नौकरी के लिए गए थे विदेश, हादसे ने छीन ली जिंदगी; दुबई में मिनीबस और ट्रक की टक्कर में 7 भारतीयों की मौत-10 बड़ी बातें
दुबई में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कई भारतीय मजदूरों की जान चली गई. पुलिस के मुताबिक, एमिरेट्स रोड पर तकनीकी खराबी के कारण एक ट्रक अचानक सड़क के बीच में रुक गया, जिससे पीछे से आ रही मिनीबस ट्रक से टकरा गई. इससे 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल हो गए.
दुबई में सड़क हादसे ने ली कई भारतीयों की जान
Dubai Road accident: दुबई में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में कई भारतीय श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए. यह हादसा उस समय हुआ, जब भारतीय कामगारों को लेकर जा रही एक मिनीबस एमिरेट्स रोड पर खड़े एक ट्रक से पीछे से टकरा गई. हादसे के बाद पूरे भारतीय समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है.
दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि वह स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है और प्रभावित लोगों तथा उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है. वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना.
Dubai Emirates Road Accident: 10 बड़ी बातें
- सोमवार को दुबई में सड़क के बीचों-बीच खड़े एक ट्रक की मिनीबस की टक्कर हो गई, जिससे 7 भारतीय मज़दूरों की मौत हो गई, जबकि 9 घायल हो गए.
भारतीय वाणिज्य दूतावास ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि इस कठिन समय में वह परिवारों के साथ खड़ा है और आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं.
- दुबई पुलिस के जनरल डिपार्टमेंट ऑफ ट्रैफिक के निदेशक ब्रिगेडियर जुमा सलेम बिन सुवैदान के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि तकनीकी खराबी के कारण एक ट्रक अचानक सड़क के बीच में रुक गया था. इसके बाद पीछे से आ रही मिनीबस चालक कथित तौर पर पर्याप्त दूरी बनाए रखने और सड़क पर ध्यान देने में विफल रहा, जिससे बस सीधे ट्रक से जा टकराई.
पुलिस के मुताबिक, इस दुर्घटना में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं 9 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 5 की हालत गंभीर और 4 की स्थिति मध्यम बताई गई है.
- सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
- हादसे के बाद ट्रैफिक पुलिस, राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने क्षेत्र को सुरक्षित कर यातायात को नियंत्रित किया ताकि एंबुलेंस और राहत वाहनों को आने-जाने में कोई परेशानी न हो. बाद में क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को हटाकर सड़क पर सामान्य यातायात बहाल किया गया.
- दुबई पुलिस ने बताया कि ट्रैफिक एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन सेक्शन के विशेषज्ञों को घटनास्थल पर भेजा गया है. टीम सबूत जुटाकर दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है.
- अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर सामने आ पाएगी.
भारतीय मिशन के अधिकारियों ने अस्पताल का दौरा किया और घायल भारतीयों से मुलाकात की. मिशन ने कहा, "इस मुश्किल समय में हमारी गहरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं."
भारतीय मजदूरों के निधन से परिजनों में शोक का माहौल है. ये मजदूर काम की तलाश में विदेश गए हुए थे. अचानक उनकी मौत से परिवार वालों को गहरा झटका लगा है.




