IND vs PAK: कोलंबो की स्पिन फ्रेंडली पिच पर भारत की होगी परीक्षा, बाबर-अफरीदी समेत ये 5 खिलाड़ी बन सकते हैं खतरा
15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले भारत-पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं. आंकड़े भारत के पक्ष में हैं, लेकिन पाकिस्तान को हलके में नहीं लिया जा सकता.
T20 World Cup 2026 India vs Pakistan: भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में टी-20 वर्ल्ड कप का महामुकाबला खेला जाएगा. इस मैच पर दोनों देशों के क्रिकेट फैंस की निगाहें टिकी हुई हैं. आंकड़े भारत के पक्ष में हैं, लेकिन पाकिस्तान की टीम को हल्के में नहीं लिया जा सकता. इसमें कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जो मैच का रुख बदल सकते हैं.
टी-20 वर्ल्ड कप में अब तक भारत और पाकिस्तान के बीच 8 मुकाबले हुए हैं. इनमें से 7 भारत ने जीते हैं, जबकि महज 1 मैच में ही पाकिस्तान को जीत मिली है. ऐसे में कोलंबो की स्पिन फ्रेंडली पिच पर होने वाले इस मुकाबले में पाकिस्तान की टीम पूरी तैयारी के साथ पलटवार करने उतरेगी. आइए, जानते हैं उन 5 खिलाड़ियों के बारे में, जो टीम इंडिया को परेशान कर सकते हैं.
1- शाहीन अफरीदी
शाहीन अफरीदी तेज गेंदबाज हैं. उनकी स्विंग और स्पीड भारतीय टॉप ऑर्डर को शुरुआत में ही झटका दे सकती है. टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में उन्होंने भारत के खिलाफ 2021 में 3 विकेट लिए थे, जो पाकिस्तान की इकलौती जीत का बड़ा कारण था. हालिया खेली गई सीरीज में (2025-26) उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है. कोलंबो की पिच पर उनकी नई गेंद घातक हो सकती है.
2- साहिबजादा फरहान
साहिबजादा फरहान ओपनर बल्लेबाज हैं. वे टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में हैं. उन्होंने USA के खिलाफ 41 गेंदों पर 73 रन बनाए, जिसमें प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता. वहीं, नीदरलैंड के खिलाफ फरहान ने 31 गेंद में 47 रन बनाए, जिसमें 2 छक्के और 4 चौके शामिल रहे. भारत के खिलाफ उनका रिकॉर्ड शानदार है- 3 मैचों में 155 रन (औसत 51.66, स्ट्राइक रेट 122), जिसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं . उनका आक्रामक अंदाज भारतीय गेंदबाजों को पावरप्ले में चुनौती दे सकता है.
3- बाबर आजम
पाकिस्तान के सबसे अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम भारत के लिए सबसे बड़ी चुनौती हैं. उन्होंने यूएसए के खिलाफ 32 गेंद में 1 छक्का और 4 चौके लगाते हुए 46 रन की शानदार पारी खेली थी. कोलंबो की पिच पर वे एक छोर संभालकर भारतीय टीम के लिए परेशानी का सबब बन सकते हैं. हाल ही में, उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुई घरेलू सीरीज में अंतिम मुकाबले में अर्धशतक जड़कर विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा था. वे अब टी-20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा अर्धशतक बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.
4- उस्मान तारिक
उस्मान तारिक मिस्ट्री स्पिनर हैं. उन्हें पाकिस्तान का 'एक्स-फैक्टर' कहा जा रहा है. उनकी अनोखी एक्शन और वैरिएशंस से भरी गेंदबाजी भारतीय बल्लेबाजों को परेशानी में डाल सकती हैं. हालिया मैचों में उन्होंने USA के खिलाफ 3 विकेट चटकाए. भारत की स्पिन के खिलाफ हालिया कमजोरियां (जैसे नामीबिया मैच में) को देखते हुए, तारिक मिडिल ऑर्डर को तोड़ सकता है, खासकर श्रीलंकाई पिचों पर...
5- अबरार अहमद
अबरार अहमद की लेग-स्पिन और गुगली भारत के बड़े हिटर्स को रोक सकती है. पाकिस्तान की स्पिन यूनिट का हिस्सा होने के नाते, उन्होंने नीदरलैंड्स के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया. भारत की मिडिल ऑर्डर स्पिन के खिलाफ संघर्ष कर रही है और अबरार जैसे मिस्ट्री स्पिनर टूर्नामेंट में पाकिस्तान की ताकत हैं.
ये खिलाड़ी पाकिस्तान की हालिया जीतों (नीदरलैंड्स और USA के खिलाफ) का बड़ा हिस्सा रहे हैं. पाक की स्पिन-हेवी अटैक भारत की कमजोरियों को टारगेट कर सकता है.





