पुलिसवाले ही बने iPhone चोर, चोरी करते हुए वीडियो वायरल; सोशल पर यूजर्स ने लगाई क्लास
जौनपुर में 2 पुलिसवालों का iPhone चोरी करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. जिसके बाद दोनों पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है.;
Jaunpur policemen iPhone theft
(Image Source: X/ @SachinGuptaUP )जौनपुर जिले में पुलिस विभाग की छवि को धक्का पहुंचाने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां दो पुलिसकर्मियों पर मोबाइल शॉप से आईफोन चोरी करने का आरोप लगा है. घटना का तरीका इतना हैरान करने वाला है कि मामला सामने आते ही विभाग में हड़कंप मच गया.
बताया जा रहा है कि दोनों पुलिसकर्मी एक मोबाइल दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंचे थे. उन्होंने पहले महंगे आईफोन देखने की इच्छा जताई और फिर मौका पाकर कथित रूप से मोबाइल बदलकर वहां से निकल गए. मामले की जानकारी होते ही विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को सस्पेंड कर दिया है.
कैसे दिया चोरी को अंजाम?
दोनों पुलिसकर्मी दुकान पर पहुंचे और आईफोन देखने लगे. इसी दौरान उन्होंने एक आईफोन को डिब्बे से निकालकर चुपचाप लैपटॉप की स्क्रीन के पीछे रख दिया. इसके बाद अपनी जेब से पुराना मोबाइल निकालकर उसे आईफोन के स्थान पर रख दिया और दुकान में मौजूद लड़की को वही फोन वापस कर दिया. दुकान संचालक को जब शक हुआ और जांच की गई तो पूरा मामला सामने आया. इसके बाद संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई.
आरोपी पुलिसकर्मी कौन?
इस मामले में जिन दो पुलिसकर्मियों के नाम सामने आए हैं, वे धनंजय बिंद और मिथिलेश यादव बताए जा रहे हैं. दोनों पर मोबाइल की अदला-बदली कर आईफोन चोरी करने का आरोप है. घटना की पुष्टि होने के बाद पुलिस विभाग ने सख्त रुख अपनाया. आरोपी पुलिसकर्मी धनंजय बिंद और मिथिलेश यादव को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है.
सोशल पर क्या बोले यूजर्स?
वीडियो सामने आने के बाद एक यूजर ने कमेंट करके लिखा 'भाई, इसे 'चोरी' नहीं कहते, इसे पुलिसिया भाषा में 'ओल्ड मोबाइल एक्सचेंज प्रोग्राम' कहते हैं! बस फर्क इतना है कि इसमें डिस्काउंट 100% था और बिना बताए लिया गया था. बेचारे आईफोन का मोह नहीं त्याग पाए.'
दूसरे यूजर ने लिखा 'क्या-क्या दिन देखना पड़ रहा है जब पुलिस ही चोरी करने लगे.' तीसरे यूजर ने लिखा 'हमें तो लगता था कि पुलिस चोरों को ढूंढ़ती है, ये नहीं पता था कि पुलिस चोरी भी करती है.'