IND Vs PAK: भारत और पाकिस्तान के महामुकाबले में इन 11 खिलाड़ियों पर रहेगी नजर, फॉर्म में आए तो पलट सकते हैं मैच का पासा
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप A का हाई-वोल्टेज मुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा. दोनों टीमों के कई मैच विनर खिलाड़ी इस मुकाबले को रोमांचक बना सकते हैं.;
एशिया कप में भारत-पाक मैच की तस्वीरें
(Image Source: ANI )India vs Pakistan, T20 World Cup 2026: टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को महामुकाबला खेला जाएगा. कोलंबो की स्पिन फ्रेंडली पिच पर होने वाले इस मुकाबले पर पूरी दुनिया के क्रिकेट प्रेमियों की नजर टिकी हुई है. अब तक विश्व कप में दोनों टीमों के बीच 8 मुकाबले हुए हैं, जिनमें से भारत ने 7 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को महज एक मैच में जीत नसीब हुई.
भारत-पाक मैच में कुछ खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर सभी की निगाहें टिकी होंगी. ये खिलाड़ी ऐसे हैं, जो फॉर्म में होने पर मैच का पासा पलट सकते हैं. आइए, दोनों टीमों के ऐसे ही कुछ खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं...
इमेज क्रेडिट- ANI
1- अभिषेक शर्मा
भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पर सभी की निगाहें टिकी होंगी. वे इस समय दुनिया के सबसे विस्फोटक बल्लेबाज हैं. हालाकि, अभिषेक यूएसए के खिलाफ पहले मैच में बिना खाता खोले आउट हो गए थे. फिर भी वे जब फॉर्म में होते हैं तो टीम 300 के स्कोर की तरफ बढ़ती हुई दिखाई देती है. अभिषेक अगर पाकिस्तान के खिलाफ 6 ओवर तक टिके रहे तो भारत की जीत की राह आसान हो जाएगी.
अभिषेक शर्मा (इमेज क्रेडिट- ANI)
2- साहिबजादा फरहान
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान इस समय बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं. उन्होंने यूएसए के खिलाफ 41 गेंद में 73 रन जड़ दिए थे, जिनमें 5 छक्के और 6 चौके शामिल रहे. इसके पहले, नीदरलैंड के खिलाफ हुए मैच में भी उन्होंने 31 गेंद में 47 रन बनाए थे, जिसमें 2 छक्के और 4 चौके शामिल रहे. अगर फरहान इसी फॉर्म में रहें तो भारत के लिए दिक्कतें पैदा कर सकते हैं. उन्होंने एशिया कप में जसप्रीत बुमराह की गेंदों को भी गगनचुंबी छक्कों के लिए भेजा था.
साहिबजादा फरहान (इमेज क्रेडिट-ANI)
3- ईशान किशन
ईशान किशन ने नामीबिया के खिलाफ महज 20 गेंद में फिफ्टी जड़कर विश्व कप में अपने सेलेक्शन को सही साबित किया. उन्होंने 24 गेंद में 5 छक्के और 6 चौके लगाते हुए 61 रन बनाए. इसके पहले, किशन ने यूएसए के खिलाफ भी 16 गेंद में 20 रन बनाए थे. इस मैच में उन पर विशेष निगाहें होंगी.
Ishan Kishan (Image Credit- BCCI)
4- बाबर आजम
पाकिस्तान के सबसे अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम नामीबिया के खिलाफ अपने पुराने रंग में नजर आए. उन्होंने 32 गेंद में 1 छक्का और 4 चौके लगाते हुए 46 रन बनाए. कोलंबो की पिच पर पाकिस्तानी टीम को उनसे फिर से ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद होगी.
5- सूर्यकुमार यादव
सूर्यकुमार यादव ने यूएसए के खिलाफ 49 गेंद में 4 छक्के और 10 चौके जड़ते हुए नाबाद 84 रन बनाए. उनकी पारी ने टीम को 77 रन पर 6 विकेट से 9 विकेट पर 161 रन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैंच चुना गया. हालांकि, सूर्या नामीबिया के खिलाफ अपनी फॉर्म को बरकरार नहीं रख पाए. वे 13 गेंद में 1 छक्के की मदद से 12 रन बनाकर आउट हुए. इसके बावजूद सूर्या अपना दिन होने पर किसी भी टीम के गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ा सकते हैं. पाकिस्तान के खिलाफ मैच में उनसे आक्रामक पारी की उम्मीद होगी.
Suryakumar Yadav (Image Credit- BCCI)
6- शाहीन अफरीदी
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी पावरप्ले में विपक्षी टीम के विकेट चटकाने के लिए मशहूर हैं. पाकिस्तान को भारत के खिलाफ टी-20 वर्ल्ड कप में मिली जीत में उन्होंने 3 विकेट लिए थे. अगर शुरुआत में ही शाहीन अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव का विकेट लेने में कामयाब हो जाते हैं तो मुकाबला पाकिस्तान के पक्ष में झुक सकता है.
Shaheen Afridi (Image Credit- ANI)
7- वरुण चक्रवर्ती
मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने नामीबिया के खिलाफ 2 ओवर में महज 7 रन देकर विकेट चटकाए थे. यूएसए के खिलाफ भी उन्होंने 4 ओवर में 24 रन देकर 1 विकेट लिए थे. ऐसे में उनसे इस मैच में भी बढ़िया गेंदबाजी करने की उम्मीद है.
8- शादाब खान
शादाब खान इस समय बल्ले और गेंद, दोनों से शानदार फॉर्म में हैं. उन्होंने यूएसए के खिलाफ 12 गेंद में 30 रन बनाने के अलावा गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट भी चटकाए थे. ऐसे में उनसे टीम को इस मैच में भी बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद होगी.
9- हार्दिक पांड्या
हार्दिक पांड्या नामीबिया के खिलाफ हुए मैच में प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे. उन्होंने 28 गेंद में 4 छक्के और 4 चौके लगाते हुए 52 रन बनाने के साथ ही 4 ओवर में 21 रन देकर 2 विकेट लिए थे. ऐसे में उनसे इस मुकाबले में भी मैच विनिंग प्रदर्शन की उम्मीद है.
हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह ( इमेज क्रेडिट- BCCI)
10- जसप्रीत बुमराह
जसप्रीत बुमराह भारत की गेंदबाजी की धार हैं. वे अपने सटीक यॉर्कर के लिए जाने जाते हैं. बुमराह डेथ ओवर्स में विपक्षी टीम के विकेट चटकाने और उस पर दबाव बनाने के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने नामीबिया के खिलाफ 20 रन देकर 1 विकेट चटकाए थे, जबकि यूएसए के खिलाफ मैच में वे प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं थे.
Jasprit Bumrah (Image Credit- ANI)
11- उस्मान तारिक
उस्मान तारिक अपने अनोखे एक्शन के लिए जाने जाते हैं. यूएसए के खिलाफ उन्होंने 4 ओवर में 27 रन देकर केवल 3 विकेट चटकाए थे. भारत के खिलाफ मैच में उन पर खास नजर होगी. उन्हें पाकिस्तान का तुरुप का इक्का कहा जा रहा है.
उस्मान तारिक ( इमेज क्रेडिट- ICC)
इसके अलावा, सैम अयूब, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, तिलक वर्मा और अक्षर पटेल जैसे खिलाड़ियों पर भी खास निगाहें होंगी. ये खिलाड़ी अपना दिन होने पर विपक्षी टीम के हौसले को ध्वस्त कर सकते हैं. पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के फाइनल मुकाबले में तिलक की पारी पाक टीम को अभी तक याद होगी.