Begin typing your search...

IPL 2026 के प्लेऑफ में किन 4 टीमों का पहुंचना है कन्फर्म और किसका अधूरा रह जाएगा सपना? समझिए पॉइंट्स टेबल का पूरा गणित

IPL 2026 के प्लेऑफ में गुजरात टाइटंस ने अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है. वहीं, RCB और SRH की राह आसान हो गई है. अब देखने वाली बात यह है कि पंजाब किंग्स, चेन्नई सुपरकिंग्स. राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स में से कौन- सी टीम प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर पाएगी.

Gujarat Titans
X

गुजरात टाइटंस की टीम

( Image Source:  IPL )

IPL 2026 अब अपने अंतिम दौर में पहुंच चुका है. लीग स्टेज में अभी 14 मैच बाकी हैं. गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) ने 12 मई को सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) को हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, GT के टॉप-4 में रहने की 99.6 फीसदी, जबकि टॉप-2 में रहने की 84.5 फीसदी संभावना है. यानी टीम ने सिर्फ क्वालिफाई ही नहीं किया, बल्कि वह टॉप-2 में फिनिश करने की सबसे बड़ी दावेदार बन गई है.

गुजरात के अभी दो मैच बाकी हैं. उसे 16 मई को कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR), जबकि 21 मई को चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) से है. GT के इस समय 12 मैचों में 8 जीत और 4 हार के साथ 16 अंक हैं, जिससे वह पॉइंट्स टेबल में पहले नंबर पर है.

RCB और SRH के प्लऑफ में पहुंचने के कितने चांस?

रजत पाटीदार की कप्तानी वाली Royal Challengers Bengaluru (RCB) की स्थिति भी काफी मजबूत है. टीम अभी 11 मैचों में 7 जीत और 4 हार के साथ 14 अंक लेकर दूसरे नंबर पर है. RCB के अभी उसके तीन मैच बाकी हैं, जिससे उसके टॉप-4 में रहने संभावना 88.1 फीसदी, जबकि टॉप-2 में रहने की संभावना 59 फीसदी है.

वहीं, पैट कमिंस की कप्तानी वाली Sunrisers Hyderabad को हालिया हार से थोड़ा झटका लगा है. उसके अब 12 मैचों में 7 जीत और 5 हार के साथ 14 अंक है, जिससे वह पॉइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर है. उसके टॉप-4 में रहने की 76.8 फीसदी, जबकि टॉप-2 में रहने की 35.5 फीसदी संभावना है. मतलब SRH अभी भी मजबूत स्थिति में है, लेकिन लगातार हार उसे खतरे में डाल सकती है.

PBKS की उम्मीदें कितनी मजबूत?

Punjab Kings इस बार अच्छी स्थिति में नजर आ रही है. उसके 11 मैचों में 6 जीत और 4 हार के साथ 13 अंक है. टीम का एक मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था. पंजाब पॉइंट्स टेबल में चौथे नंबर पर है. उसके टॉप-4 में रहने की संभावना 64.5 फीसदी, जबकि टॉप-2 में रहने की संभावना 28.8 फीसदी है. यानी PBKS के पास इस बार प्लेऑफ तक पहुंचने का सुनहरा मौका है.

CSK और RR क्या प्लेऑफ में पहुंच पाएगी?

Chennai Super Kings और Rajasthan Royals दोनों की स्थिति लगभग बराबरी की है. दोनों के 11 मैचों में 6 जीत और 4 हार के साथ 12 अंक है. ऐसे में एक भी हार उन्हें प्लेऑफ की दौड़ से बाहर कर सकती है. CSK के टॉप-4 में रहने की संभावना 53.9 फीसदी है, जबकि टॉप-2 में रहने की संभावना 22 फीसदी है. वहीं, RR के टॉप-4 में रहने की संभावना 53.8 फीसदी, जबकि टॉप-2 में रहने की संभावना 18.2 फीसदी है. यानी दोनों टीमों के लिए आने वाले मैच 'करो या मरो' जैसे हो सकते हैं.

KKR और DC की उम्मीदें क्या खत्म हो गई हैं?

KKR के पास सिर्फ 12.8 फीसदी प्लेऑफ संभावना बची है. हालांकि गणितीय रूप से KKR अभी भी टॉप-2 में पहुंच सकती है, लेकिन इसकी संभावना सिर्फ 3.6 फीसदी है. वहीं DC की हालत सबसे खराब टीमों में है. उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना सिर्फ 3.2 फीसदी है. DC अब सिर्फ दूसरी टीमों के रिजल्ट पर निर्भर दिख रही है.

MI और LSG क्यों बाहर हुए?

Mumbai Indians और Lucknow Super Giants अब आधिकारिक तौर पर प्लेऑफ रेस से बाहर हो चुके हैं. मुंबई इंडियंस के लिए यह सीजन बेहद निराशाजनक रहा. लगातार अस्थिर प्रदर्शन, स्टार खिलाड़ियों का फ्लॉप शो और गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में कमजोरी ने पांच बार की चैंपियन टीम को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया.

यह गणित कैसे निकाला गया?

विश्लेषण में बाकी बचे 14 मैचों के कुल 16,384 संभावित रिजल्ट कॉम्बिनेशन को देखा गया. हर टीम के लिए यह गिना गया कि कितने कॉम्बिनेशन में वह टॉप-4 में पहुंचती है और कितने में टॉप-2 में रहती है. इसी आधार पर प्लेऑफ प्रतिशत निकाले गए हैं..

सबसे बड़ा सवाल क्या है?

अब IPL 2026 में असली लड़ाई टॉप-2 फिनिश, नेट रन रेट और आखिरी हफ्ते के दबाव की होने वाली है. आने वाले कुछ मैच पूरे प्लेऑफ समीकरण को बदल सकते हैं.

आईपीएलक्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख