किस्से नेताओं के : सुवेंदु चैलेंजर ही बने रहेंगे या ममता का कर देंगे खेला, क्या है गुरु से सियासी दुश्मनी की कहानी?
सुवेंदु अधिकारी और ममता बनर्जी की सियासी टक्कर, नंदीग्राम चुनाव 2021 और “जायंट किलर” बनने की पूरी कहानी पढ़ें, जानें कैसे बदली बंगाल की राजनीति।
पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक ऐसा अध्याय भी है, जहां गुरु-शिष्य का रिश्ता सियासी दुश्मनी में बदल गया. जी हां, मैं वही बता रहा हूं, जो आप समझ रहे हैं. दरअसल, बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के भरोसेमंद और नंदीग्राम के नायक और अहम सहयोगी रहे सुवेंद्र अधिकारी कभी उनकी ताकत माने जाते थे, लेकिन वक्त के साथ यही रिश्ता टकराव में बदल गया. नंदीग्राम की गलियों से शुरू हुई साझेदारी सत्ता के गलियारों तक पहुंची, पर अंदरखाने बढ़ती दूरियों ने इसे तोड़ दिया. आरोप-प्रत्यारोप, विश्वासघात के तंज और खुली चुनौती - सब कुछ इस रिश्ते का हिस्सा बन गया. टीएमसी में अभिषेक बनर्जी का उदय इस विवाद में आग में घी डालने जैसा साबित हुआ. 2021 के चुनाव में यह टकराव चरम पर पहुंचा, जब दोनों आमने-सामने खड़े थे. यह सिर्फ चुनाव नहीं था, बल्कि सम्मान, सत्ता और सियासी वर्चस्व की ऐसी लड़ाई थी, जिसने दोस्ती को दुश्मनी में बदलते पूरे देश को दिखाया.
वैसे तो अभी सुवेंदु अधिकारी कि किसी खास पुस्तक में उनकी राजनीति शैली को लेकर जिक्र नहीं है, लेकिन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर की पुस्तक 'The Paradoxical Prime Minister' के जिस हिस्से में भारतीय राजनीति के बड़े बदलावों का जिक्र है, उसमें पश्चिम बंगाल के राजनीतिक घटनाक्रमों और क्षेत्रीय नेताओं की भूमिका के संदर्भ में नंदीग्राम जैसे आंदोलनों का उल्लेख मिलता है. उसी सेक्शन में सुवेंदु अधिकारी जैसे नेताओं की भूमिका पर चर्चा आती है. हालांकि, थरूर की किताब उन पर केंद्रित नहीं है.
1. सुवेंदु अधिकारी कौन हैं और उनकी राजनीतिक पहचान कैसे बनी?
सुवेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) भारतीय राजनीति के उन नेताओं में गिने जाते हैं, जिन्होंने जमीनी संघर्ष से अपनी पहचान बनाई और बाद में राज्य की सत्ता की राजनीति में एक बड़ा नाम बन गए. पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के कांथी में जन्मे सुवेंदु सियासी परिवार से आते हैं. उनके पिता सिसिरकुमार अधिकारी पहले से ही सक्रिय और प्रभावशाली नेता थे. बचपन से ही उन्होंने राजनीति को नजदीक से देखा, जिससे उनके भीतर नेतृत्व और संगठन की समझ विकसित हुई.
कॉलेज के दिनों में छात्र राजनीति के जरिए उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की. शुरुआत में वे कांग्रेस से जुड़े रहे, लेकिन 1998 में जब टीएमसी का गठन हुआ, तो उन्होंने ममता बनर्जी के नेतृत्व में नई पार्टी का साथ चुना. यहीं से उनकी पहचान एक ऐसे युवा नेता के रूप में बनने लगी जो संगठन को जमीन से खड़ा करना जानता है. धीरे-धीरे उन्होंने ग्रामीण इलाकों में अपनी मजबूत पकड़ बनाई और लोगों के बीच “काम करने वाले नेता” की छवि बनाई, जिसने आगे चलकर उनके राजनीतिक कद को तेजी से बढ़ाया.
2. नंदीग्राम आंदोलन में उनकी भूमिका क्यों अहम मानी जाती है?
