फीफा वर्ल्ड कप का आज से आगाज, पहला मैच किन टीमों के बीच खेला जाएगा? जानें भारत में कब और कहां होगा लाइव टेलीकास्ट-10 बड़ी बातें
फुटबॉल के सबसे बड़े महाकुंभ फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आज से आगाज होने जा रहा है. अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की मेजबानी में होने वाले इस टूर्नामेंट में पहली बार 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं. भारत में फैन्स लाइव मुकाबले टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देख सकेंगे.
मैक्सिको सिटी का नजारा
FIFA World Cup 2026: फुटबॉल फैन्स का सबसे बड़ा इंतजार आज खत्म हो गया है. फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 11 जून से अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की मेजबानी में हो रहा है. इतिहास में पहली बार इस टूर्नामेंट में 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं और कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे. टूर्नामेंट का पहला मुकाबला मेजबान मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच मेक्सिको सिटी के ऐतिहासिक एस्टाडियो एज्टेका स्टेडियम में खेला जाएगा. भारतीय समय के अनुसार यह मुकाबला 12 जून की रात 12:30 बजे शुरू होगा.
मेक्सिको सिटी में पहली ओपनिंग सेरेमनी में मशहूर सिंगर शकीरा और बर्ना बॉय रंगारंग प्रस्तुति देंगे. इसके बाद शुक्रवार को कनाडा (टोरंटो) में माइकल बुबले और शनिवार को अमेरिका (लॉस एंजिल्स) में कैटी पेरी ओपनिंग सेरेमनी को हेडलाइन करेंगी.
फीफा वर्ल्ड कप 2026 से जुड़ी 10 बड़ी बातें
1- पहली बार 48 टीमें लेंगी हिस्सा: फीफा वर्ल्ड कप 2026 अब तक का सबसे बड़ा फुटबॉल टूर्नामेंट होगा. पहले जहां सिर्फ 32 टीमें हिस्सा लेती थीं, वहीं इस बार 48 देशों की टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी.
2- तीन देशों में होगा आयोजन: अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको मिलकर इस वर्ल्ड कप की मेजबानी कर रहे हैं. यह पहली बार है जब तीन अलग-अलग देश मिलकर फीफा वर्ल्ड कप आयोजित कर रहे हैं.
3- मेक्सिको सिटी में होगा पहला मुकाबला: टूर्नामेंट का पहला मैच मेजबान मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाएगा. यह मुकाबला ऐतिहासिक एस्टाडियो एज्टेका स्टेडियम में होगा, जो फीफा इतिहास के सबसे प्रसिद्ध मैदानों में शामिल है. भारत में फैंस मैच को 12 जून को रात 12:30 बजे देख सकेंगे.
4- नया नॉकआउट फॉर्मेट देखने को मिलेगा: इस बार ग्रुप स्टेज के बाद सीधे राउंड ऑफ-16 नहीं होगा. 32 टीमें राउंड ऑफ-32 में पहुंचेंगी और उसके बाद नॉकआउट मुकाबले खेले जाएंगे.
5- 39 दिनों तक चलेगा फुटबॉल का रोमांच: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे. करीब डेढ़ महीने तक दुनिया की टॉप फुटबॉल टीमें आमने-सामने होंगी.
6- प्राइज मनी में बड़ा इजाफा: फीफा ने इस टूर्नामेंट के लिए करीब 655 मिलियन डॉलर यानी लगभग 6241 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि घोषित की है. यह 2022 वर्ल्ड कप से काफी ज्यादा है.
7- विजेता टीम को मिलेगी रिकॉर्ड रकम: खिताब जीतने वाली टीम को करीब 50 मिलियन डॉलर यानी लगभग 429 करोड़ रुपये मिलेंगे. वहीं रनर-अप टीम को करीब 283 करोड़ रुपये दिए जाएंगे.
8- भारत में ऐसे देख सकेंगे लाइव मैच: भारतीय फैन्स फीफा वर्ल्ड कप 2026 का लाइव टेलीकास्ट जी एंटरटेनमेंट के नए स्पोर्ट्स चैनल्स यूनाइट8 स्पोर्ट्स 1, स्पोर्ट्स 1 HD, स्पोर्ट्स 2 और स्पोर्ट्स 2 HD पर देख सकेंगे. वहीं, टूर्नामेंट की लाइव स्ट्रीमिंग ZEE5 (जी5) ऐप और वेबसाइट पर भी उपलब्ध होगा. इसके लिए आपको सब्सक्रिप्शन लेना होगा.
9- टिकट और वीजा को लेकर विवाद: टूर्नामेंट शुरू होने से पहले कुछ देशों के प्रतिनिधियों और फैन्स को वीजा और टिकट से जुड़े मुद्दों का सामना करना पड़ा है, जिससे विवाद भी खड़ा हुआ है.
10- गर्मी को देखते हुए पानी की बोतल नियम बदला गया: फैन्स के विरोध के बाद फीफा ने स्टेडियम में 20 औंस तक की सीलबंद प्लास्टिक पानी की बोतल ले जाने की अनुमति दे दी है. हालांकि हार्ड रियूजेबल बोतलों पर अभी भी रोक रहेगी.




