अवैध संबंध खत्म करने चली थी शादीशुदा महिला. हाथ में था गंगाजल; फिर क्यों सिरफिरे आशिक ने काट दिया गला?
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां कथित अवैध संबंधों के विवाद ने एक महिला की जान ले ली. बांसगांव थाना क्षेत्र में हुई इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.
SP साउथ दिनेश कुमार
(Image Source: X/ @Shahnawazreport )उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां कथित अवैध संबंधों के विवाद ने एक महिला की जान ले ली. बांसगांव थाना क्षेत्र में हुई इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. बताया जा रहा है कि गंगाजल की कसम खाकर रिश्ते खत्म करने की कोशिश के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने महिला पर जानलेवा हमला कर दिया. इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है.
कैसे भड़का विवाद?
मृतका खुशबू गौतम और आरोपी सीताराम गौतम के बीच शादी से पहले से संबंध बताए जा रहे थे, जो विवाह के बाद भी जारी रहे. बदनामी से बचने के लिए दोनों परिवारों ने मिलकर यह तय किया कि गंगाजल हाथ में लेकर इन संबंधों को समाप्त करने की कसम खाई जाएगी लेकिन जब यह प्रक्रिया शुरू हुई, तो खुशबू ने किसी भी संबंध से इनकार कर दिया, जिससे आरोपी बुरी तरह भड़क उठा.
कब किया हमला?
घटना बुधवार रात की है, जब खुशबू अपने घर की छत पर टहल रही थी. इसी दौरान सीताराम सीढ़ियों के रास्ते ऊपर पहुंचा और अचानक धारदार हथियार से उसके गले पर हमला कर दिया. हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला खून से लथपथ हालत में वहीं गिर पड़ी. परिजनों ने तुरंत घायल महिला को अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.
डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया. घटना से नाराज ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और विरोध प्रदर्शन किया. लोगों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की.
क्या बोली पुलिस?
मामले में मृतका के ससुर की तहरीर पर पुलिस ने सीताराम गौतम के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है. SP साउथ दिनेश कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 6 टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. गांव में एहतियातन पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है.