क्या IPL 2026 में RCB को नहीं मिलेगा होम एडवांटेज, चिन्नास्वामी स्टेडियम के ऑप्शन्स क्या-क्या हैं?
आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के होम ग्राउंड को लेकर बड़ा सस्पेंस बना हुआ है. टीम ने अब तक एम चिन्नास्वामी स्टेडियम को अपने घरेलू मैदान के रूप में अंतिम मंजूरी नहीं दी है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या सीजन का ओपनिंग मैच बेंगलुरु की जगह किसी दूसरे शहर में खेला जाएगा?
IPL 2026: आईपीएल 2026 के पहले चरण का शेड्यूल जारी हो चुका है, लेकिन मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के घरेलू मैदान को लेकर अब भी अनिश्चितता बनी हुई है. टीम ने अभी तक आधिकारिक तौर पर एम चिन्नास्वामी स्टेडियम को अपने मुख्य होम ग्राउंड के रूप में पुष्टि नहीं की है. अब इस पर अंतिम फैसला शुक्रवार 13 मार्च को लिया जाएगा.
यह स्थिति रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन और राज्य सरकार के बीच चल रहे विवाद के कारण बनी हुई है. यह विवाद जून 2025 में हुई दुखद भगदड़ की घटना के बाद शुरू हुआ था.
क्या नहीं होंगे चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच?
हालांकि रिपोर्ट्स के अनुसार बीसीसीआई ने 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले सीजन के पहले मैच के लिए बेंगलुरु को ही स्थल के रूप में लिस्ट किया है. लेकिन फ्रेंचाइजी ने नए सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा के लिए 24 घंटे का अतिरिक्त समय मांगा है.
कब होगा तय कि मैच होगा या नहीं?
11 मार्च को गृह विभाग के अधिकारियों और सुरक्षा विशेषज्ञों की एक उच्च स्तरीय समिति ने स्टेडियम का अंतिम निरीक्षण किया. इस निरीक्षण की रिपोर्ट 13 मार्च को आरसीबी अधिकारियों के सामने रखी जाएगी. इसके बाद टीम यह तय करेगी कि वह बेंगलुरु में ही मैच खेलेगी या फिर अपने वैकल्पिक मैदानों का विकल्प अपनाएगी.
कर्नाटक सरकार ने क्या कहा?
देरी की मुख्य वजह स्टेडियम की संरचना नहीं बल्कि भीड़ प्रबंधन की कानूनी जिम्मेदारी को लेकर विवाद है. रिपोर्ट के अनुसार कर्नाटक सरकार ने सशर्त अनुमति दी है. इस अनुमति के तहत आरसीबी को स्टेडियम के बाहर की सार्वजनिक सड़कों और आसपास के इलाकों की भी जिम्मेदारी लेने को कहा गया है, जबकि आमतौर पर यह जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस संभालती है.
ये भी पढ़ें :IPL 2026 के पहले 20 मैचों का शेड्यूल जारी, कब-कब मैदान में दिखेंगे धोनी-रोहित और कोहली?
स्टेडियम में क्या हैं इंतेजाम?
सुरक्षा से जुड़ी कुछ नई शर्तें भी रखी गई हैं. जस्टिस डी’कुन्हा कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर स्टेडियम की क्षमता 35 हजार दर्शकों तक सीमित रखने को कहा गया है. इसके साथ ही 350 से ज्यादा एआई आधारित कैमरे लगाने और स्टेडियम में एक स्थायी फायर ब्रिगेड यूनिट रखने की भी शर्त रखी गई है. आरसीबी इन शर्तों से जुड़े खर्च और कानूनी जोखिमों पर विचार कर रही है.
अगर आरसीबी और राज्य सरकार के बीच समझौता नहीं हो पाता है तो टीम के पास दो वैकल्पिक योजनाएं तैयार हैं. पहली योजना के तहत टीम ने रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में दो मैच कराने की तैयारी कर ली है.
क्या हैं चिन्नास्वामी स्टेडियम के विकल्प?
दूसरे विकल्प के तौर पर इंदौर सामने आया है. पहले डीवाई पाटिल स्टेडियम का विकल्प भी था, लेकिन मुंबई इंडियंस ने क्षेत्रीय अधिकारों का हवाला देते हुए इस पर आपत्ति जताई थी. इसके बाद अगर बेंगलुरु में मैच संभव नहीं होते हैं तो बाकी पांच घरेलू मुकाबले इंदौर में कराए जा सकते हैं.
बीसीसीआई ने आईपीएल 2026 का शेड्यूल इस उम्मीद के साथ तैयार किया है कि यह विवाद सुलझ जाएगा. लेकिन अगर 13 मार्च को आरसीबी बेंगलुरु में खेलने से पीछे हटती है, तो 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले उद्घाटन मैच का स्थान आखिरी समय में बदलना पड़ सकता है. ऐसी स्थिति में यह मैच रायपुर या पुणे में भी कराया जा सकता है.




