देवास की पटाखा फैक्ट्री में कैसे हो गया ब्लास्ट, 3 की मौत-कई घायल, इस शख्स ने बताया कहां हुई चूक
मध्य प्रदेश के देवास जिले में पटाखा फैक्ट्री में अचानक हुए धमाके के बाद भीषण आग लग गई. विस्फोट इतना तेज था कि आसपास की इमारतें तक हिल गईं और 12 लोग घायल हो गए.
मध्य प्रदेश के देवास जिले के टोंक कलां इलाके में एक पटाखा फैक्ट्री में गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे जोरदार धमाका हो गया. इस हादसे से पूरे इलाके में दहशत फैल गई. विस्फोट इतना तेज था कि आसपास की इमारतें हिल गईं और धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी. हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री परिसर में काम कर रहे 15-20 कर्मचारी इस विस्फोट के समय मौजूद थे. अचानक हुए धमाके से वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
क्या हुआ था हादसे में?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फैक्ट्री में बारूद और पटाखों से संबंधित काम चल रहा था. सफाई कर्मचारियों की लापरवाही के कारण आग लग गई. एक प्रत्यक्षदर्शी नवीन कुमार ने बताया, 'वहां बारूद का काम चल रहा था. सफाई कर्मचारियों ने उस जगह पर पानी नहीं छिड़का. तेज धूप के कारण आग फैल गई और फिर भयानक धमाका हो गया. वहां 15-20 लोग काम कर रहे थे, जो घायल हो गए.' धमाके के बाद फैक्ट्री परिसर से घना काला धुआं उठता दिखाई दिया. आसपास के गांवों और इलाकों के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए. देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया.'
राहत और बचाव कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं. घायलों को तुरंत एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया. अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, 12 घायलों का इलाज देवास जिला अस्पताल में चल रहा है. 11 गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर कर दिया गया है. राहत टीमों ने मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए तुरंत बचाव अभियान शुरू कर दिया. प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है ताकि कोई अनहोनी घटना न हो.
प्रशासन की प्रतिक्रिया
देवास प्रशासन ने अभी तक फैक्ट्री का नाम और हादसे के सटीक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. अधिकारियों का कहना है कि इस मामले की गहन जांच की जा रही है. पुलिस कंपनी मैनेजमेंट से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं. आशंका जताई जा रही है कि यह विस्फोट पटाखा बनाने की सामग्री या बारूद से संबंधित था. अधिकारी कह रहे हैं कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, हादसे की असली वजह और जिम्मेदार लोगों के नाम सामने आएंगे.
इलाके में तनाव
इस घटना से टोंक कलां और आसपास के इलाके में भारी तनाव फैला हुआ है. लोग फैक्ट्री मालिकों की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं. कई लोगों का कहना है कि ऐसी फैक्टरियों में काम करते समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए, लेकिन अक्सर लापरवाही बरती जाती है. प्रशासन ने घायलों के इलाज और उनके परिवारों को हर संभव मदद देने का भरोसा दिया है. साथ ही, उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की है.




