Begin typing your search...

जिस टीम के खिलाफ खेला लास्ट मैच, उसी के लिए आज किया डेब्यू; जानें अर्जुन तेंदुलकर को कितने दिन बाद IPL में खेलने का मिला मौका

Arjun Tendulkar ने 371 दिन बाद IPL में वापसी करते हुए Lucknow Super Giants के लिए डेब्यू किया. दिलचस्प बात यह है कि उनका पिछला IPL मैच मुंबई इंडियंस के लिए LSG के खिलाफ था और अब वही खिलाड़ी लखनऊ की जर्सी में पंजाब के खिलाफ उतरा है.

Arjun Tendulkar LSG debut in ipl 2026
X

अर्जुन तेंदुलकर ने LSG के लिए किया डेब्यू

( Image Source:  ANI )

Arjun Tendulkar IPL Debut for LSG: Punjab Kings ने IPL 2026 के 'करो या मरो' मुकाबले में Lucknow Super Giants के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है. इकाना स्टेडियम में खेले जा रहे इस अहम मैच में पंजाब की प्लेऑफ उम्मीदें दांव पर लगी हैं. लगातार छह हार झेल चुकी PBKS अब ऐसी स्थिति में पहुंच गई है जहां एक और हार उनका सफर खत्म कर सकती है. वहीं, लखनऊ की ओर से आज अर्जुन तेंदुलकर अपना डेब्यू कर रहे हैं. पंजाब के खिलाफ टॉस के समय कप्तान ऋषभ पंत ने यह जानकारी दी.

अर्जुन तेंदुलकर 371 दिन (लगभग 1 साल और 6 दिन) के लंबे इंतजार के बाद अपना अगला आईपीएल मैच खेल रहे हैं. उन्होंने अपना पिछला आईपीएल मैच 17 मई 2024 को मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेला था. लखनऊ ने आईपीएल 2026 से ठीक पहले उन्हें मुंबई इंडियंस से ₹30 लाख की कैश डील में ट्रेड किया था.

अर्जुन तेंदुलकर का आईपीएल में कैसा रहा प्रदर्शन?

अर्जुन तेंदुलकर को आईपीएल में अब तक बहुत सीमित मौके मिले हैं. उन्होंने साल 2023 में अपना आईपीएल डेब्यू किया था और अब तक कुल 5 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 3 विकेट लिए. अर्जुन ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 9 रन देकर 1 विकेट लिया था, जो उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. वहीं, उन्होंने केवल 1 पारी में बल्लेबाजी की है, जिसमें उन्होंने 13 रन बनाए हैं. इस पारी में 1 छक्का शामिल रहा.

घरेलू क्रिकेट में अर्जुन का प्रदर्शन

आईपीएल में भले ही उन्हें ज्यादा मौके न मिले हों, लेकिन घरेलू क्रिकेट में गोवा की तरफ से खेलते हुए उनका हालिया रिकॉर्ड शानदार रहा है. फर्स्ट क्लास क्रिकेट (रणजी ट्रॉफी) में वे 24 मैचों में 52 विकेट ले चुके हैं. उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 5/25 का अपना पहला 'फाइव विकेट हॉल' (एक पारी में 5 विकेट) भी हासिल किया था. इसके अलावा, वे रणजी डेब्यू पर ही राजस्थान के खिलाफ शानदार 120 रन की पारी भी खेल चुके हैं.

ओवरऑल घरेलू टी20 करियर में अर्जुन ने 29 मैचों में 35 विकेट चटकाए हैं. उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/10 रहा है. लखनऊ सुपर जाइंट्स की टीम पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है, ऐसे में सीजन के इस आखिरी मैच में अर्जुन तेंदुलकर के पास अपनी बाएं हाथ की तेज गेंदबाजी और स्विंग से प्रभाव छोड़ने का बेहतरीन मौका है.

पंजाब के लिए कैसा रहा आईपीएल 2026?

25 अप्रैल तक पंजाब किंग्स पॉइंट्स टेबल में टॉप पर थी. टीम ने सात मैचों में 13 अंक हासिल कर शानदार शुरुआत की थी, लेकिन उसके बाद लगातार हारों ने पूरे सीजन की तस्वीर बदल दी.अब टीम सिर्फ जीत ही नहीं, बल्कि बड़े अंतर से जीत चाहती है ताकि नेट रन रेट में भी सुधार हो सके. टॉस के बाद कप्तान Shreyas Iyer ने माना कि मुकाबला पूरी तरह 'डू ऑर डाई' है. उन्होंने कहा कि टीम पहली बार ऐसी स्थिति में है और खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए तैयार हैं. पंजाब ने इस मैच के लिए दो बदलाव किए हैं. मार्को यान्सन और विजयकुमार वैशाख को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है.

दूसरी ओर Lucknow Super Giants पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है, लेकिन कप्तान Rishabh Pant ने कहा कि टीम सीजन का अंत सकारात्मक तरीके से करना चाहती है. पंत ने माना कि यह सीजन टीम और उनके लिए व्यक्तिगत रूप से काफी मुश्किल रहा, लेकिन इससे काफी सीख भी मिली. उन्होंने यूपी से बड़ी संख्या में मैच देखने पहुंचे फैंस से निराशाजनक प्रदर्शन के लिए माफी भी मांगी.

लखनऊ की टीम से कई बड़े खिलाड़ी बाहर

लखनऊ की टीम इस मुकाबले में कई बड़े खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी से जूझ रही है. मिचेल मार्श इस मैच में नहीं खेल रहे हैं, जबकि एडन मार्करम, मैथ्यू ब्रीट्जके और एनरिक नॉर्ट्जे पहले से बाहर हैं. मार्श की कमी सबसे ज्यादा खलेगी क्योंकि उन्होंने इस सीजन 563 रन बनाए हैं और हाल के मैचों में जोश इंगलिस के साथ खतरनाक ओपनिंग साझेदारी बनाई थी.

Lucknow Super Giants की Playing XI

जोश इंगलिश, अर्शिन कुलकर्णी, निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, ऋषभ पंत, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, अर्जुन तेंदुलकर, मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और मोहसिन खान.

Punjab Kings की Playing XI

प्रभसिमरन सिंह, प्रियांश आर्य, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर, सूर्यांश शेडगे, शशांक सिंह, अजमतुल्लाह ओमरजई, मार्को यान्सन, विजयकुमार वैशाख, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल.

पंजाब के लिए समीकरण अभी भी आसान नहीं हैं. उन्हें सिर्फ यह मैच जीतना नहीं है, बल्कि राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के नतीजों पर भी नजर रखनी होगी. कुल मिलाकर, IPL 2026 के इस मुकाबले में जहां पंजाब की उम्मीदें सांसें गिन रही हैं, वहीं लखनऊ अपने फैंस के सामने सम्मान बचाने के इरादे से उतरी है.

आईपीएलक्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख