कौन हैं अन्वय और समित, जो राहुल द्रविड़ की क्रिकेट विरासत को बढ़ा रहे आगे? एक का तो श्रीलंका दौरे के लिए अंडर-19 टीम में हुआ चयन
राहुल द्रविड़ के छोटे बेटे अन्वय द्रविड़ को पहली बार भारतीय अंडर-19 टीम में जगह मिली है. वह श्रीलंका दौरे पर भारत के लिए खेलेंगे. आइए, उनके और उनके बड़े भाई समित द्रविड़ के बारे में जानते हैं...
राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय और समित
Who is Anvay and Sumit Dravid: भारत के दिग्गज बल्लेबाज और टी-20 वर्ल्ड कप विनिंग कोच राहुल द्रविड़ की क्रिकेट विरासत को आगे बढ़ाने के लिए उनके छोटे बेटे अन्वय द्रविड़ ने भी बड़ा कदम बढ़ा दिया है. बीसीसीआई की जूनियर क्रिकेट कमेटी ने 11 जून को श्रीलंका दौरे के लिए भारत की अंडर-19 टीम का ऐलान किया. इस टीम में राहुल के छोटे बेटे अन्वय द्रविड़ को बतौर विकेटकीपर-बल्लेबाज शामिल किया गया है. यह उनका पहला इंटरनेशनल दौरा होगा.
भारत और श्रीलंका के बीच अंडर-19 टीम की तीन वनडे और दो मल्टी-डे मैचों की सीरीज खेली जाएगी. वनडे मुकाबले 4 , 6 और 9 जुलाई को हंबनटोटा में खेले जाएंगे. वहीं, मल्टी डे मैच 13 से 16 जुलाई तक गाले और दूसरा मैच 20 से 23 जुलाई तक कोलंबो में खेला जाएगा.
कौन हैं समित द्रविड़?
- समित द्रविड़, राहुल के बड़े बेटे हैं. उनका जन्म 11 अक्टूबर 2005 को हुआ था. वह एक दाएं हाथ के बल्लेबाज और तेज गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर हैं.
- समित ने जूनियर और स्कूली क्रिकेट में कई बड़ी पारियां (जैसे अंडर-14 में 150 रनों की पारी) खेलकर सुर्खियां बटोरीं.
- समित के करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट 2023-24 की कूच बिहार ट्रॉफी रही. इसमें उन्होंने कर्नाटक को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाते हुए 8 मैचों में 362 रन बनाए और 16 विकेट चटकाए.
- साल 2024 में समित को महाराजा टी-20 लीग में मैसूर वॉरियर्स टीम ने साइन किया, जहां उन्हें सीनियर टी20 फॉर्मेट का अनुभव मिला.
- साल 2024 में समित को ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ सीरीज के लिए पहली बार भारतीय अंडर-19 टीम (वनडे और चार दिवसीय मैच) में चुना गया था. हालांकि, चोटिल होने की वजह से वे खेल नहीं पाए.
कौन हैं अन्वय द्रविड़?
- अन्वय द्रविड़, राहुल के छोटे बेटे हैं. उनका जन्म 2009 में हुआ था. स्वभाव से वह अपने पिता की तरह ही शांत दिखते हैं. वे मुख्य रूप से एक विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं.
- अन्वय ने घरेलू स्तर पर कर्नाटक की अंडर-19 टीम की कप्तानी करते हुए टीम को क्वार्टर फाइनल तक पहुंचाया. इस टूर्नामेंट में उन्होंने 6 पारियों में 220 रन बनाए, जिसमें हिमाचल प्रदेश के खिलाफ दबाव में खेली गई नाबाद 82 रनों की मैच जिताऊ पारी भी शामिल है.
- अंडर-16 विजय मर्चेंट ट्रॉफी में भी अन्वय ने शानदार शतक जड़कर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया था. यही वजह है कि BCCI ने श्रीलंका दौरे के लिए भारत की अंडर-19 वनडे टीम में 17 साल के अन्वय को बतौर विकेटकीपर-बल्लेबाज शामिल किया है.
भारत की अंडर-19 वनडे टीम
सागर विर्क, लक्ष्य रविचंदानी (उपकप्तान), यशबर्धन सिंह चौहान (कप्तान), विनीत वी के, अर्जुन राजपूत, कुशाग्र ओझा, रजत बघेल (विकेट-कीपर), अन्वय द्रविड़ (विकेट-कीपर), अनमोलजीत सिंह, युटकुरी य़शवीर गौड़, रोहित अनिल यादव, शविन वी, काव्या परेश पटेल, मोहित उल्वा और ईशान सूद.
द्रविड़ परिवार का क्रिकेट कनेक्शन
राहुल द्रविड़ खुद भारतीय क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में रहे हैं. उन्होंने भारतीय टीम की कप्तानी भी की और बाद में टीम इंडिया के हेड कोच रहते हुए 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीत में अहम भूमिका निभाई. अब उनके दोनों बेटे क्रिकेट की राह पर हैं. हालांकि दोनों को अपनी अलग पहचान बनानी होगी. अन्वय का श्रीलंका दौरा उनके इंटरनेशनल क्रिकेट सफर की शुरुआत है. अब नजर इस बात पर होगी कि वह मैदान पर अपने प्रदर्शन से कितनी जल्दी अपनी अलग पहचान बना पाते हैं.




