Bengal Election 2026 Violence: कहीं BJP उम्मीदवार को पीटा तो कहीं कार पर हमला, बंगाल में वोटिंग के बीच फिर हिंसा- 7 वीडियो
बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान के दौरान कई जगहों से हिंसा, हमले और ईवीएम में गड़बड़ी की खबरें सामने आई हैं. बीजेपी उम्मीदवारों पर हमला, एजेंटों को हटाने का आरोप, बूथ पर झड़प और EVM खराबी जैसे मामलों ने चुनावी माहौल को तनावपूर्ण बना दिया है. कुछ जगहों पर प्रॉक्सी वोटिंग के आरोप भी लगे हैं.
बंगाल में चुनाव के दौरान हिंसा की तस्वीरें
West Bengal Election 2026 Violence: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान जारी है. इस दौरान कई जगहों से हिंसा की खबरें सामने आ रही हैं. कुमारगंज से भाजपा उम्मीदवार सुभेंदु सरकार ने दावा किया है कि टीएमसी यानी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उनके ऊपर हमला किया, जिससे वे घायल हो गए. यगी नहीं, उनकी कार में भी तोड़फोड़ की गई.
मीडिया से बात करते हुए सुभेंदु सरकार ने आरोप लगाया कि कई मतदान केंद्रों में एजेंटों को जबरदस्ती हटा दिया गया. जब वह बूथ नंबर 24 पर जमीनी स्थिति का जायजा लेने गए, तो TMC कार्यकर्ताओं ने उनके और उनकी टीम के ऊपर हमला किया.
शुभेंदु सरकार ने क्या कहा?
शुभेंदु सरकार ने कहा, " पोलिंग स्टेशन पर सेंट्रल फ़ोर्स मौजूद थी. वे परिसर के अंदर ही थे. लेकिन जब मैं वहां पहुँचा, तो मेरे साथ सिर्फ़ मेरा बॉडीगार्ड था. हमारे साथ और कोई नहीं था... ममता बनर्जी चुनाव हार चुकी हैं, और तृणमूल कांग्रेस इस इलाके की चारों सीटें हार रही है. पूरी तरह से हताशा और डर की वजह से, उन्होंने हम पर हमला किया."
मुर्शिदाबाद के नौदा विधानसभा क्षेत्र में भिड़े TMC और AUJP के कार्यकर्ता
मुर्शिदाबाद के नौदा विधानसभा में TMC और आम जनता उन्नयन पार्टी (AUJP) के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई. एक-दूसरे पर पत्थर भी फेंके जा रहे हैं. पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बल स्थिति को काबू करने की कोशिश कर रहे हैं.
हुमायूं कबीर ने क्या कहा?
AUJP के संस्थापक हुमायूं कबीर ने कहा कि TMC चोरों की पार्टी है. नौदा की जनता ने उन्हें नकार दिया है."
सूरी में BJP उम्मीदवार देबाशीष ओझा के चुनाव एजेंट पर हमला
सूरी में BJP उम्मीदवार देबाशीष ओझा के चुनाव एजेंट बिस्वजीत मंडल पर हमला करने का मामला सामने आया है. बिस्वजीत मंडल ने बताया, "मैं एक चुनाव एजेंट हूं... कुछ लोगों ने हमसे शिकायत की कि पूरे बूथ पर कब्ज़ा किया जा रहा है. वापस आते समय, मुझ पर सड़क पर हमला किया गया. बूथ से 100 मीटर की दूरी पर यह घटना हुई. उन्होंने मुझे चारों तरफ से घेर लिया. मेरी जेब में कांच के टुकड़े थे. उन्होंने पूरी कार तोड़ दी."
कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी ने चुनाव अधिकारी से फोन पर की बातचीत
बहरामपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी ने फ़ोन पर एक चुनाव अधिकारी से बात की और उनसे मतदान केंद्र पर EVM में आई खराबी को ठीक करने का आग्रह किया. उन्होंने कहा, "बूथ नंबर 141 पर EVM ठीक से काम नहीं कर रही है. इसके चलते, धूप में खड़े आम मतदाताओं को बिना वोट डाले ही घर लौटना पड़ रहा है. इस स्थिति से कैसे निपटा जाए, यह पूरी तरह आप पर निर्भर करता है. पीठासीन अधिकारी ने आरोप लगाया है कि उन्हें असहाय स्थिति में छोड़ दिया गया है. इस समय, आपका हस्तक्षेप अत्यंत आवश्यक है. यहां EVM को चौथी बार बदला गया है, लेकिन बदली गई EVM भी काम नहीं कर रही है."
बंगाल चुनाव में क्या डाले जा रहे प्रॉक्सी वोट?
सिलीगुड़ी में एक वोटर ने 2026 के राज्य चुनावों के दौरान अपने नाम पर प्रॉक्सी वोट डाले जाने का आरोप लगाया है. वोटर के पिता, गोपाल दास ने कहा, "मेरी बेटी और मैं वोट डालने आए थे. मैंने अपना वोट डाला, जिसके बाद हमें बताया गया कि किसी और ने मेरी बेटी के नाम पर पहले ही वोट डाल दिया है. हमसे DLO को फोन करने के लिए कहा गया, जिन्होंने कहा कि यह उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता."




