दरभंगा में केरल स्टोरी 2, प्रेम जाल में फंसाकर मौत, दूसरी लड़की गायब और तीसरी का किया सौदा, एक जिले से तीन खौफनाक केस
बिहार के दरभंगा से सामने आए तीन नाबालिग लड़कियों के मामलों ने इलाके में सनसनी फैला दी है. कहीं प्रेम जाल में फंसाकर मौत, कहीं गायब होने और कहीं तस्करी के आरोप है. एक ही जिले से जुड़े ये केस सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं.
बिहार के दरभंगा जिले से सामने आए तीन अलग-अलग मामलों ने पूरे इलाके में चिंता बढ़ा दी है. इन घटनाओं में नाबालिग लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाने, गायब होने और कथित तौर पर तस्करी जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं. एक ही जिले से जुड़े ये केस यह संकेत देते हैं कि जमीनी स्तर पर हालात कितने संवेदनशील हो सकते हैं.
अमर उजाला की रिपोर्ट के अनुसार, एक लड़की संदिग्ध हालात में मृत पाई गई, दूसरी अब तक लापता है और तीसरी को पुलिस ने दूसरे राज्य से बरामद किया. इन मामलों ने परिवारों के साथ-साथ प्रशासन के सामने भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
प्रेम जाल और संदिग्ध मौत
पहले मामले में एक नाबालिग लड़की को एक युवक ने अपने प्रेम जाल में फंसाया. उसे बेहतर जिंदगी का सपना दिखाकर घर से दूर ले जाया गया. कुछ समय बाद लड़की उसी युवक के घर रहने लगी, जिसे उसने अपना ठिकाना मान लिया. परिवार के अनुसार, बाद में उस पर धर्म बदलने का दबाव बनाया गया. इसी बीच अचानक लड़की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकी मिली. इस घटना के बाद परिवार न्याय की मांग कर रहा है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की बात कह रहा है.
धमकी और लापता लड़की
दूसरे मामले में एक अन्य नाबालिग लड़की को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया. जब परिवार ने विरोध किया, तो आरोप है कि संबंधित युवक ने सोशल मीडिया के जरिए धमकियां दीं. परिजनों का कहना है कि पुलिस से मदद न मिलने पर उन्हें अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा. कोर्ट के निर्देश पर कार्रवाई भी हुई, लेकिन अब तक लड़की का कोई सुराग नहीं मिला है. आरोपी अब भी पकड़ से बाहर बताया जा रहा है, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है.
नाबालिग लड़की को पहुंचाया रेड लाइट एरिया
तीसरा मामला और भी गंभीर है, जिसमें एक नाबालिग लड़की को कथित तौर पर एक परिचित लड़की ने बहला-फुसलाकर गायब किया. बाद में पता चला कि उसे अलग-अलग जगहों पर ले जाया गया और बेचने की कोशिश की गई. जानकारी के अनुसार, लड़की को बिहार के अलग-अलग शहरों से होते हुए पश्चिम बंगाल के एक रेड लाइट एरिया तक पहुंचा दिया गया. सौभाग्य से वहां पुलिस की कार्रवाई के दौरान उसे बरामद कर लिया गया और सुरक्षित घर लाया गया. इस मामले में कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, लेकिन पूरे नेटवर्क का खुलासा अभी बाकी है.




