IND vs PAK: वे 5 यादगार मैच जब भारत ने पाकिस्तान को रुलाया, आजतक नहीं भूल पाए फैंस
भारत और पाकिस्तान के बीच वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में कई ऐसे मुकाबले खेले गए हैं. जिनको टीम इंडिया ने जीतकर फैंस के लिए यादगार बना दिया.
IND vs PAK
India vs Pakistan Match: भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबला सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि भावनाओं, इतिहास और प्रतिष्ठा की टक्कर माना जाता है. जब भी ये दोनों टीमें मैदान पर उतरती हैं, तो दुनिया भर के करोड़ों फैंस की धड़कनें तेज हो जाती हैं. सालों में कई ऐसे मुकाबले हुए हैं, जिन्होंने इस प्रतिद्वंद्विता को और भी ऐतिहासिक बना दिया. अब 15 फरवरी को एकबार फिर से भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का मुकाबला देखने को मिलेगा.
टीम इंडिया ने कई बड़े टूर्नामेंट्स में पाकिस्तान को ऐसे मौकों पर हराया है, जब दांव सबसे ऊंचा था. कभी आखिरी ओवर के रोमांच ने इतिहास रचा, तो कभी एकतरफा जीत ने विरोधी टीम को बैकफुट पर धकेल दिया. आइए नजर डालते हैं भारत-पाकिस्तान के पांच सबसे यादगार मुकाबलों पर, जिन्होंने क्रिकेट इतिहास में सुनहरे अक्षरों से जगह बनाई.
1. 2007 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल
साउथ अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में खेले गए पहले टी20 विश्व कप के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया. मैच का सबसे बड़ा मोड़ आखिरी ओवर में आया, जब मिस्बाह-उल-हक का विकेट गिरा और पाकिस्तान की उम्मीदें टूट गईं. यह जीत भारत के टी20 युग की शुरुआत का प्रतीक बनी.
2. 2011 वनडे वर्ल्ड कप सेमीफाइनल
मोहाली में खेले गए विश्व कप सेमीफाइनल में पूरा देश टकटकी लगाए बैठा था. सचिन तेंदुलकर ने 85 रनों की अहम पारी खेलकर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 29 रनों से हराया. इस जीत ने भारत को फाइनल का टिकट दिलाया और टूर्नामेंट में मनोबल ऊंचा किया.
3. 1996 वर्ल्ड कप क्वार्टर फाइनल
बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में वेंकटेश प्रसाद और आमिर सोहेल के बीच की टक्कर आज भी याद की जाती है. सोहेल के आक्रामक शॉट के बाद प्रसाद ने अगली ही गेंद पर उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया. यह पल भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे यादगार पलों में गिना जाता है. भारत ने यह मुकाबला जीतकर पाकिस्तान को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया.
ये भी पढ़ें :T20 WC 2026: कोलंबो में संकट के 'बादल', तो क्या इस वजह से रद्द हो जाएगा IND vs PAK मैच?
4. 2022 टी20 वर्ल्ड कप
मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में भारत की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम 31/4 के स्कोर पर संघर्ष कर रही थी. ऐसे मुश्किल समय में विराट कोहली ने नाबाद 82 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली. आखिरी गेंद तक चले रोमांच में भारत ने यादगार जीत दर्ज की. विराट कोहली की इस यादगार पारी को आजतक कोई नहीं भूल पाया है.
5. 2023 एशिया कप
कोलंबो में खेले गए एशिया कप मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 228 रनों के विशाल अंतर से हराया. विराट कोहली और केएल राहुल के शानदार शतक और कुलदीप यादव के पांच विकेट इस जीत के नायक रहे. यह मुकाबला भारत-पाक इतिहास की सबसे बड़ी जीतों में दर्ज हो गया.