बात 2007 की है. सिंगूर में टाटा के नैनो प्रोजेक्ट की शुरुआत हुई. किसानों की जमीन अधिग्रहण करने के खिलाफ टीएमसी ने नंदीग्राम में सिंगूर भूमि अधिग्रहण के खिलाफ आंदोलन चलाया. नंदीग्राम मूवमेंट सुवेंदु के राजनीतिक जीवन का सबसे बड़ा टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ. उस समय राज्य में Communist Party of India (Marxist) के नेतृत्व वाली वाम मोर्चा सरकार नंदीग्राम में इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट के लिए जमीन अधिग्रहण करना चाहती थी, जिसका स्थानीय किसानों ने जोरदार विरोध किया. इस विरोध को संगठित रूप देने और गांव-गांव तक इसे पहुंचाने में सुवेंदु अधिकारी की भूमिका बेहद अहम रही.
उन्होंने न सिर्फ लोगों को एकजुट किया बल्कि आंदोलन को एक मजबूत जनआंदोलन में बदल दिया. इस दौरान हिंसा और पुलिस फायरिंग की घटनाएं भी हुईं, जिसने पूरे देश का ध्यान इस मुद्दे की ओर खींचा. नंदीग्राम आंदोलन ने पश्चिम बंगाल की राजनीति की दिशा ही बदल दी और वामपंथी सरकार की पकड़ कमजोर कर दी. ममता बनर्जी ने इस आंदोलन को राजनीतिक स्तर पर आगे बढ़ाया, लेकिन जमीनी स्तर पर इसकी रीढ़ सुवेंदु अधिकारी ही थे. यही वह क्षण था जब वे एक स्थानीय नेता से राज्य स्तरीय नेता के रूप में स्थापित हो गए.
3. TMC में सुवेंदु अधिकारी का उदय कैसे हुआ?
नंदीग्राम आंदोलन के बाद सुवेंदु अधिकारी का कद तेजी से बढ़ा. वे टीएमसी के सबसे भरोसेमंद नेताओं में शामिल हो गए. साल 2009 में वे लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद बने, जिससे उनकी राजनीतिक पहुंच और प्रभाव और मजबूत हुआ. 2011 में जब ममता बनर्जी के नेतृत्व में टीएमसी ने ऐतिहासिक जीत हासिल कर पश्चिम बंगाल में सरकार बनाई, तो सुवेंदु को मंत्री बनाया गया.
4. मेदिनीपुर क्यों कहलाया 'अधिकारी गढ़'?
उन्होंने अपने क्षेत्र पूर्व मेदिनीपुर में मजबूत संगठन खड़ा किया, जहां उनका प्रभाव इतना बढ़ गया कि इलाके को “अधिकारी गढ़” कहा जाने लगा. उनकी छवि एक ऐसे नेता की थी जो जनता के बीच रहता है, समस्याओं को समझता है और उन्हें हल कराने के लिए सक्रिय रहता है. यही कारण था कि वे पार्टी के भीतर भी एक मजबूत और स्वतंत्र शक्ति केंद्र के रूप में उभरे. हालांकि यही ताकत आगे चलकर उनके और पार्टी नेतृत्व के बीच दूरी का कारण भी बनी.
5. ममता बनर्जी से उनका टकराव क्यों हुआ?
समय के साथ तृणमूल कांग्रेस के भीतर शक्ति संतुलन बदलने लगा और ममता बनर्जी के बाद अभिषेक बनर्जी का प्रभाव बढ़ने लगा. पार्टी के फैसले सीमित लोगों के बीच होने लगे, जिससे सुवेंदु अधिकारी को लगने लगा कि उनकी भूमिका और महत्व कम किया जा रहा है. धीरे-धीरे यह असंतोष खुलकर सामने आने लगा और ममता बनर्जी के साथ उनके रिश्तों में खटास आ गई. यह टकराव सिर्फ राजनीतिक नहीं बल्कि व्यक्तिगत भी होता गया, क्योंकि सुवेंदु खुद को उस आंदोलन का अहम चेहरा मानते थे, जिसने टीएमसी को सत्ता तक पहुंचाया. आखिर 2020 में उन्होंने टीएमसी छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया. यह फैसला पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव लेकर आया, क्योंकि यह सीधे तौर पर ममता बनर्जी के खिलाफ खुली चुनौती थी. इस कदम ने राज्य की राजनीति को दो ध्रुवों में बांट दिया और आगामी चुनाव को और भी दिलचस्प बना दिया.
