Begin typing your search...

क्या होता है Lone Wolf Attack, मुंबई में पहलगाम जैसा हमला, आरोपी जुबैर अंसारी का क्या ISIS कनेक्शन?

मुंबई में सुरक्षा गार्डों से धर्म पूछकर उन पर चाकू से हमला करने के मामले में Lone Wolf Attack की खूब चर्चा हो रही है. वहीं इस घटना ने पहलगाम आतंकी हमले की कड़वी यादों को ताजा कर दिया है.

Mumbai Lone Wolf Attack
X

Mumbai Lone Wolf Attack

( Image Source:  X/ @World_X_Sight, @Yazidisto )
विशाल पुंडीर
Edited By: विशाल पुंडीर4 Mins Read

Updated on: 28 April 2026 1:01 PM IST

मुंबई के नया नगर इलाके में सुरक्षा गार्डों से धर्म पूछकर उन पर चाकू से हमला करने के मामले ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी है. इस घटना में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अब उससे पूछताछ जारी है. ये मामला सामने आने के बाद अब लोन वुल्फ अटैक की काफी चर्चा हो रही है. जिसके बारे में हर कोई जानना चाहता है. इस घटना ने एकबार फिर से पहलगाम आतंकी हमले की कड़वी यादों को ताजा कर दिया है, जहां आतंकियों ने मासूम पर्यटकों से उनका धर्म पूछकर मारा था.

वहीं जांच एजेंसियां इस मामले को गंभीरता से लेते हुए यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या इसके पीछे कोई बड़ा आतंकी संगठित नेटवर्क सक्रिय है. फिलहाल कई डिजिटल और फॉरेंसिक सबूतों की जांच की जा रही है.

क्या होता है लोन वुल्फ अटैक?

‘लोन वुल्फ अटैक’ ऐसी हिंसक या आतंकी घटना को कहा जाता है जिसमें कोई व्यक्ति बिना किसी संगठन या समूह के सीधे निर्देश के अकेले ही हमला करता है. ऐसे हमलावर अक्सर ऑनलाइन या वैचारिक रूप से प्रभावित होकर खुद ही हमले की योजना बनाते और उसे अंजाम देते हैं. जानकारी के मुताबिक इस दौरान आरोपी आसानी से उपलब्ध हथियारों का इस्तेमाल करते हैं.

सोशल मीडिया के जरिए ऐसे आरोपी खुद ही घटनाओं की योजना बनाते हैं और चरमपंथी की ओर बढ़ते हैं. ऐसे में जांच एजेंसियों के सामने आरोपी की डिटेल्स खंगालने की चुनौती है क्योंकि इस तरह के आरोपी किसी आतंकवादी संगठन से जुड़े नहीं होते हैं.

क्यों हो रही लोन वुल्फ अटैक की चर्चा?

दरअसल जुबैर के पास से मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से कई संदिग्ध संकेत मिले हैं. सूत्रों के अनुसार, उसके लिखे नोट्स में ‘ISIS’, ‘लोन वुल्फ’, ‘जिहाद’ और ‘गाजा’ जैसे शब्द पाए गए हैं. इसके बाद से ही लोन वुल्फ अटैक की चर्चा हो रही है.

कब और कहां हुआ हमला?

यह पूरी घटना मुंबई के नया नगर इलाके में सोमवार तड़के करीब 4 बजे हुई. वोकहार्ट अस्पताल के पीछे स्थित एक निर्माणाधीन इमारत में सुरक्षा गार्ड राजकुमार मिश्रा और सुब्रतो सेन तैनात थे, तभी आरोपी ज़ैब ज़ुबेर अंसारी वहां पहुंचा और दोनों से बातचीत करने लगा. पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने गार्डों से उनका धर्म पूछा और फिर कलमा पढ़ने को कहा. जब गार्डों ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने कथित तौर पर उन पर चाकू से हमला कर दिया.

कहां रहता था जुबैर?

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी कई सालों तक अमेरिका में रहा इसके बाद वो भारत लौट आया था. बताया जा रहा है कि वह मीरा रोड इलाके में अकेला रहता था और ऑनलाइन केमिस्ट्री की कक्षाएं भी लेता था. फिलहाल उसके ISIS जैसे आतंकी संगठन से जुड़े होने की जांच भी एजेंसिया कर रही है.

अगला लेख