Iran War की आंच IPL तक पहुंची! इन देशों के खिलाड़ियों के भारत आने पर सस्पेंस बरकार; क्या बिना स्टार खिलाड़ियों के होगी प्रीमियर लीग
पश्चिम एशिया में ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते संघर्ष का असर अब आईपीएल 2026 पर भी पड़ता दिख रहा है. युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित होने से विदेशी खिलाड़ियों की भारत वापसी मुश्किल हो गई है.
IPL 2026 Update: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत से पहले एक नई चुनौती सामने आ गई है. पश्चिम एशिया में ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच जारी संघर्ष का असर अब वैश्विक हवाई यात्रा पर पड़ रहा है, जिसका सीधा प्रभाव आईपीएल पर भी दिखने लगा है. विदेशी खिलाड़ियों की भारत वापसी और उनकी सुरक्षा को लेकर बीसीसीआई और आईपीएल फ्रेंचाइजी टीमें चिंता में हैं.
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध लग गए हैं. दोहा और दुबई जैसे बड़े ट्रांजिट हवाई अड्डे, जो दुनिया भर की उड़ानों के प्रमुख केंद्र माने जाते हैं, इस समय संचालन से जुड़ी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं. इससे अंतरराष्ट्रीय यात्रा प्रभावित हुई है और कई यात्रियों की उड़ानें प्रभावित हो रही हैं.
इजराइल-ईरान युद्ध का खिलाड़ियों पर क्या असर?
इस स्थिति का असर खास तौर पर उन खिलाड़ियों पर पड़ा है जो टी20 विश्व कप के बाद अपने देशों की ओर लौट रहे हैं. दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के कई खिलाड़ी अभी तक अपने घर नहीं पहुंच पाए हैं. यदि हालात जल्द नहीं सुधरे, तो आईपीएल टीमों के लिए विदेशी खिलाड़ियों को समय पर भारत बुलाना मुश्किल हो सकता है.
फ्लाइट्स को मिडिल ईस्ट में क्या आ रही हैं दिक्कतें
इससे पहले कई एयरलाइनों ने मिडिल ईस्ट के ऊपर से जाने वाले अपने रूट को डायवर्ट कर दिया था. इसके कारण यात्राएं या तो काफी लंबी हो गई हैं या कुछ मामलों में यात्रा करना संभव नहीं हो पा रहा है. ईरान, इराक, इजरायल और जॉर्डन जैसे युद्ध प्रभावित देशों का एयरस्पेस पूरी तरह बंद या काफी हद तक प्रतिबंधित है, जिससे इन क्षेत्रों के जरिए होने वाली उड़ानों पर बड़ा असर पड़ा है और भारत से इन क्षेत्रों का संपर्क भी प्रभावित हुआ है.
आईपीएल 2026 का शेड्यूल जारी, कब है पहला मैच?
इस बीच बीसीसीआई ने आईपीएल 2026 के पहले चरण का शेड्यूल जारी कर दिया है. फिलहाल टूर्नामेंट के शुरुआती 16 दिनों का कार्यक्रम घोषित किया गया है. पूरे सीजन का विस्तृत शेड्यूल राज्य चुनावों की तारीखें तय होने के बाद जारी किया जाएगा. पहला मैच 28 मार्च को खेला जाएगा. हालांकि इसी दौरान पश्चिम एशिया में चल रहा युद्ध बीसीसीआई के लिए एक नई चिंता बनकर सामने आया है.
एक टीम अधिकारी के मुताबिक इस संघर्ष के कारण न सिर्फ कई उड़ानें रद्द हो रही हैं, बल्कि हवाई किरायों में भी काफी बढ़ोतरी हुई है. इसके अलावा बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले मैचों को लेकर सुरक्षा समितियां भी अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं. खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सख्त फैसले लिए जा सकते हैं.
क्या खाड़ी देशों के अलावा भी है कहीं समस्या?
इस समस्या का असर सिर्फ खाड़ी देशों तक सीमित नहीं है. यूरोप के कुछ देशों को भी उड़ानों से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इससे पहले विश्व कप 2026 के दौरान जिम्बाब्वे जैसे देशों की टीमों को भी अपने देश लौटने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा था.
ये भी पढ़ें :IPL 2026 के पहले 20 मैचों का शेड्यूल जारी, कब-कब मैदान में दिखेंगे धोनी-रोहित और कोहली?
ऐसे में क्रिकेट प्रशंसकों के मन में एक बड़ा सवाल बना हुआ है कि क्या आईपीएल 2026 के शुरुआती मुकाबलों में विदेशी स्टार खिलाड़ी अपनी टीमों के साथ मैदान पर दिखाई देंगे या नहीं. बीसीसीआई ने शुरुआती 16 दिनों के लिए चार डबल हेडर मुकाबलों की पुष्टि कर दी है, लेकिन अगर विदेशी खिलाड़ी समय पर भारत नहीं पहुंच पाए तो इससे टीमों की रणनीति और संतुलन प्रभावित हो सकता है.




