IPL 2026: 0, 0 के बाद सीधा शतक... सबसे तेज 14000 रन, Virat Kohli की एक पारी सब पर भारी; लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी
विराट कोहली ने केकेआर के खिलाफ शानदार शतकीय पारी खेलकर कई बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम किए. आईपीएल इतिहास की कोहली ने 9वीं सेंचुरी लगाई. इससे पहले दो मैचों में विराट खाता भी नहीं खोल पाए थे.
ipl 2026 virat kohli 9th century
IPL 2026, Virat Kohli: आईपीएल 2026 का 57वां मुकाबला रायपुर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला गया. इस मैच को जीतकर आरसीबी एकबार फिर से पॉइंट्स टेबल में पहले पायदान पर आई गई है, तो वहीं केकेआर प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई. आरसीबी की तरफ से मैच में विराट कोहली का रौद्र रूप देखने को मिला.
पिछले 2 मैचों में बिना खाता खोले ही आउट होने वाली कोहली ने इस मैच में केकेआर के गेंदबाजों की जमकर पिटाई करते हुए शतक जड़ दिया. इस एक शतकीय पारी के साथ ही कोहली ने टी20 क्रिकेट में कई रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लिए.
कोहली ने कौन-कौन से रिकॉर्ड्स बनाए?
1. सबसे तेज 14 हजार रन
वैसे तो विराट कोहली टी20 क्रिकेट में 14 हजार रनों का आंकड़ा पार करने वाले दुनिया के छठे बल्लेबाज बने हैं, लेकिन उन्होंने ये 14 हजार रन सबसे कम पारियों में पूरे किए हैं. कोहली को ये रन बनाने में 409 पारियां लगी है. जिसके साथ वे अब सबसे तेज 14000 टी20 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.
2. IPL में सबसे ज्यादा शतक
वैसे तो इस शतक से पहले भी कोहली के नाम आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा शतक दर्ज थे, लेकिन अब उनमें एक शतक और जुड़ गया है. कोहली के नाम अब आईपीएल इतिहास में 9 शतक हो गए हैं.
3. सबसे ज्यादा POTM
अपनी शानदार पारी के चलते विराट कोहली को केकेआर के साथ हुए मैच में जीत के बाद प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. आईपीएल इतिहास में कोहली का ये 21वां प्लेयर ऑफ द मैच रिकॉर्ड है. इसके साथ कोहली अब रोहित शर्मा के साथ 21-21 POTM के साथ पहले पायदान पर आ गए हैं.
4. चेज करते हुए सबसे ज्यादा शतक
विराट कोहली को क्रिकेट के हर फॉर्मेट में चेज मास्टर कहा जाता है क्योंकि उनको चेज करते हुए टीम जिताना आता है. सबसे ज्यादा रन भी कोहली ने चेज करते हुए ही बनाए हैं. वहीं अब आईपीएल में चेज करते हुए सबसे ज्यादा लगाने के मामले में कोहली जोस बटलर के बराबर आ गए हैं. कोहली और बटलर 3-3 शतक के साथ इस सूची में पहले पायदान पर हैं.
कैसा रहा RCB vs KKR मैच?
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 192 रन बनाए थे. केकेआर की तरफ से अंगकृष रघुवंशी ने सबसे ज्यादा 71 रनों की पारी खेली थी, इसके अलावा रिंकू सिंह ने नाबाद 49 रन बनाए थे. वहीं कैमरून ग्रीन के बल्ले से 32 रन निकले थे. आरसीबी की तरफ से गेंदबाजी करते हुए भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और रसिख ने 1-1-1 विकेट अपने नाम किया था.
193 रनों के लक्ष्य को आरसीबी ने 19.1 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया था. विराट कोहली ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए 60 गेंदों पर 105 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. इसके अलावा देवदत्त पड्डिकल ने 39 रन बनाए थे.




