'मैं पंजाब दा हूं' कहने वाले Diljit Dosanjh नहीं है भारतीय? रिपोर्ट में अमेरिकी नागरिकता को लेकर हुआ खुलासा
रिपोर्ट के मुताबिक पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ ने 2022 में अमेरिकी नागरिकता ले ली थी और अब वे अमेरिकी पासपोर्ट पर यात्रा करते हैं. भारत आने के दौरान उनके E-Visa इस्तेमाल करने और OCI कार्ड न होने की खबर ने सोशल मीडिया और फिल्म इंडस्ट्री में नई बहस छेड़ दी है.
पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) इन दिनों काफी चर्चा में हैं. हाल ही में पंजाब की राजनीति में आने के ऑफर्स को उन्होंने साफ मना कर दिया था, लेकिन अब एक बड़ी खबर ने सबको चौंका दिया है. द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, दिलजीत दोसांझ साल 2022 से अमेरिकी पासपोर्ट पर यात्रा कर रहे हैं. उसी साल उन्होंने अमेरिकी नागरिकता ले ली थी और अब वे भारतीय नागरिक नहीं रह गए हैं. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि सितंबर 2022 से जब भी वे भारत आते हैं, तो ई-वीजा (E-Visa) का इस्तेमाल करते हैं. इसका मतलब यह भी है कि उनके पास ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड भी नहीं है. उनकी हालिया भारत यात्रा के दौरान भी उन्होंने अमेरिकी पासपोर्ट ही इस्तेमाल किया.
पंजाबी पहचान और नई सच्चाई
दिलजीत दोसांझ सालों से अपनी पंजाबी पहचान पर गर्व करते रहे हैं. उन्होंने बार-बार कहा है, 'मैं पंजाब दा हूं.' यह लाइन उनके गानों, इंटरव्यू और पब्लिक अपील का बहुत बड़ा हिस्सा रहा है. उनके लाखों-करोड़ों फैंस पूरे भारत में हैं, जो उन्हें पंजाब की संस्कृति, भाषा और जड़ों से जोड़कर देखते हैं. लेकिन अब यह खुलासा हुआ है कि उन्होंने भारतीय नागरिकता छोड़ दी है, जिसकी उन्होंने कभी सार्वजनिक रूप से घोषणा नहीं की. यह बात इसलिए ज्यादा चर्चा में है क्योंकि दिलजीत आज भी भारतीय फिल्मों में एक्टिव हैं. इस साल उन्होंने 'बॉर्डर 2' फिल्म में काम शुरू किया, जिसमें वे फ्लाइंग ऑफिसर निर्मल जीत सिंह सेखों का रोल निभा रहे हैं. निर्मल जीत सिंह सेखों भारत के उन गिने-चुने वायुसेना अधिकारियों में से एक हैं जिन्हें परम वीर चक्र मिला है- जो भारत का सबसे बड़ा सैन्य सम्मान है.
पासपोर्ट और नागरिकता की डिटेल
रिपोर्ट के अनुसार, दिलजीत का आखिरी भारतीय पासपोर्ट 2018 में मुंबई से जारी हुआ था. उससे पहले उनका पासपोर्ट जाम्बिया में बनाया गया था. उनकी पत्नी संदीप कौर भी अमेरिकी नागरिक बताई जा रही हैं. अमेरिकी नागरिकता लेते समय उन्होंने कैलिफोर्निया के एक शानदार बंगले का पता अपनी एड्रेस के रूप में दिया था.
राजनीति में आने का ऑफर और जवाब
कुछ दिन पहले पंजाब के रिटार्ड आईएएस अधिकारियों, रक्षा कर्मियों और दूसरे सम्मानित लोगों के एक समूह ने दिलजीत से सार्वजनिक अपील की थी कि वे राजनीति में आएं और पंजाब की नेतागिरी संभालें. लेकिन दिलजीत ने इस अपील को खारिज कर दिया और साफ साफ अपने ट्वीट में कहा कि उनका काम मनोरंजन करना है राजनीति करना नहीं.'
दिलजीत का सफर
दिलजीत दोसांझ का जन्म पंजाब के दोसांझ कलां गांव में हुआ था. उन्होंने GOAT, MoonChild Era, Ghost, Ishq Da Uda Ada जैसे पॉपुलर एल्बमों से नाम कमाया. बाद में वे पंजाबी सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में शुमार हो गए. फिल्म Udta Punjab के जरिए उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई. इसके अलावा वे The Tonight Show Starring Jimmy Fallon जैसे बड़े इंटरनेशनल शो में भी नजर आए और Coachella फेस्टिवल पर परफॉर्म भी कर चुके हैं. भारतीय कानून के अनुसार, अगर कोई विदेशी नागरिक भारतीय नागरिकता लेना चाहता है तो उसे कई शर्तें पूरी करनी पड़ती हैं. इनमें भारत में लंबे समय तक रहना भी शामिल है. लेकिन दिलजीत ने इसके उलट रास्ता चुना और अमेरिकी नागरिकता ले ली.




