रोकने पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल हो गए, जबकि तीनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोही गांव निवासी नरेश और मोहित तथा बिहार के चंपारण निवासी उमेश के रूप में हुई है.
हुक्का विवाद से जुड़ा है मामला
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक गोपाल अक्सर आरोपियों के साथ बैठकर हुक्का पीता था. कुछ दिन पहले उसकी दादी ने उसे हुक्का पीने से मना किया था और आरोपियों को भी फटकार लगाई थी. इसी बात से आरोपी नाराज हो गए थे.
सिर पर चोट से हुई मौत
पुलिस के अनुसार, 21 मई को जब गोपाल आरोपियों के पास गया, तो उन्होंने हुक्के में अधिक मात्रा में तंबाकू भरकर उसे पिला दिया. इसके बाद उसे एक खाली मकान में ले जाकर उसका सिर दीवार से टकरा दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया. बाद में उसकी मौत हो गई.
अफवाहों पर पुलिस की सख्त चेतावनी
ज्वाइंट सीपी गौतमबुद्ध नगर राजीव नारायण मिश्र ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर फैल रही कुकर्म, अंग काटने या तेजाब जैसी बातें पूरी तरह भ्रामक हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ऐसी किसी भी घटना की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें. फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है और मामले की आगे जांच की जा रही है.




