ग्रेटर नोएडा में कुत्तों का आतंक! पूर्व रक्षा अधिकारी को 13 जगह काटा, दर्दनाक तस्वीर आई सामने

ग्रेटर नोएडा के दनकौर इलाके में आवारा कुत्ते के हमले में पूर्व रक्षा मंत्रालय अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए, उनके शरीर पर 13 जगह काटने के निशान मिले. घटना के बाद सोसायटी में दहशत फैल गई है और स्थानीय लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

By :  मोहम्मद रज़ा
Updated On : 3 April 2026 8:38 PM IST

ग्रेटर नोएडा से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने शहर में बढ़ते आवारा कुत्तों के खतरे को एक बार फिर उजागर कर दिया है. दनकौर थाना क्षेत्र में एक आवारा कुत्ते ने रक्षा मंत्रालय के पूर्व अधिकारी पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर और गुस्सा दोनों बढ़ गया है.

बताया जा रहा है कि पीड़ित अधिकारी अपने परिवार के साथ सोसायटी में टहल रहे थे, तभी अचानक कुत्ते ने हमला कर दिया. इस हमले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अधिकारी के शरीर पर 13 जगह काटने के निशान मिले हैं. फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है

कौन है हमले का शिकार हुए अधिकारी?

घायल अधिकारी की पहचान डॉ. दीर्घ नारायण के रूप में हुई है. उन्होंने खुद बताया कि वह 1977 बैच के सिविल सेवा अधिकारी रह चुके हैं और करीब 27 साल तक रक्षा मंत्रालय में अलग-अलग अहम पदों पर काम कर चुके हैं. करीब दो महीने पहले ही वह अपनी पत्नी के साथ दनकौर स्थित अजनारा पनोरमा सोसायटी में रहने आए थे.

घटना कैसे हुई और क्या बताया पीड़ित ने?

पीड़ित के मुताबिक, शुक्रवार को वह अपनी पत्नी के साथ सोसायटी परिसर में टहल रहे थे. इसी दौरान अचानक एक आवारा कुत्ता उन पर टूट पड़ा. उन्होंने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन कुत्ता लगातार काटता रहा. उन्होंने बचने की कोशिश की, लेकिन कुत्ता लगातार काटता रहा.” जब उनकी पत्नी ने शोर मचाया, तब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्ते को भगाया. इसके बाद घायल हालत में उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया.

सोसायटी में पहले से थी कुत्तों की समस्या?

डॉ. दीर्घ नारायण के अनुसार, सोसायटी में करीब 50 परिवार रहते हैं और यहां लंबे समय से आवारा कुत्तों की समस्या बनी हुई है. इसको लेकर कई बार यमुना प्राधिकरण से शिकायत भी की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि लगातार खतरा बढ़ता जा रहा है.

लोगों में डर क्यों बढ़ गया है?

इस घटना के बाद सोसायटी के लोगों में डर का माहौल है. बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर खास चिंता जताई जा रही है. स्थानीय लोगों ने थाना दनकौर पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बावजूद आवारा कुत्तों को पकड़ने और उन्हें शेल्टर होम भेजने की व्यवस्था सही तरीके से लागू नहीं हो रही है.

Similar News