Kisse Netaon Ke: जिस CM ने बंगाल बचाने के लिए खेला बड़ा दांव, सिंगूर कांड की कहानी ने उन्हीं को कर दिया बर्बाद
सिंगूर कांड की पूरी कहानी, जहां विकास का सपना राजनीतिक हार में बदल गया. जानिए कैसे एक फैसले ने CM बुद्धदेव भट्टाचार्य की छवि और सत्ता दोनों खत्म कर दी.
पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक समय ऐसा भी था, जब एक शांत, पढ़ाकू और आधुनिक सोच वाला नेता स्टेट के फ्यूचर को नई दिशा देने का सपना देख रहा था. उसका नाम था Buddhadeb Bhattacharjee. वो बंगाल के दादा ज्योति बसु के उत्तराधिकारी के रूप में सीएम बने थे. जब वो सीएम बने, उस समय तक बंगाल अपनी औद्योगिक पहचान खो चुका था, युवा राज्य छोड़ रहे थे और अर्थव्यवस्था ठहराव में थी. इसी ठहराव को तोड़ने के लिए उन्होंने एक बड़ा दांव खेला - उद्योगों को वापस लाने का. लेकिन इतिहास गवाह है, राजनीति में हर बड़ा फैसला सिर्फ नीतियों से नहीं, लोगों की भावनाओं से भी तय होता है.
वहीं, हुआ पूर्व सीएम बुद्धदेव भट्टाचार्य के साथ. सिंगूर… एक छोटा सा कस्बा, अचानक देश की सबसे बड़ी राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया. जहां एक तरफ “विकास” का सपना था, वहीं दूसरी तरफ “जमीन और पहचान” की लड़ाई. और इसी टकराव ने न सिर्फ एक प्रोजेक्ट को खत्म किया, बल्कि एक मुख्यमंत्री की पूरी छवि और 34 साल पुरानी सत्ता को भी जड़ से हिला दिया.
शुतापा पॉल की बुक दीदी : द अनटोल्ड ममता बनर्जी, सुब्रत मुखर्जी की पुस्तक द बंगाली ड्रामा : ममता बनर्जी एंड द फ्यूचर आफ इंडियन पॉलिटिक्स और सुदीप चक्रवर्ती की बुक रेड सन: ट्रेवल्स इन नक्सलाइट सेंचुरी में डिटेल में सिंगूर कांड का जिक्र है. इन पुस्तकों से साथ है बुद्धदेव जहां सिंगूर में टाटा के नैनो प्रोजेक्ट के जरिए बंगाला का फ्यूचर गढ़ने में जुटे थे, वहीं, ममता बनर्जी ने किसानों के हित में ऐसा इमोशनल कार्ड खेला, जिसने पश्चिम बंगाल से लगभग वामपंथ का हमेशा के लिए अंत कर दिया. ऐसा इसलिए कि ममता बनर्जी ने न केवल वामपंथ को 34 साल बाद बंगाल की सत्ता से बेदखल किया, बल्कि 15 साल से लगातार वहां की सीएम बनी हुईं. इस बाद भी टीएमसी की सत्ता में वापसी के चांसेज ज्यादा हैं. हालांकि, बीजेपी ममता दीदी को लगातार सत्ता से बेदखल करने की जीतोड़ कोशिश में जुटी है.
क्या था बंगाल की गिरती अर्थव्यवस्था का दर्द?
1990 के दशक तक आते-आते पश्चिम बंगाल, जो कभी भारत का इंडस्ट्रियल हब माना जाता था, धीरे-धीरे पिछड़ने लगा. हड़तालें, यूनियन विवाद, निवेश की कमी और बंद होती फैक्ट्रियों ने राज्य की छवि को कमजोर कर दिया. आईटी और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में दूसरे राज्य आगे निकल गए. बंगाल के युवा रोजगार की तलाश में बाहर जाने लगे. ऐसे में जब Buddhadeb Bhattacharjee ने सत्ता संभाली, उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती थी, “बंगाल को फिर से खड़ा करना”. उन्होंने साफ समझ लिया था कि अगर उद्योग नहीं आए, तो राज्य का भविष्य और कमजोर हो जाएगा. बस, यही से शुरू होती है, बंगाल में वामपंथ के अंत की कहानी.
सिंगूर ही क्यों चुना गया?
दरअसल, सीएम बुद्धदेव भट्टाचार्य के कहने पर साल 2006 में Tata Group ने अपनी सबसे महत्वाकांक्षी परियोजना (Tata Nano) के लिए जमीन तलाशनी शुरू की. यह सिर्फ एक कार नहीं थी, बल्कि “आम आदमी की कार” का सपना था. सरकार ने सिंगूर को चुना - कोलकाता के करीब, अच्छी कनेक्टिविटी और समतल व उपजाऊ जमीन की वजह से. करीब 997 एकड़ जमीन का अधिग्रहण शुरू हुआ. सरकार का दावा था कि अधिकांश किसानों ने मुआवजा स्वीकार कर लिया है, लेकिन यहीं से कहानी में पहला दरार दिखाई देने लगा.
ये भी पढ़ें :किस्से नेताओं के: Humayun Kabir - किंगमेकर या वोटकटवा? बंगाली राजनीति की नई कहानी क्या?
किसानों का विरोध क्यों भड़का?
