जिस उम्र में ज्यादातर छात्र 12वीं के बाद कॉलेज एडमिशन और करियर की चिंता में लगे होते हैं, उसी उम्र में एक भारतीय युवा ने देश की सबसे बड़ी शिक्षा संस्थाओं में से एक की साइबर सुरक्षा खामियों को उजागर कर सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया. 19 वर्षीय निसर्ग अधिकारी ने CBSE के ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) पोर्टल की सुरक्षा कमजोरियों को सामने लाकर न सिर्फ एक गंभीर मुद्दे की ओर इशारा किया, बल्कि अपनी तकनीकी प्रतिभा का भी परिचय दिया. अब यही काम उनके जीवन का सबसे बड़ा टर्निंग प्वाइंट बन गया है. खबर है कि IIT कानपुर के टेक्नोलॉजी इनोवेशन हब C3iHub ने उनकी प्रतिभा से प्रभावित होकर उन्हें साइबर सिक्योरिटी इंजीनियर के पद पर नौकरी का ऑफर दिया है.