13 टीमें-मेजबान ही चैंपियन, 96 साल पहले शुरू हुआ फुटबॉल का महाकुंभ, ऐसा था FIFA World Cup 1930
FIFA World Cup 2026 का आगाज 11 जून से होने जा रहा है. इसमें कुल 48 टीमें हिस्सा लेंगी... लेकिन क्या आप जानते हैं कि पहला वर्ल्ड कप कब खेला गया था और इसे किस टीम ने जीता था?
FIFA वर्ल्ड कप 1930
FIFA World Cup 1930 Untold Story: आज फीफा वर्ल्ड कप दुनिया का सबसे बड़ा खेल आयोजन माना जाता है. अरबों लोग इसे देखते हैं, करोड़ों प्रशंसक अपनी टीमों का समर्थन करते हैं और खिलाड़ी इसे जीतने का सपना देखते हैं... लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस भव्य टूर्नामेंट की शुरुआत बेहद साधारण तरीके से हुई थी.
साल 1930 में पहला फीफा वर्ल्ड कप उरुग्वे में खेला गया था. उस समय न तो लंबी क्वालिफिकेशन प्रक्रिया थी और न ही 48 टीमों का विशाल आयोजन... सिर्फ 13 टीमों को आमंत्रित किया गया था और उन्हीं के बीच दुनिया की पहली फुटबॉल की विश्व चैंपियन टीम का फैसला होना था.
यूरोपीय देशों ने क्यों किया विरोध?
पहला वर्ल्ड कप दक्षिण अमेरिका के उरुग्वे को मेजबानी के लिए दिया गया था. इस फैसले से कई यूरोपीय देश खुश नहीं थे. इटली, स्पेन, नीदरलैंड और स्वीडन जैसे देशों ने शुरुआत में टूर्नामेंट में भाग लेने से ही इनकार कर दिया. उस दौर में यूरोप से दक्षिण अमेरिका तक पहुंचने में लगभग तीन सप्ताह का समुद्री सफर करना पड़ता था. यही वजह थी कि कई टीमें इतनी लंबी यात्रा के लिए तैयार नहीं थीं. आखिरकार फीफा अध्यक्ष जूल्स रिमे के हस्तक्षेप के बाद फ्रांस, बेल्जियम, रोमानिया और यूगोस्लाविया ने हिस्सा लेने का फैसला किया.
जहाज से पहुंची थीं टीमें
21 जून 1930 को चारों यूरोपीय टीमें एक साथ जहाज पर रवाना हुईं. रास्ते में उन्होंने ब्राजील की टीम को भी साथ लिया और 4 जुलाई को उरुग्वे की राजधानी मोंटेवीडियो पहुंचीं.
सिर्फ 13 टीमों का टूर्नामेंट
पहले वर्ल्ड कप में कुल 13 टीमों ने हिस्सा लिया था. इन्हें चार समूहों में बांटा गया. हर ग्रुप की विजेता टीम सीधे सेमीफाइनल में पहुंची. आज जहां वर्ल्ड कप में जगह बनाने के लिए वर्षों तक क्वालिफायर खेले जाते हैं, वहीं 1930 में टीमों को सीधे आमंत्रित किया गया था.
ऐतिहासिक फाइनल: उरुग्वे बनाम अर्जेंटीना
30 जुलाई 1930 को मोंटेवीडियो के सेंटेनारियो स्टेडियम में पहला वर्ल्ड कप फाइनल खेला गया. मुकाबला उरुग्वे और अर्जेंटीना के बीच था. करीब 90 हजार दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में माहौल बेहद रोमांचक था. दिलचस्प बात यह रही कि मैच शुरू होने में देरी सिर्फ इसलिए हुई क्योंकि दोनों टीमें अपनी-अपनी गेंद से खेलना चाहती थी. बाद में, FIFA ने फैसला सुनाया कि अर्जेंटीना पहले हाफ के लिए और उरुग्वे दूसरे हाफ के लिए बॉल उपलब्ध कराएगा.
पहले हाफ में अर्जेंटीना ने 2-1 की बढ़त बना ली थी, लेकिन दूसरे हाफ में उरुग्वे ने शानदार वापसी करते हुए 4-2 से मैच जीत लिया और इतिहास का पहला फीफा वर्ल्ड कप अपने नाम कर लिया.
पहले वर्ल्ड कप के हीरो
अर्जेंटीना के स्ट्राइकर गिलर्मो स्टैबिले टूर्नामेंट के सबसे बड़े स्टार बने. उन्होंने सिर्फ चार मैचों में 8 गोल दागे और पहले वर्ल्ड कप के टॉप स्कोरर बने. उन्हें 'एल इन्फिल्ट्राडोर' यानी 'द इनफिल्ट्रेटर' कहा जाता था.
वर्ल्ड कप इतिहास का पहला गोल
फ्रांस के लुसिएन लॉरेंट ने 13 जुलाई 1930 को मेक्सिको के खिलाफ मैच में गोल करके वर्ल्ड कप इतिहास का पहला गोल दागा था. आज भी उनका नाम फुटबॉल इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज है.
सिर्फ एक शहर में हुआ पूरा टूर्नामेंट
1930 वर्ल्ड कप की एक और खास बात यह थी कि पूरा टूर्नामेंट सिर्फ एक शहर मोंटेवीडियो में खेला गया. सभी 18 मुकाबले सिर्फ तीन स्टेडियमों में आयोजित हुए. इनमें सेंटेनारियो स्टेडियम खास था, जिसे खास तौर पर वर्ल्ड कप के लिए बनाया गया था.
FIFA World Cup 1930: कुछ रोचक रिकॉर्ड
एक टूर्नामेंट जिसने इतिहास बदल दिया
1930 का वर्ल्ड कप सिर्फ एक खेल प्रतियोगिता नहीं था. यह उस सफर की शुरुआत थी जिसने फुटबॉल को दुनिया का सबसे लोकप्रिय खेल बना दिया. आज जब फीफा वर्ल्ड कप में अरबों दर्शक जुड़ते हैं, तब यह याद रखना जरूरी है कि इसकी शुरुआत सिर्फ 13 टीमों, एक शहर और एक बड़े सपने से हुई थी.
फीफा वर्ल्ड कप 2026 कब और कहां खेला जाएगा?
फीफा वर्ल्ड कप 2026 अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा की मेजबानी में 11 जून से खेला जाएगा. इस टूर्नामेंट में 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें 4-4 के 12 ग्रुपों में रखा गया है. फाइनल मुकाबला 19 जुलाई को खेला जाएगा. ब्राजील ने 5, जर्मनी और इटली ने 4-4, अर्जेंटीना ने 3, फ्रांस और उरग्वे ने 2-2, जबकि इंग्लैंड और स्पेन ने 1-1 बार वर्ल्ड कप का खिताब जीता है.




