Bengal Election Phase 1: बंगाल चुनाव 2026 के पहले चरण में 152 सीटों पर वोटिंग आज, नंदीग्राम से आसनसोल तक हाई-वोल्टेज मुकाबला
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान आज है, जिसमें 3.60 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं. इस चरण को बेहद अहम माना जा रहा है क्योंकि नंदीग्राम, खड़गपुर, मुर्शिदाबाद और आसनसोल दक्षिण जैसी हाई-प्रोफाइल सीटों पर दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है.
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण की वोटिंग आज है. 23 अप्रैल यानी गुरुवार को होने वाली वोटिंग में उत्तर बंगाल से लेकर दक्षिण बंगाल तक 152 सीटों पर मतदाता अपने वोट का इस्तेमाल करेंगे. इस चरण को चुनावी दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है क्योंकि कई हाई-प्रोफाइल सीटों पर बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है.
इस बार का चुनाव सिर्फ सत्ता की लड़ाई नहीं बल्कि राजनीतिक वर्चस्व, घुसपैठ, नागरिकता और मतदाता सूची जैसे संवेदनशील मुद्दों पर भी केंद्रित है. बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस दोनों ही दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है, जबकि चुनाव आयोग ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं.
पहले चरण में कितने मतदाता करेंगे मतदान?
इस चरण में कुल 3.60 करोड़ से अधिक मतदाता वोट डालेंगे. इनमें लगभग 1.84 करोड़ पुरुष, 1.75 करोड़ महिला और 465 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं. सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू होगी और सभी बूथों पर CCTV, EVM और सुरक्षा बलों की तैनाती पूरी कर ली गई है.
राजनीतिक बयानबाजी से गरमाया माहौल
बीजेपी नेता अमित शाह ने दावा किया है कि इस बार “कोई खेला नहीं होगा” और राज्य में बदलाव तय है. वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पलटवार करते हुए कहा कि “खेला तो होगा और इस बार दुर्दांत खेला होगा.” ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि चुनाव आयोग बीजेपी को फायदा पहुंचाने के लिए काम कर रहा है और मतदाताओं को वोटिंग से रोका जा रहा है. इस कड़ी में आज हम बंगाल के चुनाव के पहले चरण के पांच धुरंधर के बारे में जानते हैं.
1. नंदीग्राम से सुवेंदु अधिकारी
नंदीग्राम इस चुनाव का सबसे हाई-प्रोफाइल मुकाबला बन चुका है. पिछले चुनाव में इसी सीट पर सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को बेहद कम अंतर से हराया था. इस बार भी यहां TMC और BJP के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है.
2. खड़गपुर से दिलीप घोष
बीजेपी के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष खड़गपुर सदर सीट से चुनाव लड़ रहे हैं. पार्टी को इस सीट पर मजबूत उम्मीद है क्योंकि यह इलाका बीजेपी का प्रभाव वाला क्षेत्र माना जाता है.
3. रेजीनगर सीट हुमायूं कबीर
हुमायूं कबीर पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक चर्चित चेहरा हैं और वे मुर्शिदाबाद जिले के रेजीनगर विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरे हैं. मुर्शिदाबाद क्षेत्र मुस्लिम बहुल इलाका माना जाता है और यहां राजनीतिक मुकाबला काफी दिलचस्प रहता है. हुमायूं कबीर का स्थानीय स्तर पर प्रभाव माना जाता है और वे अपनी सामाजिक पकड़ और जनसंपर्क के आधार पर चुनाव लड़ते हैं.
4. बहरामपुर से अधीर रंजन चौधरी
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी पश्चिम बंगाल की बहरामपुर (Baharampur) सीट से चुनाव लड़ते रहे हैं. वे यहाँ से लगातार 5 बार सांसद रहे हैं (1999-2024), हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा. साल 2026 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से खड़े हुए हैं.
5. आसनसोल दक्षिण: अग्निमित्रा पॉल vs तापस बनर्जी
आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट पर पश्चिम बंगाल चुनाव के पहले चरण में 23 अप्रैल 2026 को मतदान होगा. यह सीट फेज-1 के तहत आने वाली प्रमुख शहरी विधानसभा सीटों में शामिल है, जहां पूरे राज्य के साथ ही यहां भी वोटिंग कराई जाएगी. इस चरण में मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होगा और सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं. नतीजों की घोषणा 4 मई 2026 को होगी. आसनसोल दक्षिण सीट को हाई-वोल्टेज मुकाबलों में गिना जाता है, इसलिए यहां की वोटिंग पर पूरे राज्य की नजरें टिकी रहती हैं.