6. 2021 का नंदीग्राम चुनाव इतना खास क्यों?
बंगाल विधानसभा चुनाव 2021 भारतीय राजनीति के सबसे चर्चित मुकाबलों में से एक बन गया. खासकर नंदीग्राम सीट पर हुए मुकाबले के कारण. यहां सुवेंद्र अधिकारी और ममता बनर्जी आमने-सामने थे. राजनीति का खेल यही होता है. जिस ममता ने सुवेंदु को अंगुली पकड़ चलना सिखाया, वहीं सुवेंद्र बंगाल की राजनीति में इतने मजबूत हो गए कि उनकी ममता से लड़ाई, गुरु और शिष्य के रिश्ते से हटकर व्यक्तिगत प्रतिष्ठा का सवाल बन गई.
7. ममता ने सुवेंदु को गद्दार क्यों कहा?
चुनाव प्रचार के दौरान आरोप-प्रत्यारोप, रैलियां और भावनात्मक अपील अपने चरम पर थीं. ममता बनर्जी ने सुवेंदु को “गद्दार” कहा, जबकि सुवेंदु ने ममता पर अपने मूल सिद्धांतों से भटकने का आरोप लगाया. नंदीग्राम सिर्फ एक विधानसभा सीट नहीं रह गई थी, बल्कि यह पूरे राज्य की राजनीति का केंद्र बन गई थी. हर नजर इस मुकाबले पर थी, क्योंकि यह तय करना था कि क्या एक शिष्य अपने गुरु को चुनौती देकर उन्हें हरा सकता है. टीएमसी प्रमुख का उन्हें गद्दार कहने के पीछे की वजह भी इसे ही माना गया.
8. सुवेंदु अधिकारी “जायंट किलर” कैसे बने?
जब 2021 के चुनाव नतीजे आए, तो पूरे पश्चिम बंगाल में टीएमसी ने बड़ी जीत हासिल की और ममता बनर्जी एक बार फिर मुख्यमंत्री बनीं. लेकिन नंदीग्राम में कहानी अलग थी. यहां Suvendu Adhikari ने ममता बनर्जी को हराकर इतिहास रच दिया. यह जीत इसलिए खास थी, क्योंकि उन्होंने एक मौजूदा मुख्यमंत्री को चुनाव में हराया था, जो भारतीय राजनीति में बहुत कम देखने को मिलता है. इसी वजह से उन्हें “जायंट किलर” कहा जाने लगा. हालांकि, बाद में ममता बनर्जी ने भवानिपुर सीट से उपचुनाव जीतकर विधानसभा में वापसी कर ली, लेकिन नंदीग्राम की हार उनके लिए एक बड़ा प्रतीकात्मक झटका थी. इस जीत ने सुवेंदु को राज्य की राजनीति में एक मजबूत विपक्षी चेहरे के रूप में स्थापित कर दिया और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान दिलाई.
9. आगे सुवेंदु का सियासी फ्यूचर क्या?
सुवेंदु अधिकारी बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और बीजेपी के सबसे बड़े चेहरों में से एक माने जाते हैं. उनकी जमीनी पकड़, आक्रामक राजनीतिक शैली और रणनीतिक सोच उन्हें ममता बनर्जी के सबसे बड़े चुनौतीकर्ताओं में शामिल करती है. वे लगातार राज्य सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरते रहते हैं और अपने संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं.
हालांकि, बीजेपी अभी तक राज्य की सत्ता हासिल नहीं कर पाई है, लेकिन सुवेंदु की मौजूदगी ने पार्टी को एक मजबूत आधार दिया है. आने वाले चुनावों में उनकी भूमिका और भी अहम हो सकती है, खासकर अगर वे अपने प्रभाव को और विस्तार देने में सफल होते हैं. उनकी राजनीतिक यात्रा यह दिखाती है कि संघर्ष, रणनीति और सही समय पर लिए गए फैसले किसी भी नेता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं.
भविष्य में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वे पश्चिम बंगाल की सत्ता तक पहुंचते हैं या एक मजबूत विपक्षी नेता के रूप में ही अपनी पहचान बनाए रखते हैं, लेकिन इतना तय है कि उनकी कहानी अभी खत्म नहीं हुई है.