कुछ किसानों ने साफ मना कर दिया - “हम अपनी जमीन नहीं देंगे”. उनका तर्क सीधा था - पैसा खत्म हो सकता है, लेकिन जमीन जीवनभर का सहारा है. यह सिर्फ खेती नहीं थी, बल्कि पहचान, सुरक्षा और पीढ़ियों की विरासत थी. धीरे-धीरे यह असहमति आंदोलन में बदलने लगी. छोटे विरोध बड़े धरनों में बदल गए और सिंगूर राष्ट्रीय सुर्खियों में आ गया.
ममता बनर्जी की एंट्री ने क्या बदल दिया?
यहीं पर एंट्री होती है - Mamata Banerjee की. उन्होंने इस मुद्दे को सिर्फ जमीन विवाद नहीं रहने दिया, बल्कि इसे “जनता बनाम सरकार” की लड़ाई बना दिया. दिसंबर 2006 में उनका लंबा अनशन और “मां, माटी, मानुष” का नारा पूरे आंदोलन का चेहरा बन गया. उन्होंने किसानों की आवाज को राजनीतिक ताकत दी और आंदोलन को राज्यव्यापी बना दिया. और यहीं से सत्ता की जमीन खिसकनी शुरू हो गई.
क्या यह विकास बनाम भावना की लड़ाई थी?
सिंगूर की सबसे बड़ी सच्चाई यही थी - एक तरफ सरकार का तर्क: “उद्योग आएंगे तो रोजगार बढ़ेगा”, और दूसरी तरफ जनता की भावना: “जमीन जाएगी तो जीवन खत्म हो जाएगा”. सीएम बुद्धदेव के पास डेटा, प्लान और विजन था, लेकिन ममता बनर्जी के पास भावना, जुड़ाव और जनसमर्थन था. और राजनीति में भावना अक्सर तर्क पर भारी पड़ती है.
टकराव इतना बड़ा कैसे बन गया?
साल 2007 से 8 तक सिंगूर “संघर्ष का प्रतीक” बन चुका था. हर दिन प्रदर्शन, पुलिस की तैनाती और राजनीतिक बयानबाजी देखने को मिल रही थी. मीडिया कवरेज ने इसे राष्ट्रीय मुद्दा बना दिया. सरकार के सामने दुविधा थी - पीछे हटें तो विकास का एजेंडा खत्म, आगे बढ़ें तो विरोध और तेज. यहीं उनकी रणनीति कमजोर पड़ने लगी.
TATA का सिंगूर छोड़ना कितना बड़ा झटका था?
अक्टूबर 2008 में Tata Group ने ऐलान किया - “हम सिंगूर छोड़ रहे हैं”. Tata Nano प्रोजेक्ट वहां के तत्कालीन सीएम मोदी के अनुरोध पर गुजरात के साणंद चला गया. यह सिर्फ एक फैक्ट्री का जाना नहीं था, बल्कि राज्य की औद्योगिक उम्मीद का टूटना, सरकार की विश्वसनीयता पर सवाल और एक बड़ी राजनीतिक हार का प्रतीक बन गया.
2011 चुनाव में क्या हुआ?
सिंगूर और नंदीग्राम की घटनाओं ने जनता के मन में सरकार के खिलाफ माहौल बना दिया. 2011 के विधानसभा चुनाव आए और नतीजे लगभग तय थे. ममता बनर्जी की ऐतिहासिक जीत हुई, 34 साल पुरानी वाम सरकार का अंत हुआ और बुद्धदेव भट्टाचार्य को हार का सामना करना पड़ा. यह सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं था, बल्कि एक युग का अंत था.
बुद्धदेव भट्टाचार्य की छवि क्यों टूट गई?
सिंगूर से पहले उनकी छवि आधुनिक, प्रगतिशील और विकासवादी नेता की थी, लेकिन सिंगूर के बाद उनकी पहचान “किसानों की जमीन लेने वाली सरकार” के रूप में बनने लगी. यही छवि बदलाव उनकी सबसे बड़ी राजनीतिक हार बन गया. कहा जाता है कि राजनीति में नीतियों से ज्यादा धारणा असर डालती है, और यही उनके साथ हुआ.
सिंगूर से क्या बड़ा सबक मिला?
सिंगूर सिर्फ एक नैनो कार के प्रोजेक्ट की कहानी नहीं है, बल्कि यह राजनीति और समाज का आईना है. विकास जरूरी है, लेकिन संवाद उससे भी ज्यादा जरूरी है. नीति सही हो सकती है, लेकिन प्रक्रिया गलत हो जाए तो सब कुछ बिगड़ जाता है. जनता को साथ लिए बिना कोई भी बड़ा फैसला टिक नहीं सकता. यही वह सबक है, जो हर सरकार के लिए आज भी उतना ही प्रासंगिक है.
सिंगूर तो गुजरात के साणंद चला गया, लेकिन बंगाल के लिए एक सवाल छोड़ गया. क्या Buddhadeb Bhattacharjee सही थे, लेकिन समय गलत था? या फिर यह एक ऐसा फैसला था, जिसने उनके पूरे करियर ही नहीं, कम्युनिस्ट पार्टी के भविष्य को भी खत्म कर दिया?
“सिंगूर सिर्फ एक जमीन नहीं था… यह वह मोड़ था, जहां विकास और भावना टकराए और इस टकराव में एक नेता की छवि, एक सरकार की सत्ता और एक युग का हमेशा के लिए बदल गए.”




