सीतामढ़ी में 11 साल की मासूम से दरिंदगी, बीच सड़क किया बलात्कार, गुस्साई भीड़ ने किया जमकर हंगामा
बिहार के सीतामढ़ी में 11 वर्षीय बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म की घटना के बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा. कई जगह सड़क जाम, आगजनी और प्रदर्शन हुए. पुलिस ने एसआईटी बनाकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
बिहार के Sitamarhi से झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक 11 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म की घटना के बाद पूरे शहर में भारी आक्रोश फैल गया. घटना से नाराज लोगों ने कई जगहों पर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया. इस दौरान टायर जलाए गए और कुछ स्थानों पर सब्जी व फलों के ठेलों में आग लगाने की भी घटना सामने आई.
करीब चार घंटे तक शहर के कई इलाकों में तनाव और अफरातफरी का माहौल बना रहा. इसके बाद पुलिस ने हालात को काबू किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही. खबर लिखे जाने तक आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात बच्ची अपनी नानी के घर जा रही थी. इसी दौरान रास्ते में नशे में धुत एक युवक ने उसे अकेला पाकर जबरन दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया. पीड़िता की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुका था.
घटना की जानकारी फैलते ही बुधवार सुबह बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए. लोगों ने मुख्य मार्गों को जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. कई जगहों पर टायर जलाकर यातायात बाधित किया गया. उग्र प्रदर्शन के दौरान कुछ सब्जी और फलों के ठेलों में भी आग लगा दी गई, जिससे इलाके में तनाव और बढ़ गया.
पुलिस ने क्या लिया एक्शन?
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया. पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया. संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की गई है.
पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच और उपचार के लिए अस्पताल भेजा है. मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. घटना के बाद आरोपी के घर छोड़कर फरार होने की बात सामने आई है. पुलिस उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है.
पुलिस कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ वन Rajeev Kumar Singh के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है. पीड़िता की मां के बयान पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान पीड़ित परिवार के परिचित के रूप में हुई है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी का दावा किया गया है.




