T20 World Cup जीतते ही टीम इंडिया पर पैसों की बरसात, ICC ने बताया किस टीम को कितना मिला इनाम
आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खत्म होने के बाद टूर्नामेंट की प्राइज मनी का पूरा ब्योरा सामने आ गया है. चैंपियन बनी भारतीय टीम को सबसे ज्यादा इनाम मिला है, जबकि फाइनल खेलने वाली न्यूजीलैंड को दूसरा सबसे बड़ा हिस्सा मिला. आईसीसी ने कुल 11.25 मिलियन डॉलर की प्राइज मनी 20 टीमों के बीच बांटी है.
ICC Prize Money Distribution: आईसीसी मैन टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खत्म होने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने टूर्नामेंट की कुल प्राइज मनी के वितरण की जानकारी दी है. इस टूर्नामेंट में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रिकॉर्ड तीसरी बार खिताब अपने नाम किया था.
आईसीसी के अनुसार इस बार कुल 11.25 मिलियन अमेरिकी डॉलर की प्राइज मनी 20 भाग लेने वाली टीमों के बीच बांटी जाएगी. यह राशि 2024 में घोषित आईसीसी की रिकॉर्ड बढ़ोतरी वाली प्राइज मनी नीति के तहत दी जा रही है.
किसको कितना मिला इनाम?
चैंपियन बनने वाली भारतीय टीम को सबसे ज्यादा इनाम मिला है. भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया था. खिताब जीतने वाली भारतीय टीम को कुल 2,639,423 डॉलर की राशि दी जाएगी.
ये भी पढ़ें :IPL 2026 के पहले 20 मैचों का शेड्यूल जारी, कब-कब मैदान में दिखेंगे धोनी-रोहित और कोहली?
न्यूजीलैंड को कितनी मिली राशि?
फाइनल खेलने वाली न्यूजीलैंड टीम को दूसरी सबसे बड़ी राशि मिली है. न्यूजीलैंड की टीम पुरुष टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सिर्फ दूसरी बार फाइनल में पहुंची थी. इस टीम को कुल 1,422,692 डॉलर की प्राइज मनी दी जाएगी.
आईसीसी के अनुसार हर टीम को भाग लेने के लिए 225,000 डॉलर की बेस राशि दी गई है. इसके अलावा टीमों को उनके अंतिम स्थान, मैच जीतने और टूर्नामेंट के अलग-अलग चरणों में पहुंचने के आधार पर अतिरिक्त बोनस भी दिया गया है.
साउथ अफ्रीका को कितनी राशि मिली?
सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दक्षिण अफ्रीका तीसरी ऐसी टीम रही जिसने एक मिलियन डॉलर से ज्यादा की राशि हासिल की. दक्षिण अफ्रीका ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और सेमीफाइनल तक एक भी मैच नहीं हारा था. हालांकि सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने ईडन गार्डन्स में शानदार रन चेज करते हुए उन्हें हरा दिया. इस मैच में फिन एलेन ने शानदार शतक लगाया था. दक्षिण अफ्रीका को कुल 1,005,577 डॉलर की प्राइज मनी मिली है.
इंग्लैंड को कितनी राशि मिली?
चौथी सेमीफाइनलिस्ट इंग्लैंड को 974,423 डॉलर की राशि दी गई. इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में भारत को कड़ी टक्कर दी थी, लेकिन वह फाइनल में जगह नहीं बना पाई.
- टूर्नामेंट में वेस्टइंडीज को 538,269 डॉलर और पाकिस्तान को 522,692 डॉलर की प्राइज मनी मिली. वहीं जिम्बाब्वे के शानदार प्रदर्शन ने सबका ध्यान खींचा. इस टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर बड़ा उलटफेर किया था.
- जिम्बाब्वे को कुल 491,538 डॉलर की राशि मिली. सुपर 8 में पहुंचने वाली दूसरी टीम और टूर्नामेंट के सह-मेजबान श्रीलंका को 475,962 डॉलर मिले हैं.
- संयुक्त राज्य अमेरिका की टीम, जिसने पिछले संस्करण में सुपर 8 तक जगह बनाई थी, इस बार भी ग्रुप स्टेज में दो जीत दर्ज कर अच्छा प्रदर्शन किया.
- अमेरिका को कुल 309,808 डॉलर की राशि मिली. यही राशि ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान को भी दी गई.
- स्कॉटलैंड को 278,654 डॉलर और आयरलैंड को 271,731 डॉलर की प्राइज मनी मिली. इन दोनों टीमों ने टूर्नामेंट में एक-एक मैच जीता था.
- इस टूर्नामेंट में इटली की टीम ने पहली बार हिस्सा लिया और अपने डेब्यू में नेपाल को हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की. यूरोपीय टीम इटली को कुल 256,154 डॉलर की प्राइज मनी दी जाएगी. इतनी ही राशि नीदरलैंड्स, यूएई और नेपाल को भी मिली है.
- वहीं कनाडा, नामीबिया और ओमान को केवल बेस प्राइज मनी मिली है. इन तीनों टीमों को 225,000 डॉलर की राशि दी गई है.




