10 साल बाद Chhattisgarh में लौटेगा IPL का रोमांच, RCB खेलेगी 2 मैच; Raipur Stadium में गूंजेंगे Kohli Kohli के नारे
करीब 10 साल बाद रायपुर में फिर से आईपीएल मैच खेले जाएंगे. आरसीबी अपने दो मुकाबले यहां खेलने वाली है, जिससे फैंस को स्टेडियम में बैठकर विराट कोहली की बल्लेबाजी देखने का मौका मिल सकता है. मैचों की तारीख आईपीएल के दूसरे चरण का शेड्यूल जारी होने के बाद तय होगी.
विराट कोहली
IPL Matches in Raipur: छत्तीसगढ़ के क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है. करीब 10 साल बाद आईपीएल की वापसी रायपुर में होने जा रही है. राजधानी रायपुर के मशहूर Shaheed Veer Narayan Singh International Cricket Stadium में एक बार फिर आईपीएल के मुकाबले खेले जाएंगे, जिससे यहां के क्रिकेट प्रेमियों को स्टेडियम में बैठकर टी20 का रोमांच देखने का मौका मिलेगा.
जानकारी के मुताबिक, इस बार Royal Challengers Bengaluru ने रायपुर के इस स्टेडियम को अपने होम ग्राउंड के रूप में चुना है. आईपीएल के दूसरे चरण में आरसीबी की टीम यहां अपने मुकाबले खेलेगी. इसके लिए Chhattisgarh State Cricket Sangh ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं.
रायपुर में कितने मैच खेलेगी आरसीबी?
बताया जा रहा है कि आरसीबी रायपुर में दो मैच खेलने वाली है. हालांकि अभी इन मुकाबलों की तारीख तय नहीं हुई है. आईपीएल के दूसरे चरण का शेड्यूल जारी होने के बाद ही रायपुर में होने वाले मैचों की तारीख सामने आएगी.
रायपुर के क्रिकेट फैन्स में क्यों है खासा उत्साह?
इस खबर से रायपुर के क्रिकेट फैंस में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है. इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि उन्हें एक बार फिर मैदान पर भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज Virat Kohli को बल्लेबाजी करते देखने का मौका मिल सकता है. कोहली आईपीएल में आरसीबी की टीम का अहम हिस्सा हैं.
गौरतलब है कि विराट कोहली ने इससे पहले रायपुर में आखिरी बार न्यूजीलैंड के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था. अब आईपीएल के जरिए उनके फिर से यहां खेलने की संभावना ने क्रिकेट प्रेमियों की उत्सुकता और बढ़ा दी है.




