कानपुर में तांत्रिक पूजा के नाम पर बहू से दरिंदगी, कपड़े उतरवाकर शरीर पर लगाई राख; बहू ने बताई खौफनाक सच्चाई
कानपुर में एक बहू ने ससुराल वालों पर तांत्रिक पूजा के नाम पर निर्वस्त्र अनुष्ठान और मारपीट का आरोप लगाया है. मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और अंधविश्वास से जुड़े इस केस ने सनसनी फैला दी है.
कानपुर की नवविवाहित बहू पर तांत्रिक पूजा के नाम पर अमानवीय अत्याचार का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक प्रतिष्ठित और रसूखदार परिवार की बहू ने ससुराल वालों पर मानसिक, शारीरिक प्रताड़ना और गरिमा भंग करने के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. यूपी पुलिस ने मामले पर संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है. शादी के महज दो दिन बाद रात के 12 बजे नई दुल्हन को तांत्रिक पूजा में शामिल होने का आदेश दिया गया. पूजा निर्वस्त्र अवस्था में करनी थी.
आरोप के अनुसार, बहू के कपड़े उतारकर उसके पूरे शरीर पर राख लगाई गई और फिर तांत्रिक अनुष्ठान शुरू कर दिया गया. पीड़िता का कहना है कि उसकी सास हर महीने ऐसी पूजा कराती थीं, क्योंकि उनका मानना था कि परिवार की सारी संपत्ति और धन-दौलत तंत्र-मंत्र और इन तांत्रिक पूजाओं की वजह से ही है.
कोलकाता से आता था फोन
शादी के तुरंत बाद से हर महीने कोलकाता के एक 'बाबा' से वीडियो कॉल पर मार्गदर्शन लिया जाता था. सास बंगाल की रहने वाली हैं और वह खुद हर महीने कोलकाता पूजा के लिए जाती थी. कभी बेटे के साथ तो कभी पति के साथ. जब पीड़िता ने उनके साथ जाने की इच्छा जताई तो सास ने मना कर दिया. बहू ने शुरुआती 3-4 महीने यह सब चुपचाप सहन किया, लेकिन जब सहन की सीमा पार हो गई तो वह अपने मायके चली गई. परिवार ने सुलह-समझौते की कई कोशिशें कीं, लेकिन 15 महीने की लंबी कवायद के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला. अंत में पीड़िता ने कानूनी रास्ता अपनाया और पूरे मामले को पुलिस के सामने रख दिया.
छलका बहू का दर्द
पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी अरेंज मैरिज थी. शादी के दो दिन बाद ही पूजा में बैठने को कहा गया. पहले उसे लगा कि यह सामान्य घरेलू पूजा होगी, जैसी शादी के बाद अक्सर होती है, लेकिन फिर पता चला कि अनुष्ठान रात में 12 बजे होगा, जो उसे अजीब लगा. उसे पूजा में बिना कपड़ों के बैठने को मजबूर किया गया. यह पूजा महीने में एक बार होती थी, जिसे कोलकाता का तांत्रिक वीडियो कॉल के जरिए कराता था. विरोध करने पर परिवार वालों ने उसे पीटा और मारपीट की.
पति ने साथ देने से किया इंकार
ससुर ने भी फिजिकल असॉल्ट किया. पीड़िता का कहना है कि मारपीट के दौरान जब उसने अपने पति से मदद मांगी, तो पति ने साफ इंकार कर दिया और कहा, 'तुम्हें वही करना होगा जो मम्मी-पापा चाहते हैं.' तंग आकर पीड़िता ने अपने घरवालों को सारी सच्चाई बताई, जिसके बाद ससुराल पक्ष के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई. यह मामला अंधविश्वास, पाखंड और महिला गरिमा के हनन की गहरी समस्या को उजागर करता है, जो आज भी कुछ संपन्न परिवारों में मौजूद है. पुलिस अब आरोपी परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच की जा रही है. दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है.




