‘भारत बने वर्ल्ड क्रिकेट का सबसे बड़ा पावरहाउस’, रोहित शर्मा ने बताया अपना ड्रीम, कहा- बेखौफ होकर खेलते हैं आज के खिलाड़ी
रोहित शर्मा ने कहा है कि उनका सपना भारत को दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट ताकत बनाना है. उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों के बेखौफ अंदाज की तारीफ की और कहा कि आने वाले सालों में भारतीय क्रिकेट और ऊंचाइयों पर जाएगा.
रोहित शर्मा
Rohit Sharma statement on Indian cricket: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा ने साफ कर दिया है कि उनका सपना सिर्फ मैच जीतना नहीं, बल्कि भारत को दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट ताकत बनाना है. करीब दो दशक तक भारतीय क्रिकेट की सेवा करने वाले रोहित ने मुंबई इंडियंस के ESA डे इवेंट में कहा कि पिछले कुछ सालों में भारतीय क्रिकेट जिस तरह आगे बढ़ा है, वह गर्व की बात है.
रोहित ने कहा कि भारत ने पुरुष क्रिकेट ही नहीं, बल्कि महिला क्रिकेट और जूनियर स्तर पर भी लगातार शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने 2024 टी20 वर्ल्ड कप, महिला वर्ल्ड कप, अंडर-19 वर्ल्ड कप और ICC Champions Trophy जैसे टूर्नामेंट्स का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय क्रिकेट का ढांचा अब लगातार चैंपियन तैयार कर रहा है.
रोहित ने क्या-क्या कहा?
- रोहित ने कहा, “मैं चाहता हूं कि भारत वर्ल्ड क्रिकेट का सबसे बड़ा पावरहाउस बने. पिछले तीन साल में भारतीय क्रिकेट ने जो हासिल किया है, वह देखने लायक रहा है.”
- हिटमैन ने क्रिकेट के बदलते अंदाज पर भी खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि जब उन्होंने क्रिकेट शुरू किया था, तब 130-140 रन का स्कोर मैच जिताने वाला माना जाता था, लेकिन अब ऐसा स्कोर सुरक्षित महसूस ही नहीं होता.
- रोहित ने कहा कि आज के खिलाड़ी पहले से कहीं ज्यादा बेखौफ हो गए हैं. बल्लेबाज अब रिस्क लेने से नहीं डरते... और यही आधुनिक क्रिकेट की सबसे बड़ी पहचान बन चुकी है. उन्होंने कहा, “आज के खिलाड़ी खुलकर खेलते हैं. वे कंजरवेटिव क्रिकेट नहीं खेलना चाहते. यही सोच क्रिकेट को अगले स्तर पर लेकर जाएगी.”
- युवा खिलाड़ियों को लेकर भी रोहित ने बेहद संतुलित सलाह दी. उन्होंने कहा कि कम उम्र में बच्चों पर जरूरत से ज्यादा दबाव डालना सही नहीं है. क्रिकेट को पहले एंजॉय करना जरूरी है, तभी खिलाड़ी लंबे समय तक सफल रह सकता है.
- हिटमैन ने कहा, “6 से 18 साल के बच्चों पर बहुत ज्यादा दबाव नहीं डालना चाहिए. उन्हें दोस्तों के साथ खेलना और खेल को एंजॉय करना चाहिए. मेरे साथ भी शुरुआत ऐसे ही हुई थी.”
क्या फिट हैं रोहित शर्मा?
इस बीच मुंबई इंडियंस के लिए भी एक बड़ी राहत की खबर आई है. रोहित शर्मा को टीम मैनेजमेंट ने पूरी तरह फिट घोषित कर दिया है. चोट की वजह से इस सीजन कई मैच मिस करने के बावजूद रोहित ने बल्ले से शानदार प्रभाव छोड़ा. उन्होंने IPL 2026 में अब तक 8 मैचों में 283 रन बनाए हैं. उनका औसत 40.42 और स्ट्राइक रेट 160.70 का रहा. लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 44 गेंदों में 84 रन और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 38 गेंदों में 78 रन उनकी सबसे यादगार पारियों में शामिल रहीं. अब मुंबई इंडियंस अपना आखिरी लीग मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेलेगी, जहां एक बार फिर सभी की नजरें रोहित शर्मा पर टिकी रहेंगी.




