क्या रात में तरबूज खाने से जान जा सकती है? मुंबई में पति-पत्नी और दो बेटियों की मौत के बाद उठ रहे सवाल
मुंबई में एक ही परिवार के 4 लोगों की फूड प्वाइंजनिंग की वजह से मौत हो गई. उन्होंने रात में बिरयानी और फिर तरबूज खाया था. ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या तरबूज इंसान की जान ले सकतe है.
क्या तरबूज बन सकता है जानलेवा? मुंबई में 4 लोगों की मौत
Mumbai Food Poisoning 4 People Death Case Explained महाराष्ट्र से एक चौंकाने वाला और दर्दनाक मामला सामने आ रहा है. मुंबई के पायधुनी इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत ने पूरे देश को झकझोर दिया है. शुरुआती जांच में इसे संदिग्ध फूड पॉइजनिंग का मामला माना जा रहा है, लेकिन इस घटना के बाद एक बड़ा सवाल उठ रहा है- क्या तरबूज जैसा सामान्य फल भी जानलेवा हो सकता है?
पुलिस के मुताबिक, परिवार ने 25 अप्रैल की रात घर पर बिरयानी खाई थी. रिश्तेदारों के जाने के बाद देर रात तरबूज खाया गया. कुछ ही घंटों में सभी की तबीयत बिगड़ने लगी. उल्टी, दस्त और कमजोरी जैसे लक्षण सामने आए. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई. मामले की जांच JJ Marg Police Station में दर्ज की गई है. पुलिस ने आकस्मिक मौत का केस दर्ज कर लिया है और पोस्टमार्टम के साथ खाने व शरीर के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं. असली वजह रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी.
क्या तरबूज से हो सकती है फूड पॉइजनिंग?
विशेषज्ञों का कहना है कि आमतौर पर फूड पॉइजनिंग पके हुए खाने (जैसे बिरयानी) से ज्यादा जुड़ी होती है, लेकिन तरबूज भी जोखिम से पूरी तरह बाहर नहीं है. तरबूज में पानी और प्राकृतिक शुगर की मात्रा ज्यादा होती है, जिससे बैक्टीरिया तेजी से पनप सकते हैं, खासकर अगर फल दूषित हो. इसके अलावा कुछ मामलों में तरबूज में मिठास बढ़ाने के लिए बाहर से तरल पदार्थ इंजेक्ट करने की भी खबरें सामने आई हैं, जिससे बैक्टीरिया का खतरा और बढ़ सकता है.
Salmonella infection, Listeriosis और E. coli infection जैसे बैक्टीरिया फूड पॉइजनिंग का कारण बन सकते हैं. गंभीर मामलों में यह डिहाइड्रेशन, सेप्सिस और अंगों पर असर डाल सकते हैं, जो जानलेवा भी हो सकता है. हालांकि, विशेषज्ञ यह भी कहते हैं कि बिना रिपोर्ट के किसी एक चीज़ को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं होगा. फूड पॉइजनिंग कई कारणों से हो सकती है- दूषित खाना, गलत स्टोरेज या साफ-सफाई की कमी.
क्या रात में तरबूज खाना खतरनाक है?
डॉक्टरों के अनुसार, देर रात फल या भारी चीजें खाने से पाचन धीमा हो जाता है, जिससे दिक्कत बढ़ सकती है. हालांकि, सिर्फ समय की वजह से फूड पॉइजनिंग नहीं होती, लेकिन अगर फल पहले से खराब हो तो समस्या गंभीर हो सकती है.
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि तरबूज सुबह या दिन में खाना ज्यादा सुरक्षित रहता है और हमेशा ताजा व साफ फल ही खाना चाहिए. फिलहाल, इस पूरे मामले में फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है, जो तय करेगी कि मौत की असली वजह क्या थी.




