'NEET के साथ NTA भी रद्द कर दें, वहीं कोई बैठा है भेदी'; पेपर लीक पर भड़के खान सर, बोले- फांसी की सजा हो- सुनिए VIDEO
NEET-UG 2026 पेपर लीक विवाद पर खान सर का गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने कहा कि सिर्फ NEET नहीं, NTA को भी खत्म कर देना चाहिए क्योंकि “वहीं कोई भेदी बैठा है.” खान सर ने पेपर लीक के आरोपियों के लिए फांसी जैसी सख्त सजा की मांग की और कहा कि इस खेल में बड़े लोग शामिल हो सकते हैं.
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 अब देश के सबसे बड़े शिक्षा विवादों में बदल चुकी है. पेपर लीक के आरोपों के बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने आखिरकार मंगलवार को परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया. 3 मई को आयोजित हुई इस परीक्षा में 22.79 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था, लेकिन अब लाखों छात्रों की मेहनत और भविष्य दोनों सवालों के घेरे में आ गए हैं.
इस पूरे मामले ने राजनीतिक गलियारों से लेकर शिक्षा जगत तक भूचाल ला दिया है. एक तरफ केंद्र सरकार ने मामले की जांच CBI को सौंप दी है, तो दूसरी तरफ मशहूर शिक्षक खान सर ने NTA पर बेहद गंभीर सवाल उठाते हुए यहां तक कह दिया कि सिर्फ NEET नहीं, बल्कि NTA को भी खत्म कर देना चाहिए. उन्होंने दावा किया कि इतने बड़े स्तर पर पेपर लीक किसी छोटे गैंग का काम नहीं हो सकता और इसके पीछे बेहद प्रभावशाली लोगों का हाथ हो सकता है.
NTA ने मानी गड़बड़ी, दोबारा होगी परीक्षा
NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द करने के बाद NTA के डीजी अभिषेक सिंह ने माना कि परीक्षा में गड़बड़ी हुई है. उन्होंने कहा कि एजेंसी इस मामले की जिम्मेदारी लेती है और परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी. उन्होंने बताया कि नई परीक्षा तारीख का ऐलान 6 से 8 दिनों के भीतर कर दिया जाएगा. NTA के मुताबिक भारत सरकार की मंजूरी मिलने के बाद परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया.
CBI जांच शुरू, शिक्षा मंत्री के सामने भी उठे सवाल
पेपर लीक मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने जांच CBI को सौंप दी है. एजेंसी ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं जब दिल्ली में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मीडिया ने इस मुद्दे पर सवाल पूछे, तो वह बिना जवाब दिए वहां से निकल गए. इसके बाद विपक्ष ने भी सरकार पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं.
'इतना बड़ा खेल छोटे लोगों के बस की बात नहीं'
मशहूर शिक्षक खान सर ने इस पूरे विवाद पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एक राज्य से दूसरे राज्य तक परीक्षा का पेपर पहुंचाना किसी छोटे अपराधी के बस की बात नहीं हो सकती. उन्होंने कहा कि Telegram और बड़े WhatsApp ग्रुप्स के जरिए पेपर तेजी से फैलाया जाता है और इस पूरे नेटवर्क के पीछे बड़े लोगों का हाथ हो सकता है. खान सर ने कहा कि 'हमारी नजर में सिर्फ NEET नहीं, NTA को भी खत्म किया जाना चाहिए. हमें लगता है कि NTA के अंदर ही कोई गड़बड़ी है. कोई अंदर बैठा व्यक्ति पूरे सिस्टम को प्रभावित कर रहा है.' खान सर ने दावा किया कि अगर एक पेपर 2 लाख रुपये में बेचा जाए और लाखों छात्रों तक पहुंच जाए, तो यह पूरा रैकेट करोड़ों रुपये का खेल बन जाता है.
उन्होंने कहा कि 'अगर 2 लाख में एक पेपर बिक रहा है और मान लीजिए कि 1 लाख लोगों को पेपर बेच दिया जाए, तो वो लोग करोड़पति बन जाते हैं. उन्हें लगता है कि कोई पकड़ नहीं पाएगा. सजा नहीं मिलती, इसलिए ये लोग लगातार आगे बढ़ रहे हैं.' उन्होंने आगे कहा कि अगर छात्रों की नजर में यह मामला नहीं आया होता, तो करोड़ों रुपये कमाकर लोग आराम से बच निकलते.
'जांच एजेंसियां सोई रहतीं, बच्चों ने खोला पूरा खेल'
खान सर ने जांच एजेंसियों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि अगर छात्रों ने आवाज नहीं उठाई होती, तो शायद पूरा मामला दबा दिया जाता. उन्होंने कहा कि वो तो धन्य है बच्चों का कि मामला सामने आ गया, नहीं तो जांच एजेंसियां सोई रहतीं. क्या पता कितनी बार पहले भी पेपर लीक हुआ हो.' खान सर ने पेपर लीक को देश के भविष्य पर हमला बताते हुए बेहद सख्त सजा की मांग की. उन्होंने कहा कि 'जब तक कठोर सजा नहीं मिलेगी, तब तक यह सब बंद नहीं होगा. मेरी नजर में इस अपराध की सजा डेथ पेनल्टी से कम नहीं होनी चाहिए. एक हत्या में एक इंसान मरता है, लेकिन पेपर लीक लाखों छात्रों का भविष्य बर्बाद कर देता है.'




