धर्म पूछा, कलमा पढ़ने को कहा... इनकार करने पर जुबैर अंसारी ने Mumbai में गार्डों पर चाकू से किया हमला; क्या आतंकी संगठन से कनेक्शन?
नयानगर इलाके में आरोपी ने हमले से पहले गार्डों से उनकी धार्मिक पहचान पूछी और उनसे ‘कलमा’ पढ़ने की मांग की. जब गार्डों ने मना किया तो आरोपी ने उनपर चाकू से हमला कर दिया.
knife attack kalma demand
मुंबई के मीरा रोड स्थित नयानगर इलाके में तड़के हुए एक खौफनाक हमले ने इलाके में दहशत फैला दी. एक 31 वर्षीय युवक, जो 2019 में अमेरिका से लौटकर मुंबई में रह रहा था उसने कथित तौर पर दो निजी सुरक्षा गार्डों पर चाकू से हमला कर दिया.
घटना ने गंभीर मोड़ तब लिया जब आरोपी ने हमले से पहले गार्डों से उनकी धार्मिक पहचान पूछी और उनसे ‘कलमा’ पढ़ने की मांग की. इस वारदात के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज 90 मिनट के भीतर गिरफ्तार कर लिया, जबकि मामले की जांच अब आतंकवाद के एंगल से भी की जा रही है.
कौन है आरोपी?
यह घटना रविवार सुबह करीब 4 बजे नयानगर में वोकहार्ट अस्पताल के पीछे स्थित अस्मिता ग्रेड मिशन निर्माण स्थल पर हुई. उस समय दोनों गार्ड राजकुमार मिश्रा और सुब्रतो रमेश सेन ड्यूटी पर तैनात थे. इसी दौरान आरोपी जैब जुबैर अंसारी वहां पहुंचा और उनसे बातचीत के बहाने उनके नाम और धर्म के बारे में पूछताछ करने लगा.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी ने पहले गार्डों से ‘कलमा’ पढ़ने की मांग की. जब उन्होंने इससे इनकार किया, तो अंसारी ने अचानक चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया. हमले में राजकुमार मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि सुब्रतो सेन को पीठ पर हल्की चोटें आईं. घटना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. मिश्रा की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
कैसे हुई आरोपी की गिरफ्तारी?
घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नयानगर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज 90 मिनट के भीतर गिरफ्तार कर लिया. प्रारंभिक तौर पर उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 109, 118(2) और 196(1) के तहत मामला दर्ज किया गया.
क्या आतंकी संगठन से जुड़ा है आरोपी?
मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे महाराष्ट्र आतंकवाद विरोधी दस्ता (ATS) को सौंप दिया गया है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या इस हमले के पीछे कोई आतंकी या कट्टरपंथी विचारधारा का प्रभाव है. अधिकारियों का मानना है कि यह ‘लोन वुल्फ’ (अकेले हमलावर) की तरह की घटना भी हो सकती है.
जांच में क्या सामने आया?
जांच में सामने आया है कि आरोपी के ऑनलाइन इतिहास में कथित तौर पर आईएसआईएस से जुड़े दुष्प्रचार वीडियो मौजूद थे. अंसारी पहले एक कोचिंग सेंटर में केमिस्ट्री और मैथ्स पढ़ाता था और 2019 तक अमेरिका में पढ़ाई करने के बाद भारत लौट आया था. वह मीरा रोड में एक किराए के फ्लैट में अकेला रह रहा था. सूत्रों के मुताबिक, मकान मालिक ने हाल ही में उसे 5 मई तक घर खाली करने का नोटिस दिया था.




